
नई दिल्ली- मई महीने के पहले ही दिन आम आदमी को महंगाई का तगड़ा झटका लगा है। सरकारी तेल कंपनियों ने 1 मई से 19 किलो वाले कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में एक साथ ₹993 की रिकॉर्ड तोड़ बढ़ोतरी का ऐलान किया है, जिसने व्यापार जगत और आम आदमी, दोनों की चिंता बढ़ा दी है।
राजधानी दिल्ली में कमर्शियल सिलेंडर की कीमत अब ₹2,078.50 से बढ़कर ₹3,071.50 हो गई है। इसी तरह मुंबई में यह ₹3,024, कोलकाता में ₹3,202 और चेन्नई में ₹3,237 तक पहुँच गई है।
तेल कंपनियों ने आम लोगों को राहत देते हुए घरेलू 14.2 किलो वाले सिलेंडर के दाम में कोई इजाफा नहीं किया है। दिल्ली में यह अभी भी ₹913 पर बना हुआ है।
लेकिन विशेषज्ञ इसे "राहत का भ्रम" मानते हैं। अर्थशास्त्रियों का तर्क है कि जब कमर्शियल गैस महंगी होती है, तो उसका परोक्ष असर अंततः आम आदमी की जेब पर ही पड़ता है- दूध, ब्रेड और अन्य प्रसंस्कृत खाद्य पदार्थों की निर्माण लागत बढ़ने से बाजार में मुद्रास्फीति का दबाव बढ़ना तय है। हालांकि घरेलू सिलेंडर की कीमतों में फिलहाल कोई बदलाव नहीं हुआ है, लेकिन बाहर खाने की लागत बढ़ने से आम आदमी पर दोहरी मार पड़ने वाली है। घर में खाना बनाना पहले जैसा ही रहेगा, लेकिन होटल या ढाबे में खाना अब महंगा हो जाएगा। इसका सीधा असर मध्यम वर्ग और दैनिक मजदूरी करने वाले लोगों की जेब पर पड़ेगा।
इस मूल्य वृद्धि का सीधा और सबसे गहरा असर होटल, रेस्टोरेंट, ढाबों और कैटरिंग सेवाओं पर पड़ने वाला है। विशेषज्ञों का अनुमान है कि बाहर का खाना 10 से 15 प्रतिशत तक महंगा हो सकता है। न केवल बड़े रेस्टोरेंट के बिल बढ़ेंगे, बल्कि गली-नुक्कड़ पर मिलने वाले स्ट्रीट फूड, समोसे और चाय की कीमतों में भी इजाफा देखने को मिल सकता है।
उत्तर प्रदेश में भी कारोबारियों को बड़ा झटका लगा है, आगरा में कमर्शियल सिलेंडर ₹3,125.50, लखनऊ में ₹3,194 और गोरखपुर में ₹3,255.50 तक पहुँच गया है।
कांग्रेस के अनुसार, पिछले चार महीनों में कमर्शियल सिलेंडर कुल ₹1,518 महंगा हो चुका है जनवरी में ₹111, फरवरी में ₹50, एक मार्च को ₹31, 7 मार्च को ₹115, एक अप्रैल को ₹218 और अब 1 मई को ₹993 रूपये की बढ़ोतरी ने आम आदमी की कमर तोड़ दी है।
कांग्रेस सांसद मणिकम टैगोर ने केंद्र पर तीखा हमला बोला और कहा, "29 अप्रैल को वोट डाले, 1 मई को दाम बढ़ाए। चुनाव से पहले: चुप्पी। चुनाव के बाद: 19 किलो कमर्शियल सिलेंडर पर ₹990 की छलांग। छोटे रेस्टोरेंट, चाय की दुकानें और रेहड़ी-पटरी वाले अब दाम बढ़ाएंगे। यह कोई संयोग नहीं, यह एक पैटर्न है।"
कांग्रेस पार्टी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को "Inflation Man Modi" यानी 'महंगाई मैन मोदी' करार दिया और सरकार पर बार-बार कमर्शियल सिलेंडर की कीमतें बढ़ाकर व्यापारियों पर बोझ डालने का आरोप लगाया।
गैस सिलेंडर की कीमतों में बढ़ोतरी के साथ-साथ 1 मई से डिलीवरी प्रक्रिया में भी बड़ा बदलाव किया गया है, अब उपभोक्ताओं को सिलेंडर प्राप्त करने के लिए OTP आधारित सिस्टम का पालन करना होगा और बिना OTP के किसी भी हालत में सिलेंडर की डिलीवरी नहीं होगी।
महंगाई की यह मार केवल बड़े होटल और रेस्टोरेंट तक सीमित नहीं है। शहर के चौक-चौराहों पर छोटे टी-स्टॉल, ठेला और नाश्ता सेंटर चलाने वाले दुकानदार सबसे ज्यादा प्रभावित हो रहे हैं। उनके लिए ₹1000 के आसपास की बढ़ोतरी का मतलब है- पूरे दिन की कमाई पर सीधा असर।
कई छोटे व्यवसायी अब अपने खर्च कम करने या दाम बढ़ाने के बीच संतुलन बनाने की कोशिश कर रहे हैं। उदयपुर में रानीरोड पर चाय-मैगी की मोबाइल वैन लगाने वाले कपल कहते हैं गैस की रेट बढ़ने से चाय की कप 10 की बजाय 15 रूपये तक महँगी हो सकती है, इसी तरह सिंपल मसाला मैगी का एक प्लेट 10 रूपये महंगा होकर 60 रूपये हो चुका है।
यही पर वेंडर दीपक कहते हैं पहले वह हॉट कॉफ़ी 40 रूपये की बेचते थे जिसे अप्रेल में 50 रूपये करना पड़ा, ग्राहक टूटने लगे हैं क्योंकि उन्हें ये महँगा लगता है लेकिन हम भी क्या करें, टंकी की किल्लत और बढ़ती महंगाई के मद्देनजर रेट बढाने के अलावा कोई चारा भी तो नहीं है।
होटल या ढाबे में खाना महंगा होने का अंदेशा है। इसका सीधा असर मध्यम वर्ग और दैनिक मजदूरी करने वाले लोगों की जेब पर पड़ेगा। छोटे छोटे भोजनालयों पर इसका सबसे ज्यादा असर दिखेगा जहाँ 50 रूपये की सबसे सस्ती थाली जिसमे 4 रोटी, दाल और एक सब्जी शामिल है, के भाव 20 रूपये तक महंगे हो सकते हैं।
द मूकनायक की प्रीमियम और चुनिंदा खबरें अब द मूकनायक के न्यूज़ एप्प पर पढ़ें। Google Play Store से न्यूज़ एप्प इंस्टाल करने के लिए यहां क्लिक करें.
‘द मूकनायक’ जनवादी पत्रकारिता करता है. यह संविधान, लोकतंत्र और सामाजिक न्याय पर चलने वाला मीडिया समूह है. अगर आप भी चाहते हैं कि ‘द मूकनायक’ हमेशा हाशिए पर खड़े लोगों की आवाज़ बुलंद करता रहे, बेजुबानों की पीड़ा दिखाते रहे तो सपोर्ट करें.
यहां सपोर्ट करें