
पणजी (गोवा): गोवा में आदिवासी समुदायों की जमीन और उनके संवैधानिक अधिकारों को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के कार्यकर्ता अभिजीत दिपके ने राज्य प्रशासन पर तीखा हमला बोलते हुए आरोप लगाया है कि सरकार आदिवासियों के हक के साथ-साथ उनकी जमीनों को भी छीनने की कोशिश कर रही है।
दिपके का कहना है कि सरकार की मंशा अब किसी से छिपी नहीं है और यह साफ दिखाई दे रहा है कि प्रशासन यहां क्या करने की कोशिश कर रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि करापुर इलाके में गांव वालों की जमीन छीनकर ऐसे बिल्डरों को दी जा रही है, जो मंत्रियों के करीबी बताए जाते हैं।
करापुर के जमीनी हालात का जिक्र करते हुए दिपके ने बताया कि वहां के निवासियों को इलाज के लिए गोवा मेडिकल कॉलेज (GMC) पहुंचने में ही डेढ़ घंटे का समय लग जाता है। उन्होंने गांव के नायक कहे जाने वाले स्थानीय कार्यकर्ता गौरीश गाडी का मुद्दा उठाते हुए कहा कि जनता के हक की आवाज उठाने की कीमत उन्हें भू-माफिया के क्रूर हमले के रूप में चुकानी पड़ी।
हमले में बुरी तरह जख्मी हुए गौरीश गाडी फिलहाल अस्पताल में भर्ती हैं, जिनके सिर में आठ टांके आए हैं और हाथ में फ्रैक्चर है। दिपके ने प्रशासन से उन्हें तत्काल पुलिस सुरक्षा मुहैया कराने की मांग की है। उन्होंने साफ चेतावनी दी कि अगर गाडी पर दोबारा कोई हमला होता है, तो सुरक्षा देने में विफल रहने के लिए राज्य सरकार ही पूरी तरह जिम्मेदार होगी।
दूसरी तरफ, CJP कार्यकर्ता आशुतोष रांका ने गोवा की जमीन निजी पूंजीपतियों को सौंपे जाने की कड़े शब्दों में निंदा करते हुए इसे बेहद शर्मनाक करार दिया। उन्होंने घोषणा की कि CJP गोवा स्थानीय निवासियों के साथ मिलकर आगामी चुनावों से पहले एक 'नागरिक घोषणापत्र' तैयार करेगी।
रांका ने स्पष्ट किया कि भूमि-जोन परिवर्तन से जुड़े विवादास्पद प्रावधान 'धारा 39A' को रद्द करना इस घोषणापत्र के शीर्ष एजेंडे में शामिल होगा। उन्होंने सभी गोवावासियों से अपील की कि वे चुनाव में केवल उन्हीं दलों और नेताओं को वोट दें, जो जनता की मांगों और इस घोषणापत्र पर सहमति जताते हैं। उन्होंने जोर देकर कहा कि जो भी नेता धारा 39A को खत्म करने के लिए तैयार न हो, गोवा के लोगों को उसे वोट नहीं देना चाहिए।
वहीं, CJP कार्यकर्ता सौरव दास ने कहा कि मूलनिवासी आदिवासी समुदायों के अधिकारों का हनन लंबे समय से होता आ रहा है और गोवा भी इससे अछूता नहीं है। उन्होंने बताया कि राज्य के आदिवासी समुदाय आज कई गंभीर समस्याओं से जूझ रहे हैं, जबकि धारा 39A पूरे गोवा के लिए एक बड़ा मुद्दा बन चुकी है।
सौरव दास ने संकल्प दोहराया कि CJP गोवा की टीम अगले दो महीनों के भीतर यह नागरिक घोषणापत्र जारी कर देगी। इसमें धारा 39A के साथ-साथ आदिवासी समुदायों के अधिकारों के उल्लंघन से जुड़े तमाम पहलुओं को शामिल किया जाएगा। उनके मुताबिक, गोवा में जनता से वोट मांगने वाली हर राजनीतिक पार्टी को इस घोषणापत्र की शर्तों को स्वीकार करना होगा।
जाहिर है कि इससे पहले रविवार को कॉकरोच जनता पार्टी के कार्यकर्ता अभिजीत दिपके, सौरव दास, आशुतोष रांका और अजिंक्य शिंदे ने गोवा में 'क्या बोलती पब्लिक' अभियान के शुभारंभ में हिस्सा लिया था। इस मंच से भी उन्होंने भूमि अधिकारों, रोजगार के अवसरों और राज्य की सांस्कृतिक पहचान को बचाए रखने जैसे अहम मुद्दों पर अपनी चिंताएं जाहिर की थीं।
द मूकनायक की प्रीमियम और चुनिंदा खबरें अब द मूकनायक के न्यूज़ एप्प पर पढ़ें। Google Play Store से न्यूज़ एप्प इंस्टाल करने के लिए यहां क्लिक करें.
'द मूकनायक' जनवादी पत्रकारिता करता है. यह संविधान, लोकतंत्र और सामाजिक न्याय पर चलने वाला मीडिया समूह है। अगर आप भी चाहते हैं कि 'द मूकनायक' हमेशा हाशिए पर खड़े लोगों की आवाज बुलंद करता रहे, बेजुबानों की पीड़ा दिखाते रहें तो सब्सक्राइब करें।
यहां सब्सक्राइब करें