UP: दलित महिला से अश्लीलता और निर्वस्त्र करने की कोशिश, पति पर लोहे की रॉड से हमला; नौ लोगों पर मुकदमा दर्ज

भदोही के बड़ी बाग में 30 सितंबर की रात हुई वारदात में पुलिस अधीक्षक के हस्तक्षेप के बाद बीएनएस और एससी/एसटी एक्ट के तहत 9 लोगों पर एफआईआर दर्ज; पीड़िता ने स्थानीय पुलिस पर शुरुआत में कार्रवाई न करने का लगाया आरोप।
FIR
FIR
Published on: 

भदोही (उत्तर प्रदेश): उत्तर प्रदेश के भदोही जिले में 22 वर्षीय एक दलित महिला के साथ छेड़छाड़, उसे निर्वस्त्र करने के प्रयास और उसके पति पर गंभीर हमले के मामले में पुलिस ने नौ लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस की ओर से सोमवार को इस कार्रवाई की जानकारी दी गई।

अपर पुलिस अधीक्षक शुभम अग्रवाल ने बताया कि पीड़िता द्वारा पुलिस अधीक्षक अभिनव त्यागी को दी गई शिकायत के बाद रविवार को यह मामला पंजीकृत किया गया। घटना 30 सितंबर की रात करीब 10 बजे की है, जब पांच नामजद और चार अज्ञात व्यक्ति बड़ी बाग क्षेत्र में दंपत्ति के किराए के मकान पर बैनर लगाने के लिए पहुंचे थे।

शिकायत का हवाला देते हुए अपर पुलिस अधीक्षक ने बताया कि आरोपियों ने महिला को अश्लील वीडियो दिखाए, उसके साथ अनुचित व्यवहार किया और रात में अपने साथ चलने को कहा। जब महिला ने इसका विरोध किया, तो आरोपियों ने उसे जातिसूचक गालियां दीं और मारपीट की। आरोप है कि उन्होंने महिला को आंशिक रूप से निर्वस्त्र कर घसीटकर ले जाने का प्रयास भी किया।

शोर सुनकर मौके पर पहुंचे मकान मालिक और आसपास के निवासियों के हस्तक्षेप के बाद महिला को बचाया जा सका।

आरोप है कि उसी रात बाद में जब महिला अपने पति को पूरी आपबीती सुना रही थी, तभी आरोपियों ने पति पर लोहे की रॉड से हमला कर दिया। रॉड का वार उनकी बाईं आंख के पास लगा, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर बेहोश हो गए। अपने पति को बचाने की कोशिश में महिला को भी चोटें आईं।

पीड़िता ने स्थानीय पुलिस की शुरुआती भूमिका पर भी गंभीर आरोप लगाए हैं। महिला का कहना है कि पुलिस ने पहले इस मामले में कोई कार्रवाई नहीं की और उल्टे 12 अक्टूबर को उसके पति के खिलाफ ही शांति भंग का मामला दर्ज कर दिया।

अपर पुलिस अधीक्षक शुभम अग्रवाल ने स्पष्ट किया कि अब आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता और एससी/एसटी एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। उन्होंने बताया कि क्षेत्राधिकारी सुमित त्रिपाठी को इस प्रकरण में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

FIR
सफाई कर्मचारियों की मजदूरी में कटौती पर मद्रास हाईकोर्ट सख्त, चेन्नई कलेक्टर और नगर निगम आयुक्त से मांगा जवाब
FIR
आदिवासी धर्म कोड की मांग तेज, जनगणना 2027 में एकजुट होकर आवाज उठाएगा भील-भिलाला समाज
FIR
गोवा में आदिवासियों की जमीन छीनने का आरोप, CJP ने खोला सरकार के खिलाफ मोर्चा

द मूकनायक की प्रीमियम और चुनिंदा खबरें अब द मूकनायक के न्यूज़ एप्प पर पढ़ें। Google Play Store से न्यूज़ एप्प इंस्टाल करने के लिए यहां क्लिक करें.

द मूकनायक को सब्सक्राइब करें

'द मूकनायक' जनवादी पत्रकारिता करता है. यह संविधान, लोकतंत्र और सामाजिक न्याय पर चलने वाला मीडिया समूह है। अगर आप भी चाहते हैं कि 'द मूकनायक' हमेशा हाशिए पर खड़े लोगों की आवाज बुलंद करता रहे, बेजुबानों की पीड़ा दिखाते रहें तो सब्सक्राइब करें।

यहां सब्सक्राइब करें