लोकसभा चुनाव 2024: तीसरे फेज में 10 राज्यों की 93 सीटों पर मतदान सम्पन्न, जानिए कहाँ क्या हुआ?

तृतीय चरण के मतदान में शाम पांच बजे तक औसत 63.77 प्रतिशत मतदान हुआ, महाराष्ट्र में सबसे कम 53.40% मतदान.
बिहार में 115 वर्ष की बुजुर्ग ने किया मतदान..
बिहार में 115 वर्ष की बुजुर्ग ने किया मतदान.. फोटो: इंटरनेट

दिल्ली। 10 राज्यों और एक केंद्र शासित प्रदेश की 93 लोकसभा सीटों पर मंगलवार सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक मतदान किया गया। शाम पांच बजे तक औसत 63.77 प्रतिशत मतदान हुआ. इस बीच सभी राज्यों से छुटपुट घटनाएं सामने आई। पश्चिम बंगाल में मुर्शिदाबाद के भाजपा कैंडिडेट और टीएमसी समर्थक के बीच झड़प हुई। यूपी के संभल में पुलिस ने लोगों पर लाठीचार्ज किया। इसमें कुछ लोग घायल हो गए। बिहार में वोटिंग के दौरान पीठासीन अधिकारी और होमगार्ड जवान की मौत हो गई है। छत्तीसगढ़ के जशपुर में मतदान करने पहुंचे एक बुजुर्ग वोटर की मौत हो गई।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अहमदाबाद स्थित निशान हायर सेकेंडरी स्कूल में वोट डाला। उनके साथ गृह मंत्री अमित शाह भी मौजूद थे। अमित शाह ने भी मतदान किया। मीडिया से बातचीत में पीएम मोदी ने लोगों से वोट करने की अपील की। साथ ही गर्मी को देखते हुए खूब सारा पानी पीने की सलाह दी।

उत्तरप्रदेश: सिंगापुर से वोट डालने आया युवक

लोकसभा चुनाव के तीसरे चरण में वेस्ट यूपी की 10 सीटों पर वोटिंग हुई। तीसरे चरण में संभल, हाथरस, आगरा, फतेहपुर सीकरी, फिरोजाबाद, मैनपुरी, एटा, बदायूं, बरेली और आंवला में मतदान हुआ। 10 सीटों पर 100 कैंडिडेट चुनावी मैदान में हैं। इनमें 8 महिला प्रत्याशी हैं। 1.78 करोड़ वोटर्स इनकी किस्मत का फैसला करेंगे। थर्ड फेज में मुलायम परिवार से तीन सदस्य चुनावी मैदान में हैं। मैनपुरी से डिंपल यादव, फिरोजाबाद से अक्षय यादव और बदायूं से आदित्य यादव की प्रतिष्ठा दांव पर है।

प्रदेश के संभल लोकसभा सीट क्षेत्र में कई बूथों पर पुलिस के द्वारा लाठीचार्ज, वोटर्स के साथ मारपीट करने और चुनाव प्रभावित करने के आरोप लग रहे हैं। संभल लोकसभा क्षेत्र के विधानसभा असमौली ग्राम ओवारी में बूथ संख्या 181, 182, 183, 184 पर पुलिस ने लाठीचार्ज करके पोलिंग स्टेशन से वोटर्स को खदेड़ दिया। जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

डीआईजी मुरादाबाद पीसी मीणा संभल नगर के एमजीएम मतदान केंद्र पर निरीक्षण करने पहुंचे। उन्होंने बताया कि सभी मतदान केंद्रों पर सकुशल मतदान चल रहा है। सपा प्रत्याशी की शिकायत करने के सवाल पर उन्होंने कुछ नहीं कहा।

फिरोजाबाद पुलिस ने 42 फर्जी वोटर्स को पकड़ा। मैनपुरी में भाजपा कार्यकर्ताओं पर अज्ञात लोगों ने हमला कर दिया। इसमें कार के शीशे टूट गए। हालांकि किसी को चोट नहीं आई है। सैफई में सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने पत्नी डिंपल यादव के साथ मतदान किया। संभल में पुलिस ने लाठीचार्ज किया। पुलिस ने लोगों को दौड़ाकर दौड़ाकर पीटा। पुलिस का कहना है- सभी मतदान को प्रभावित करने की कोशिश कर रहे थे, इसलिए हल्का बल प्रयोग करना पड़ा।

अखिलेश यादव ने कहा- "मैनपुरी में शाम 4 बजे के बाद भाजपा के कार्यकर्ता बूथ को लूट सकते हैं। पिछले चुनाव में भी इन्होंने ऐसा ही किया था। इस बार भी ऐसा ही करेंगे, लेकिन यह पिछली बार भी चुनाव हारे थे। इस बार भी चुनाव हारेंगे।"

आगरा के रहने वाले हिमांशु सिंगापुर से वोट डालने आए हैं। उन्होंने बाल निकेतन पब्लिक स्कूल बूथ पर वोट किया। कहा- "देश के नागरिक होने के चलते वोट डालना हमारा कर्तव्य है। कासगंज के सपा जिलाध्यक्ष विक्रम यादव ने भाजपा कार्यकर्ताओं पर हत्या के प्रयास का आरोप लगाया। इसे लेकर सदर कोतवाली पुलिस को तहरीर दी।"

मध्य प्रदेश: भिंड में युवक के पेट में गोली मारी

लोकसभा चुनाव के तीसरे चरण में मध्यप्रदेश की 9 सीटों पर मतदान हुआ। इनमें मुरैना, भिंड, ग्वालियर, गुना, राजगढ़, विदिशा, सागर, बैतूल और भोपाल सीट शामिल हैं। इन सभी सीटों पर 127 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। एक करोड़ 77 लाख 52 हजार 583 मतदाता हैं। बता दें, चुनाव आयोग ने 20 हजार 456 मतदान केंद्र बनाए हैं। इनमें 5,744 संवेदनशील मतदान केंद्र हैं। पोलिंग टीम में करीब 81 हजार कर्मचारी हैं।

मतदान के दौरान राजगढ़ सीट से कांग्रेस प्रत्याशी पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह ईवीएम मशीन में गड़बड़ी का आरोप लगाते हुए कहा- "चाचौड़ा में एक बूथ पर 11 वोट डले और ईवीएम 50 बता रही थी।"

भिंड में वोट डालने जा रहे एक युवक को घेरकर कुछ लोगों ने पेट में गोली मार दी। इधर, मुरैना में कांग्रेस कैंडिडेट सत्यपाल सिकरवार ने पुलिस-प्रशासन पर वोटिंग डंप कराने के आरोप लगाए। मंत्री एंदल सिंह कंषाना के मुरैना गांव गाड़ी खेड़ा में लोगों ने मतदान का बहिष्कार कर दिया। राजगढ़ में शराब पीकर अभद्रता कर रहे पीठासीन अधिकारी को कलेक्टर ने निलंबित कर दिया। यहां पुलिस ने एक कांग्रेस नेता को नजरबंद भी किया है।

मुरैना, शिवपुरी, राजगढ़, बैतूल, रायसेन समेत कुछ जिलों से मतदान का बहिष्कार करने की भी खबरे मिली है। यहां कुछ गांवों में सड़क और नहर नहीं होने की बात कहते हुए वोट डालने से मना कर दिया। अफसरों के समझाइश के बाद कुछ वोटर मान गए।

भोपाल के गोविंदपुरा विधानसभा के विकास नगर मतदान केंद्र पर सन्नाटा पसरा रहा। गर्मी के चलते दोपहर में कम लोग पहुंचे। सुबह में मतदान केंद्रों पर कतारें लगी रही। इधर, ग्वालियर में एक महिला का वोट कोई और डाल गया। सिकंदर कंपू अजयपुर में बने मतदान केन्द्र में जब रामवती कुशवाह वोट डालने पहुंची तो पता लगा कि वो तो पहले ही वोट डाल चुकी हैं।

इस पर रामवती ने आपत्ति दर्ज कराई और बताया कि मैं अभी पूरे घर का काम निपटाकर वोट डालने आई हूं और आप कह रहे हैं कि मेरा वोट डल गया। इसके बाद महिला ने हंगामा खड़ा कर दिया कि बिना वोटर आईडी, आधार कार्ड के कैसे वोट डालने दिया गया।

हरदा जिले की टिमरनी विधानसभा क्षेत्र के छिदगांव मेल बूथ पर ईवीएम की वीवीपेट मशीन में तकनीकी खराबी आ गई। एक घंटे तक मतदान थमा रहा। मशीन बदलने के बाद ही वोटिंग दोबारा शुरू हो सकी।

छत्तीसगढ़: बीजेपी नेता ने वोटर्स से पूछा किसको कर रहे हो वोट

छत्तीसगढ़ में तीसरे चरण के लिए 7 लोकसभा सीटों रायपुर, बिलासपुर, कोरबा, रायगढ़, दुर्ग, जांजगीर-चांपा और सरगुजा के लिए मतदान सम्पन्न हुआ। यहां अंतिम चरण के चुनाव में कांग्रेस-भाजपा के दिग्गज नेताओं सहित 168 प्रत्याशी मैदान में हैं। इन प्रत्याशियों की किस्मत 1 करोड़ 39 लाख 1 हजार 285 मतदाता तय करेंगे। तीसरे चरण में 82 हजार जवानों की ड्यूटी लगाई गई है। खास बात यह है कि प्रदेश में पहली बार प्राइवेट सिक्योरिटी गार्ड्स को भी चुनाव ड्यूटी में लगाया गया है।

पेंड्रा जिले में तेज हवाओं के साथ बूंदाबांदी से मतदान केंद्रों में लगे सेल्फी प्वाइंट नीचे गिर गए। कुछ देर बाद बारिश थम गई। सरगुजा संभाग में दोपहर दो बजे से मौसम का मिजाज बदला गया, सूरजपुर, सरगुजा सहित बलरामपुर जिलों में आंधी के साथ बारिश भी हुई।

बिहार में पीठासीन अधिकारी की मौत

तीसरे चरण में बिहार के 5 सीटों (मधेपुरा, अररिया, खगड़िया, झंझारपुर और सुपौल) में वोटिंग हुई। इन सीटों पर 98 लाख 60 हजार 377 मतदाता हैं। इनके लिए 9848 बूथ बनाए गए हैं। जहां शाम 6 बजे तक वोटिंग की गई। गर्मी को देखते हुए मधेपुरा और खगड़िया लोकसभा क्षेत्र के कुल 167 बूथों पर शाम 4 बजे तक ही वोटिंग होगी। इसमें मधेपुरा लोकसभा क्षेत्र के महिषी विधानसभा का 107 और खगड़िया लोकसभा क्षेत्र के सिमरी बख्तियारपुर विधानसभा का 60 बूथ शामिल है।

सुपौल के माधोपुर पंचायत बूथ नंबर 212 पर 115 साल की नसीमा खातून ने मतदान किया। मतदान के लिए लेकर आए उनके बेटे मोती अहमद ने बताया कि वोटिंग को लेकर वह सुबह से उत्साहित थीं। खगड़िया के बैलदोड़ स्थित कात्यानी मंदिर के पास कोसी दियारा में घोड़े से पारा मिलिट्री फोर्स ने पेट्रोलिंग की। ड्रोन से भी निगरानी रखी जा रही है।

वोटिंग के दौरान सुपौल में बूथ नंबर-154 पर पीठासीन अधिकारी शैलेन्द्र कुमार की मौत हो गई है। डॉक्टर हार्ट अटैक से मौत की आशंका जता रहे हैं। वहीं अररिया के जोकीहाट विधानसभा क्षेत्र में पेचैली मतदान केंद्र पर तैनात होमगार्ड जवान की भी मौत हुई है।

इधर, मदनपुर पंचायत के वार्ड 11 में उत्क्रमित कन्या मध्य विद्यालय मैनिरही के बूथ संख्या 187 पर लोगों ने सड़क की मांग को लेकर वोट बहिष्कार किया था। हालांकि दोपहर 12 बजे के बाद अधिकारियों के समझाने के बाद लोगों ने इसे वापस ले लिया है। फिर मतदान शुरू हुआ। वहीं मुरलीगंज के दीनापट्टी पंचायत स्थित बूथ संख्या 73 पर 12 बजे मतदान शुरू हुआ। एसडीएम संतोष कुमार ने ग्रामीणों को समझा बुझा कर मतदान करने को मनाया। झंझारपुर के अररिया संग्राम बूथ संख्या 265 पर ईवीएम का सीरियल नंबर उल्टा रहने के कारण मतदाताओं ने हंगामा करते हुए मतदान रोक दिया है। झंझारपुर डीएसपी पवन कुमार सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे और मतदाताओं को समझाने की कोशिश कर रहें हैं। लगभग 1 घंटा से ज्यादा समय से हंगामा हो रहा है।

बिहार में 115 वर्ष की बुजुर्ग ने किया मतदान..
लोकसभा चुनाव 2024: सेकेंड फेज में 88 सीटों पर हुआ मतदान, जानिए कहाँ क्या हुआ?
बिहार में 115 वर्ष की बुजुर्ग ने किया मतदान..
लोकसभा चुनाव 2024: 13 राज्यों की 88 सीटों पर मतदान आज, राहुल गांधी, राजकुमार रोत और रविन्द्र सिंह भाटी मैदान में...
बिहार में 115 वर्ष की बुजुर्ग ने किया मतदान..
क्या बाबा साहब को पहला लोकसभा चुनाव हराने में कांग्रेस और CPI ने की थी साजिश?

द मूकनायक की प्रीमियम और चुनिंदा खबरें अब द मूकनायक के न्यूज़ एप्प पर पढ़ें। Google Play Store से न्यूज़ एप्प इंस्टाल करने के लिए यहां क्लिक करें.

Related Stories

No stories found.
The Mooknayak - आवाज़ आपकी
www.themooknayak.com