
नई दिल्ली: अमेरिका का नेशनल बुक क्रिटिक्स सर्कल (एनबीसीसी) हर साल अंग्रेजी में प्रकाशित बेहतरीन किताबों को छह अलग-अलग श्रेणियों में सम्मानित करता है। इन प्रमुख श्रेणियों में फिक्शन, नॉनफिक्शन, बायोग्राफी, ऑटोबायोग्राफी, पोएट्री और क्रिटिसिज्म शामिल हैं। इस साल मशहूर लेखिका अरुंधति रॉय के संस्मरण 'मदर मैरी कम्स टू मी' ने सर्वश्रेष्ठ आत्मकथा (ऑटोबायोग्राफी) का प्रतिष्ठित पुरस्कार अपने नाम किया है।
इन छह मुख्य श्रेणियों के अलावा, संस्था के सदस्यों की वोटिंग के आधार पर दो और खास पुरस्कार दिए जाते हैं। इनमें किसी भी शैली की पहली बेहतरीन किताब के लिए जॉन लियोनार्ड प्राइज और अमेरिका में अंग्रेजी में अनूदित और प्रकाशित सर्वश्रेष्ठ किताब के लिए ग्रेग बैरियोस बुक इन ट्रांसलेशन प्राइज शामिल है।
यह संस्था उत्कृष्ट समीक्षा के लिए नोना बालाकियन साइटेशन फॉर एक्सीलेंस इन रिव्यूइंग भी प्रदान करती है। वहीं, पुस्तक संस्कृति में परिवर्तनकारी और अभूतपूर्व योगदान देने वाले व्यक्तियों और साहित्यिक संस्थानों को क्रमशः इवान सैंड्रोफ लाइफटाइम अचीवमेंट अवार्ड और टोनी मॉरिसन अचीवमेंट अवार्ड से नवाजा जाता है।
इस साल के विजेताओं की सूची साहित्य जगत की कई बेहतरीन रचनाओं से सजी है। आत्मकथा श्रेणी में अरुंधति रॉय की 'मदर मैरी कम्स टू मी' को सर्वसम्मति से विजेता घोषित किया गया है। बायोग्राफी यानी जीवनी के लिए एलेक्स ग्रीन की किताब 'ए परफेक्ट टर्मोइल: वाल्टर ई फर्नाल्ड एंड द स्ट्रगल टू केयर फॉर अमेरिकाज डिसेबल्ड' को चुना गया है।
क्रिटिसिज्म श्रेणी का पुरस्कार क्विन स्लोबोडियन की 'हायेक्स बास्टर्ड्स: रेस, गोल्ड, आईक्यू, एंड द कैपिटलिज्म ऑफ द फार राइट' (जोन बुक्स) को मिला है। फिक्शन श्रेणी में हान कांग की 'वी डू नॉट पार्ट' ने बाजी मारी है, जिसका कोरियाई भाषा से अंग्रेजी में अनुवाद ई. येवोन और पैगे अनियाह मॉरिस ने किया है।
नॉनफिक्शन श्रेणी में करेन हाओ की किताब 'एम्पायर ऑफ एआई: ड्रीम्स एंड नाइटमेयर्स इन सैम ऑल्टमैन्स ओपनएआई' को सर्वश्रेष्ठ माना गया है। वहीं कविता (पोएट्री) के लिए केविन यंग की रचना 'नाइट वॉच' (नॉफ) को विजेता घोषित किया गया है।
अनुवाद के क्षेत्र में दिया जाने वाला ग्रेग बैरियोस बुक इन ट्रांसलेशन प्राइज नीज सिनो की 'सैड टाइगर' को मिला है, जिसका फ्रेंच से अंग्रेजी अनुवाद नताशा लेहरर ने किया है। किसी भी शैली की पहली बेहतरीन किताब का जॉन लियोनार्ड प्राइज निकोलस बोग्स की नॉनफिक्शन रचना 'बाल्डविन: ए लव स्टोरी' (फरार, स्ट्रॉस एंड गिरौक्स) के खाते में गया है।
अन्य प्रमुख सम्मानों में, एनबीसीसी सर्विस अवार्ड के लिए एलिजाबेथ टेलर को चुना गया है। समीक्षा के क्षेत्र में बेहतरीन काम करने के लिए रोडा फेंग को नोना बालाकियन साइटेशन दिया गया है। इवान सैंड्रोफ लाइफटाइम अचीवमेंट अवार्ड से फ्रांसेस फिट्जेराल्ड को सम्मानित किया गया है, जबकि पीबीएस और एनपीआर ने टोनी मॉरिसन अचीवमेंट अवार्ड अपने नाम किया है।
द मूकनायक की प्रीमियम और चुनिंदा खबरें अब द मूकनायक के न्यूज़ एप्प पर पढ़ें। Google Play Store से न्यूज़ एप्प इंस्टाल करने के लिए यहां क्लिक करें.