
भोपाल। मध्यप्रदेश के देवास जिले के सोनकच्छ क्षेत्र से एक बेहद शर्मनाक और कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े करने वाली घटना सामने आई है। यहां बचपन में तय की गई सगाई टूटने से नाराज लड़के पक्ष के लोगों ने लड़की के माता-पिता का अपहरण कर लिया और उनके साथ अमानवीय व्यवहार किया। आरोपियों ने न केवल दंपती के साथ मारपीट की, बल्कि उन्हें जूते-चप्पलों की माला पहनाकर सार्वजनिक रूप से अपमानित भी किया। इस घटना का वीडियो शनिवार को सामने आने के बाद मामला तेजी से सुर्खियों में आ गया और पुलिस हरकत में आई।
घटना 30 अप्रैल की बताई जा रही है, जब उज्जैन निवासी दंपती सोनकच्छ क्षेत्र के ग्राम भटकुंड में एक शोक कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे थे। कार्यक्रम से लौटते समय पहले से घात लगाए बैठे आरोपियों ने उन्हें रास्ते में रोक लिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आरोपियों ने पहले दंपती से विवाद किया और फिर जबरन उन्हें अपनी कार में बैठाकर वहां से ले गए।
जबरन कार में बैठाकर गांव ले गए, की बर्बर मारपीट
बताया जा रहा है कि आरोपियों ने पति-पत्नी को जबरन कार में बैठाकर आष्टा तहसील के ग्राम टीबूपुरा ले जाया गया। यहां उन्हें बंधक बनाकर बुरी तरह पीटा गया। आरोपियों की क्रूरता यहीं नहीं रुकी, उन्होंने दंपती को जूते-चप्पलों की माला पहनाकर अपमानित किया और इस पूरी घटना का वीडियो भी बनाया। वायरल वीडियो में कुछ महिलाएं भी दंपती के साथ मारपीट करती दिखाई दे रही हैं, जो इस घटना की गंभीरता को और बढ़ाता है।
पीड़ित परिवार का आरोप है कि इस दौरान आरोपियों ने उनके गहने भी छीन लिए, जिससे यह मामला केवल अपहरण और मारपीट तक सीमित नहीं रह जाता, बल्कि लूट और सामाजिक उत्पीड़न का भी रूप ले लेता है।
10 साल पहले तय हुई थी सगाई, अब तोड़ने पर बढ़ा विवाद
जानकारी के मुताबिक, दोनों परिवारों के बीच करीब 10 साल पहले सगाई तय हुई थी, जब दोनों बच्चे काफी छोटे थे। समय के साथ परिस्थितियां बदलीं और हाल ही में लड़की पक्ष ने यह सगाई तोड़ते हुए अपनी बेटी के लिए दूसरी जगह रिश्ता तय कर दिया। इसी बात से नाराज लड़के पक्ष के लोग लगातार दबाव बना रहे थे कि शादी उसी लड़के से कराई जाए, जिससे बचपन में सगाई हुई थी।
नाबालिग बेटी की शादी से इनकार
पीड़ित पिता ने पुलिस को दिए बयान में स्पष्ट किया है कि उनकी बेटी अभी नाबालिग है, इसलिए उन्होंने कानून का पालन करते हुए शादी से इनकार कर दिया और सगाई तोड़ दी। उन्होंने बताया कि इस मुद्दे को लेकर समाज स्तर पर कई बार बैठकों और समझाइश का प्रयास किया गया, लेकिन लड़के पक्ष के लोग नहीं माने और विवाद लगातार बढ़ता गया। अंततः यह विवाद हिंसा और अपराध में बदल गया।
चार आरोपियों पर केस दर्ज, एक गिरफ्तार
पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों, भादर, बाबूसिंह, प्रभू और गोरा बंजारा निवासी टीबूपुरा के खिलाफ अपहरण, मारपीट, लूट और अन्य धाराओं में मामला दर्ज किया है। अब तक एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि अन्य फरार हैं और उनकी तलाश जारी है। पुलिस का कहना है कि वीडियो और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
शादी के विवाद ने लिया हिंसक रूप
सोनकच्छ थाना प्रभारी अजय गुर्जर के अनुसार, यह मामला शादी को लेकर लंबे समय से चल रहे विवाद का परिणाम है। वहीं, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जयवीर सिंह भदौरिया ने बताया कि आरोपियों ने फरियादी दंपती के साथ मारपीट कर अभद्र व्यवहार किया है और पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। उन्होंने आश्वासन दिया कि दोषियों को किसी भी हालत में बख्शा नहीं जाएगा।
द मूकनायक की प्रीमियम और चुनिंदा खबरें अब द मूकनायक के न्यूज़ एप्प पर पढ़ें। Google Play Store से न्यूज़ एप्प इंस्टाल करने के लिए यहां क्लिक करें.
‘द मूकनायक’ जनवादी पत्रकारिता करता है. यह संविधान, लोकतंत्र और सामाजिक न्याय पर चलने वाला मीडिया समूह है. अगर आप भी चाहते हैं कि ‘द मूकनायक’ हमेशा हाशिए पर खड़े लोगों की आवाज़ बुलंद करता रहे, बेजुबानों की पीड़ा दिखाते रहे तो सपोर्ट करें.
यहां सपोर्ट करें