लोकसभा चुनाव 2024 : देश के 10 राज्यों की 96 सीटों पर मतदान सम्पन्न, जानिए कहाँ क्या हुआ?

चतुर्थ चरण के मतदान में शाम पांच बजे तक औसत 62.32 प्रतिशत मतदान हुआ।
यूपी में मतदान केंद्र पर वोटर्स की कतार.
यूपी में मतदान केंद्र पर वोटर्स की कतार. साभार: इंटरनेट

दिल्ली/भोपाल। लोकसभा चुनाव के चौथे फेज में सोमवार को 9 राज्यों और एक केंद्र शासित प्रदेश की 96 सीटों पर वोटिंग खत्म हो चुकी है। इसके अलावा आंध्र प्रदेश की 175 और ओडिशा की 28 विधानसभा सीटों पर भी मतदान सम्पन्न हो चुका है। मतदान के दौरान विभिन्न राज्यों से छुटपुट घटनाएं सामने आई हैं।

बिहार के मुंगेर में वोटिंग से पहले एक पोलिंग एजेंट की हार्ट अटैक से मौत हो गई। मुंगेर में ही वोटिंग के दौरान पर्ची नहीं देने के आरोप में कुछ लोगों ने सुरक्षाकर्मियों पर पथराव किया। पुलिस ने लाठीचार्ज किया और 2 युवकों को हिरासत में लिया गया। महाराष्ट्र के बीड में एक न्यूज चैनल के पत्रकार की हार्ट अटैक से मौत होने की खबर मिली है।

आंध्र प्रदेश के गुंटूर से वाईएसआर कांग्रेस के विधायक अन्नाबाथुनी शिवकुमार ने एक बूथ पर वोटर को थप्पड़ जड़ दिया। जवाब में वोटर ने भी उन्हें थप्पड़ मारा। इसके बाद विधायक समर्थकों ने शख्स की पिटाई कर दी। शख्स ने विधायक को कतार में नहीं आने पर टोका, जिस पर विवाद हुआ।

चुनाव के बीच पश्चिम बंगाल, बिहार और महाराष्ट्र में तीन लोगों की अलग-अलग वजह से मौत हुई है। पश्चिम बंगाल के बोलपुर में वोटिंग से एक दिन पहले टीएमसी कार्यकर्ता की हत्या हो गई। टीएमसी ने सीपीआई समर्थकों पर बम धमाके का आरोप लगाया है। दुर्गापुर में भाजपा और टीएमसी समर्थकों की बीच झड़प हुई।

मध्य प्रदेश में पीठासीन पर फर्जी मतदान कराने का आरोप

.लोकसभा चुनाव के चौथे चरण में मध्यप्रदेश की 8 सीटों पर सोमवार शाम 6 बजे तक मतदान हुआ। इंदौर सहित उज्जैन, देवास, रतलाम, मंदसौर, धार, खरगोन और खंडवा में वोटिंग हुई। सभी सीटों पर खराबी के कारण दोपहर तक 60 बैलेट यूनिट बदलने पड़े। उज्जैन के वार्ड-37 के बूथ की पीठासीन अधिकारी आरती को कलेक्टर ने हटा दिया। आरोप है कि वे वोटर्स को एक पार्टी के लिए वोट देने का कह रही थीं। कांग्रेस प्रत्याशी महेश परमार उनके खिलाफ धरने पर बैठ गए। इसके बाद कलेक्टर ने एक्शन लिया।

नीमच और आगर में कुछ जगह वोटरों ने मतदान का बहिष्कार कर दिया। इंदौर में कांग्रेस ने कुछ बूथों पर नोटा का टेबल लगाया है। देवास में भाजपा कार्यकर्ताओं ने एम्ब्रोजिया स्कूल में पोलिंग क्रमांक 263 के पीठासीन अधिकारी यूनुस खान पर फर्जी वोटिंग कराने का आरोप लगाया। जिसके बाद तहसीलदान ने पीठासीन अधिकारी को हटा दिया।

रतलाम शहर में एक बूथ पर ईवीएम खराब होने से भाजपा नेता नाराज हो गए। इंदौर में वोट डालने वालों को 56 दुकान में फ्री नाश्ता कराया गया,नोटा पर वोट डालते का वीडियो वायरल हो गया. धार के मनावर में आंधी और बारिश से एक बूथ का टेंट गिर गया।

उत्तरप्रदेश में वोटर्स पर तेंदुआ ने किया हमला

उत्तरप्रदेश में चौथे चरण में 13 सीटों पर वोटिंग हुई। जिनमें शाहजहांपुर, लखीमपुर खीरी, धौरहरा, सीतापुर, हरदोई, मिश्रिख, उन्नाव, फर्रुखाबाद, इटावा, कन्नौज, कानपुर, अकबरपुर और बहराइच में वोटिंग हुई। चौथे फेज में 1 केंद्रीय मंत्री, 1 पूर्व मुख्यमंत्री, 10 सांसदों की साख दांव पर है। 4 हाई-प्रोफाइल सीटों में लखीमपुर खीरी, कन्नौज, इटावा और उन्नाव शामिल हैं।

लखीमपुर खीरी में वोट डालने जा रहे 2 वोटर्स पर तेंदुए ने अटैक कर दिया। इसमें दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया। दोनों की हालत नाजुक बताई जा रही। इधर, कानपुर में भाजपा नगर अध्यक्ष दीपू पांडे की पोलिंग बूथ पर तैनात दरोगा से नोकझोंक हो गई। काफी देर तक हंगामा चला। इसके बाद भाजपा नेता की पत्नी बूथ से रोती हुईं बाहर निकलीं।

बिहार पोलिंग बूथों पर हुआ पथराव

लोकसभा चुनाव के चौथे चरण में बिहार की 5 सीटों के लिए वोटिंग हो रही है। इस चरण में दरभंगा, उजियारपुर, समस्तीपुर, बेगूसराय और मुंगेर में शाम 6 बजे तक मतदान हुआ। मुंगेर में पोलिंग से पहले पीठासीन पदाधिकारी की हार्ट अटैक से मौत हो गई है। शंकरपुर गांव बूथ नंबर 210 पर ओंमकार कुमार चौधरी की ड्यूटी लगी थी। उनकी पत्नी का कहना है कि उन्हें हार्ट की बीमारी थी, हमने पहले ही जिला प्रशासन को आवेदन दिया था कि मतदान में ड्यूटी ना लगाई जाए। इसके बाद भी उनकी ड्यूटी लगाई गई। इधर के बरौनी पंचायत-2 में वोट देकर निकला शख्स बेहोश हो गया, परिजन डॉक्टर के पास लेकर गए तो डॉ. ने उसे मृत घोषित कर दिया।

साभार: इंटरनेट

वहीं मुंगेर में दो बूथों पर पथराव की खबर मिली। बूथ संख्या 145, 146 पर असामाजिक तत्वों ने पर्ची नहीं देने पर पथराव किया है। वहीं उजियारपुर के मोहिउद्दीन नगर विधानसभा के चक्रराजअली गांव में दलित मतदाताओं को वोट देने से रोका गया। जिसके बाद बड़ी संख्या में पुलिस फोर्स के साथ प्रशासनिक पदाधिकारी पहुंच कर लोगों को मतदान केंद्र ले गए।

आज की पांच सीटों पर कुल 55 उम्मीदवार मैदान में हैं। इनमें 51 पुरुष और 4 महिला कैंडिडेट हैं। केंद्रीय मंत्री और बेगूसराय से बीजेपी प्रत्याशी गिरिराज सिंह ने सुबह-सुबह अपना वोट डाला और लोगों ने मतदान करने की अपील की। आज की पांचों सीटों पर कुल 95 लाख 83 हजार 662 मतदाता हैं। इनमें 50 लाख 49 हजार 656 पुरुष और 45 लाख 33 हजार 813 महिला मतदाता हैं, जबकि थर्ड जेंडर के 193 वोटर्स हैं।

इनमें 100 साल से ज्यादा के 2814 वोटर्स हैं तो एक लाख 51 हजार 482 वोटर्स पहली बार वोट करेंगे। 92 हजार 313 दिव्यांग वोटर्स के लिए भी इंतजाम किए गए हैं। पांचों सीटों पर मात्र एक एनआरआई वोटर है।

चौथे फेज की पांच सीटों के लिए कुल 9447 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। इनमें शहरी क्षेत्र में 1532 और ग्रामीण इलाकों में 7915 मतदान केंद्र हैं। 32 पिंक बूथ है, जहां सिर्फ महिला मतदानकर्मी और सुरक्षाकर्मी तैनात रहेंगे। 43 मॉडल बूथ बनाए गए हैं।

झारखंड में विधायक शिल्पी नेहा तिर्की पर मामला दर्ज

झारखंड में 7 बजे तक बोटिंग की गई। सिंहभूम, खूंटी, लोहरदगा और पलामू में सुबह से ही बूथों पर लंबी लाइन लगी रही। महिला, बुजुर्ग और दिव्यांग वोटर्स में उत्साह दिख रहा है।

मुख्यमंत्री चंपई सोरेन ने सरायकेला खरसावां में अपने परिवार के साथ वोट डाला। वहीं, भाकपा माओवादियों ने चाईबासा के सारंडा में वोट का बहिष्कार करते हुए सड़क पर पेड़ गिरा दिया है। वहीं, मांडर विधायक शिल्पी नेहा तिर्की के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। शिल्पी नेहा तिर्की पर आरोप है कि मतदान केंद्र के बाहर सभा कर रही थी। इसको लेकर आईपीसी की धारा 188 और 126 के तहत केस दर्ज किया गया है।

चारों सीटों पर सुबह सात बजे से शाम पांच बजे तक वोटिंग हुई। पहले चरण की 4 सीटों के लिए 45 प्रत्याशी मैदान में हैं। जिनकी किस्मत का फैसला 64 लाख 37 हजार 460 वोटर्स करेंगे। 519 बूथ पर वोटिंग होगी।

जम्मू-कश्मीर में बूथों पर लगी वोटर्स की कतारें

जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर लोकसभा क्षेत्र में मतदान सम्पन्न हुआ। जहां 24 उम्मीदवार मैदान में हैं। यहां वोटिंग सुबह 7 बजे शुरू हुई। कुछ बूथों पर लोग अपने मताधिकार का प्रयोग करने के लिए मतदान केंद्रों के बाहर कतार में खड़े देखे गए। सात चरण के लोकसभा चुनाव के चौथे दौर में श्रीनगर सीट पर वोटिंग हो रही है।

जम्मू-कश्मीर में हुआ मतदान
जम्मू-कश्मीर में हुआ मतदानसाभार: इंटरनेट

निर्वाचन क्षेत्र में 17.48 लाख मतदाता हैं, जिनमें श्रीनगर, गांदरबल और पुलवामा जिले और बडगाम और शोपियां जिले के कुछ हिस्से शामिल हैं. अधिकारियों ने पांच जिलों में 2,135 मतदान केंद्र बनाए हैं। केंद्र शासित प्रदेश के कश्मीर डिवीजन के प्रवासी मतदाताओं के लिए विशेष मतदान केंद्र स्थापित किए गए हैं, जिनमें जम्मू में 21, दिल्ली में 4 और उधमपुर जिले में एक मतदान केंद्र शामिल है। बता दें कि वोटिंग शाम 6 बजे तक चली।

आंध्र प्रदेश और ओडिशा में विधानसभा चुनाव

आंध्र प्रदेश में आज सोमवार को राज्य की 25 लोकसभा सीटों के अलावा सभी 175 विधानसभा सीटों पर भी चुनाव कराया जा रहा है। इधर ओडिशा में चौथे चरण में राज्य की 28 विधानसभा सीट पर भी वोटिंग की गई। यहां पर 4 चरणों में विधानसभा चुनाव कराए जाएंगे।

यूपी में मतदान केंद्र पर वोटर्स की कतार.
लोकसभा चुनाव 2024: तीसरे फेज में 10 राज्यों की 93 सीटों पर मतदान सम्पन्न, जानिए कहाँ क्या हुआ?
यूपी में मतदान केंद्र पर वोटर्स की कतार.
लोकसभा चुनाव 2024: सेकेंड फेज में 88 सीटों पर हुआ मतदान, जानिए कहाँ क्या हुआ?
यूपी में मतदान केंद्र पर वोटर्स की कतार.
लोकसभा चुनाव 2024: 13 राज्यों की 88 सीटों पर मतदान आज, राहुल गांधी, राजकुमार रोत और रविन्द्र सिंह भाटी मैदान में...

द मूकनायक की प्रीमियम और चुनिंदा खबरें अब द मूकनायक के न्यूज़ एप्प पर पढ़ें। Google Play Store से न्यूज़ एप्प इंस्टाल करने के लिए यहां क्लिक करें.

The Mooknayak - आवाज़ आपकी
www.themooknayak.com