भुवनेश्वर। बाबासाहेब भीमराव अंबेडकर की 69वीं पुण्यतिथि पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू सहित कई राजनीतिक हस्तियों ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने भुवनेश्वर के एजी स्क्वायर पर जाकर बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की। इसके बाद वह हवाई अड्डे के लिए रवाना हो गईं। वहीं, राष्ट्रपति मुर्मू ने अपने गृह जिले मयूरभंज का दौरा करने का भी कार्यक्रम बनाया है।
संविधान निर्माता और सामाजिक न्याय के प्रतीक बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर की आज शुक्रवार (6 दिसंबर) को पुण्यतिथि है। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह और भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने भी उनको याद किया और श्रद्धांजलि दी।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बाबा अंबेडकर के संघर्ष को याद करते हुए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर एक तस्वीर शेयर की और लिखा, "महापरिनिर्वाण दिवस पर हम संविधान निर्माता और सामाजिक न्याय के प्रतीक डॉ. बाबासाहेब अंबेडकर को नमन करते हैं। समानता और मानवीय गरिमा के लिए डॉ. अंबेडकर का अथक संघर्ष पीढ़ियों को प्रेरित करता रहेगा। आज, जब हम उनके योगदान को याद करते हैं, तो हम उनके सपने को पूरा करने के लिए अपनी प्रतिबद्धता भी दोहराते हैं। इस साल की शुरुआत में मुंबई में चैत्य भूमि की अपनी यात्रा की एक तस्वीर भी साझा कर रहा हूँ। जय भीम!"
केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह बाबा अंबेडकर को सामाजिक न्याय का प्रणेता बताया। उन्होंने 'एक्स' पर लिखा, "सामाजिक न्याय के प्रणेता, भारतीय संविधान के शिल्पकार और भारत रत्न से सम्मानित डॉ. बाबासाहेब भीमराव अंबेडकर जी के महापरिनिर्वाण दिवस पर उन्हें सादर नमन। बाबासाहेब ने भारतीय समाज में समानता, स्वतंत्रता और बंधुत्व के सिद्धांतों को स्थापित किया और हर भारतीय के सपने को अधिकारों और अवसरों में बदलने का मार्ग दिखाया। उनके मार्गदर्शन में बना भारतीय संविधान, हमारे लिए केवल एक दस्तावेज नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण का मूल मंत्र है। बाबासाहेब के आदर्शों व सिद्धांतों को साकार करने की दिशा में हम निरंतर कार्य करते रहेंगे।"
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री एवं भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने बाबा अंबेडकर को सशक्त लोकतंत्र का निर्माण करने वाला बताया। उन्होंने 'एक्स' पर लिखा, "सशक्त लोकतंत्र के निर्माण हेतु भारतीय संविधान की रचना करने वाले, देश में समान अधिकार और सामाजिक न्याय हेतु जीवन समर्पित, भारत रत्न, बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर जी के महापरिनिर्वाण दिवस पर उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं। बाबा साहेब ने संविधान के रूप में देश को अद्वितीय सौगात दी, जो हमारे लोकतंत्र का आधार स्तंभ है। उनके महान विचार और जीवन दर्शन हम सभी के लिए प्रेरणादायी है। देश में समानता और एकता स्थापित करने तथा भारतीय संविधान के निर्माण के लिए यह कृतज्ञ राष्ट्र सदैव उनका ऋणी रहेगा।"
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बाबा साहेब अंबेडकर को श्रद्धांजलि देते हुए 'एक्स' पर लिखा, "संविधान शिल्पी, सामाजिक न्याय के पुरोधा और वंचितों के प्रखर स्वर, 'भारत रत्न' बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर के महापरिनिर्वाण दिवस पर उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि! 'अंत्योदय' एवं लोक-कल्याण हेतु समर्पित बाबा साहब सच्चे अर्थों में मां भारती के महारत्न और लोकतंत्र की पाठशाला हैं। उनका संपूर्ण जीवन हम सभी के लिए पाथेय है।"
उप-राष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने भी बाबा साहेब अंबेडकर को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने सोशल मीडिया एक्स हैंडल पर किए अपने पोस्ट में कहा, “डॉ. बी.आर आंबेडकर को मेरी विनम्र श्रद्धांजलि। महापरिनिर्वाण दिवस पर अंबेडकर - हमारे संविधान के निर्माता, एक राजनेता और दूरदर्शी हैं, जिन्होंने सामाजिक असमानताओं के खिलाफ अथक संघर्ष किया। न्याय, समानता और मानवीय गरिमा के प्रति उनकी गहन प्रतिबद्धता सभी को प्रेरित करती रहती है। आइए हम उनके आदर्शों को बनाए रखने और अधिक समावेशी भारत की दिशा में लगातार काम करने के प्रति अपनी प्रतिबद्धता की पुष्टि करें।”
लोकसभा स्पीकर ओम बिरला ने भी बाबा साहेब अंबेडकर को याद करते हुए अपने एक्स हैंडल पर पोस्ट कर कहा, “राष्ट्रनिर्माता, सामाजिक न्याय के प्रहरी और भारत रत्न बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर जी के महापरिनिर्वाण दिवस पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं। समतामूलक समाज का उनका स्वप्न, उनकी अमूल्य शिक्षाएं और संविधान निर्माण में अतुलनीय योगदान हमें सदैव प्रेरित करते रहेंगे।”
कांग्रेस पार्टी ने भी बाबा साहेब अंबेडकर को याद किया। उन्होंने पार्टी की तरफ से अपने आधिकारिक एक्स हैंडल पर लिखा, “भारतीय संविधान के जनक और सामाजिक न्याय के प्रतीक बाबासाहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर की पुण्यतिथि पर कोटि: नमन। उनके आदर्श और विचार युगों-युगों तक हमें न्याय की राह पर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करते रहेंगे।”
केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भी बाबा साहेब अंबेडकर को एक्स हैंडल पर पोस्ट कर श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा, “महापरिनिर्वाण दिवस पर बाबा साहब अंबेडकर को याद करते हुए, उनके विचार और दृष्टिकोण भारत को प्रेरित करते रहते हैं। राष्ट्र उनके अपार योगदान के लिए उनका ऋणी रहेगा। उनकी पुण्यतिथि पर उन्हें मेरी श्रद्धांजलि।”
द मूकनायक की प्रीमियम और चुनिंदा खबरें अब द मूकनायक के न्यूज़ एप्प पर पढ़ें। Google Play Store से न्यूज़ एप्प इंस्टाल करने के लिए यहां क्लिक करें.