सागर यूनिवर्सिटी में पाँच दिन में दो जानलेवा हमले: AISF से जुड़े स्टूडेंट्स को पीटा, ABVP-RSS पर हिंसा के आरोप, जानिए मामला?

संगठन ने विश्वविद्यालय और पुलिस प्रशासन की भूमिका पर भी सवाल उठाए हैं। उनका आरोप है कि पूर्व सूचना दिए जाने के बावजूद सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं किए गए।
सागर यूनिवर्सिटी में पाँच दिन में दो जानलेवा हमले: AISF से जुड़े स्टूडेंट्स को पीटा,  ABVP-RSS पर हिंसा के आरोप, जानिए मामला?
Published on

भोपाल। मध्यप्रदेश के सागर स्थित डॉ. हरि सिंह गौर केंद्रीय विश्वविद्यालय में बीते पाँच दिनों के भीतर हुई दो हिंसक घटनाओं ने परिसर के शैक्षणिक और लोकतांत्रिक माहौल पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। ऑल इंडिया स्टूडेंट्स फेडरेशन (AISF) ने आरोप लगाया है कि उनके कार्यकर्ताओं और छात्रों पर एबीवीपी और आरएसएस से जुड़े लोगों द्वारा सुनियोजित हमले किए गए। संगठन का कहना है कि यह घटनाएँ केवल छात्र राजनीति का टकराव नहीं, बल्कि विश्वविद्यालयों में वैचारिक असहिष्णुता और संगठित हिंसा की खतरनाक प्रवृत्ति का संकेत हैं।

AISF के अनुसार 20 फरवरी को विश्वविद्यालय परिसर स्थित गौर स्तंभ के पास यूनिट सम्मेलन और स्टडी सर्किल का आयोजन किया गया था। इस कार्यक्रम की पूर्व सूचना विश्वविद्यालय प्रशासन और स्थानीय पुलिस को दी गई थी। संगठन का दावा है कि कार्यक्रम के दौरान लगभग 100 से 150 लोगों की भीड़ अचानक वहां पहुंची और छात्रों के साथ मारपीट शुरू कर दी। इस हमले में कई छात्र घायल हुए। आरोप है कि घटना के समय पुलिस मौजूद थी, लेकिन प्रभावी हस्तक्षेप नहीं किया गया, जिससे हमलावरों के हौसले बुलंद हुए।

RSS- ABVP के कार्यकर्ताओं पर हमला का आरोप!

संगठन का कहना है कि मामला यहीं नहीं रुका, 23 फरवरी को 20 फरवरी की घटना के पीड़ित छात्र अपनी सुरक्षा की मांग को लेकर प्रॉक्टर कार्यालय पहुंचे थे। इसी दौरान प्रॉक्टर ऑफिस के सामने ही दोबारा हमला हुआ। छात्रों के चेहरे और आंखों पर प्रहार किए गए तथा लाठियों से पीठ पर वार किए गए। AISF का आरोप है कि यह हमला स्पष्ट रूप से डर का माहौल बनाने और वैचारिक गतिविधियों को दबाने की कोशिश थी। पाँच दिनों में दो बार हुई हिंसा ने छात्रों के बीच भय और असुरक्षा की भावना को गहरा कर दिया है।

ABVP-RSS पर हिंसा के आरोप!
ABVP-RSS पर हिंसा के आरोप!

AISF का कहना है कि उनके स्टडी सर्किल में वैज्ञानिक सोच, तार्किकता और सामाजिक-राजनीतिक मुद्दों पर चर्चा की जाती है। ऐसे में सवाल उठता है कि क्या एक केंद्रीय विश्वविद्यालय में अध्ययन और विमर्श की स्वतंत्रता भी अब हिंसा के साये में संचालित होगी? संगठन के पदाधिकारियों का कहना है कि यदि छात्रों को विचार-विमर्श के लिए भी मारा जाएगा, तो यह उच्च शिक्षा संस्थानों के लोकतांत्रिक स्वरूप पर सीधा हमला है।

संगठन ने विश्वविद्यालय और पुलिस प्रशासन की भूमिका पर भी सवाल उठाए हैं। उनका आरोप है कि पूर्व सूचना दिए जाने के बावजूद सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं किए गए। दो-दो हमलों के बाद भी किसी दोषी की गिरफ्तारी या कठोर कार्रवाई की जानकारी सामने नहीं आई है। AISF ने दोनों घटनाओं की निष्पक्ष जांच, हमलावरों की तत्काल गिरफ्तारी, विश्वविद्यालय से निष्कासन और परिसर में लोकतांत्रिक गतिविधियों की सुरक्षा की गारंटी की मांग की है।

पुलिस ने किया मामला दर्ज

इसी बीच AISF के पदाधिकारी बिट्टू कुमार ने सिविल लाइन थाना, सागर के थाना प्रभारी को एक लिखित आवेदन भी सौंपा है। आवेदन में कहा गया है कि 20 फरवरी की घटना के बाद भी विरोधी तत्व सोशल मीडिया और विश्वविद्यालय परिसर में झूठी अफवाहें फैला रहे हैं। संगठन पर शिवाजी महाराज के पोस्टर फाड़ने और देशविरोधी नारे लगाने जैसे आरोप लगाए जा रहे हैं, जिन्हें उन्होंने पूरी तरह निराधार और भड़काऊ बताया है। आवेदन में आशंका जताई गई है कि इस तरह के दुष्प्रचार से पुनः जानलेवा हमला हो सकता है। उन्होंने संगठन के पदाधिकारियों और सक्रिय सदस्यों को सुरक्षा प्रदान करने तथा झूठे प्रचार की जांच कराने की मांग की है।

द मूकनायक प्रतिनिधि से बातचीत में सिविल लाइन थाना प्रभारी आनंद कुमार ने बताया कि 20 और 23 फरवरी की घटनाओं के संबंध में पुलिस ने दो नामजद आरोपी कपिल स्वामी, अविनाश गुप्ता सहित अन्य आठ अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। उन्होंने कहा कि शिकायत और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर संबंधित धाराओं में एफआईआर दर्ज की गई है तथा पूरे घटनाक्रम की गंभीरता से जांच की जा रही है।

थाना प्रभारी ने कहा कि पुलिस सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही है, जिसमें घटनास्थल के वीडियो फुटेज, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और अन्य तकनीकी साक्ष्य शामिल हैं। उन्होंने आश्वस्त किया कि जांच निष्पक्ष रूप से की जाएगी और जो भी व्यक्ति दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही, परिसर में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।

द मूकनायक से बातचीत करते हुए आल इंडिया स्टूडेंट्स फेडरेशन (AISF) के कौंसिल मेम्बर कॉमरेड विशाल ने कहा कि हिंसक घटनाओं के बाद काफी मशक्कत के बाद पुलिस ने मामला दर्ज किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि यदि संगठन लगातार प्रशासन पर दबाव नहीं बनाता, तो एफआईआर तक दर्ज नहीं होती। उनके मुताबिक हमले में घायल छात्रों के मन में अब भी डर का माहौल है, इसलिए उनकी पहली मांग है कि सभी पीड़ित छात्रों को तत्काल सुरक्षा प्रदान की जाए, ताकि वे बिना भय के अपनी पढ़ाई और शैक्षणिक गतिविधियाँ जारी रख सकें।

कॉमरेड विशाल ने कहा कि AISF संविधान के दायरे में रहकर अपनी बात रखता है और स्टडी सर्किल जैसे कार्यक्रमों के माध्यम से वैचारिक विमर्श करता है। “हमें रोकने का काम किया जा रहा है। हमारी वैचारिक गतिविधियों को हिंसा और दुष्प्रचार के जरिए दबाने की कोशिश हो रही है,” उन्होंने आरोप लगाया। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि विश्वविद्यालय परिसर में लोकतांत्रिक माहौल और छात्रों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।

विश्वविद्यालय में तनाव की स्थिति

विश्वविद्यालय परिसर में लगातार बढ़ते तनाव ने छात्रों, अभिभावकों और शिक्षकों को भी चिंतित कर दिया है। एक केंद्रीय विश्वविद्यालय, जिसे विचार और विमर्श का खुला मंच होना चाहिए, वहां यदि छात्र संगठनों के बीच टकराव हिंसा का रूप ले ले, तो यह शिक्षा व्यवस्था के लिए गंभीर संकेत है।

सागर यूनिवर्सिटी में पाँच दिन में दो जानलेवा हमले: AISF से जुड़े स्टूडेंट्स को पीटा,  ABVP-RSS पर हिंसा के आरोप, जानिए मामला?
MP विधानसभा का बजट सत्र: किसानों, लाड़ली बहना योजना और कानून-व्यवस्था पर गरमाया सदन, विपक्ष ने किया प्रदर्शन
सागर यूनिवर्सिटी में पाँच दिन में दो जानलेवा हमले: AISF से जुड़े स्टूडेंट्स को पीटा,  ABVP-RSS पर हिंसा के आरोप, जानिए मामला?
MP कांग्रेस का आरोप BJP कार्यकर्ताओं ने प्रदेश में दफ्तरों पर किए हमले, मुख्य सचिव को प्रदेश अध्यक्ष ने लिखा पत्र
सागर यूनिवर्सिटी में पाँच दिन में दो जानलेवा हमले: AISF से जुड़े स्टूडेंट्स को पीटा,  ABVP-RSS पर हिंसा के आरोप, जानिए मामला?
MP: भिंड में धमकी के आरोपों के बीच थाने में डटे भीम आर्मी नेता, सुरक्षा और FIR की मांग पर बढ़ा तनाव, जानिए क्या है मामला?

द मूकनायक की प्रीमियम और चुनिंदा खबरें अब द मूकनायक के न्यूज़ एप्प पर पढ़ें। Google Play Store से न्यूज़ एप्प इंस्टाल करने के लिए यहां क्लिक करें.

The Mooknayak - आवाज़ आपकी
www.themooknayak.com