
नई दिल्ली- दिल्ली पुलिस और अर्धसैनिक बलों की भारी तैनाती के बीच कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के समर्थकों ने जंतर-मंतर पर धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया। पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके अमेरिका से दिल्ली पहुंचे और शांतिपूर्ण आंदोलन की शुरुआत की।
दिल्ली पुलिस के अतिरिक्त उपायुक्त (नई दिल्ली जिला) कार्यालय ने आज ही पार्टी को जंतर-मंतर पर 10:00 बजे सुबह से शाम 5:00 बजे तक धरना प्रदर्शन की अनुमति दे दी। पत्र संख्या 88321/ND (X) दिनांक 06/06/2026 के माध्यम से जारी इस अनुमति में कहा गया है कि शर्तों के साथ एक बारगी छूट दी गई है, जो सुप्रीम कोर्ट के 23 जुलाई 2018 के आदेश का पालन करते हुए जारी की गई है।
इस हफ्ते की शुरुआत में अभिजीत दीपके ने कहा था कि वे बोस्टन से भारत लौट रहे हैं और 6 जून को जंतर मंतर पर प्रदर्शन कर शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग करेंगे। परीक्षाओं में हुई कथित अनियमितताओं और लापरवाहियों के खिलाफ यह प्रदर्शन किया जा रहा है।
प्रसिद्ध शिक्षा सुधारक और जलवायु कार्यकर्ता सोनम वांगचुक ने कहा था कि अगर 5 जून तक मंत्री इस्तीफा नहीं देते तो वे भी इस प्रदर्शन में शामिल होंगे।
शनिवार सुबह अभिजीत दीपके दिल्ली पहुंचे और दिल्ली पुलिस से प्रदर्शन की अनुमति लेकर जंतर मंतर धरना स्थल रवाना हुए. अमेरिका से दिल्ली पहुंचने के बाद अभिजीत दीपके ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा,
“जंतर-मंतर पर सबसे मिलने के लिए उत्सुक हूं। हमें इस आंदोलन को प्यार और शांति के साथ आगे बढ़ाना है!”
प्रदर्शन को देखते हुए दिल्ली पुलिस और अर्धसैनिक बलों ने राजधानी के प्रमुख स्थानों पर सुरक्षा कड़ी कर दी है। जंतर-मंतर क्षेत्र में भारी संख्या में पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं। अधिकारियों ने कहा कि शांति बनाए रखने के लिए सभी जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं।
कॉकरोच जनता पार्टी के समर्थक सुबह से ही जंतर-मंतर पहुंचने शुरू हो गए थे। अनुमति मिलने के बाद प्रदर्शन औपचारिक रूप से शुरू हो गया है। प्रदर्शनकारी शिक्षा व्यवस्था में सुधार और परीक्षा सुधार की मांगों को लेकर नारे लगा रहे हैं।
अनुमति पत्र में S.O. No. L&O/48/2022 के तहत दी गई सभी शर्तों का पालन करने को कहा गया है। किसी भी तरह की हिंसा या सार्वजनिक व्यवस्था भंग होने पर कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है।
प्रदर्शन अभी जारी है। इसकी मांगों और आगे की घटनाक्रम पर नजर बनी हुई है।
द मूकनायक की प्रीमियम और चुनिंदा खबरें अब द मूकनायक के न्यूज़ एप्प पर पढ़ें। Google Play Store से न्यूज़ एप्प इंस्टाल करने के लिए यहां क्लिक करें.
‘द मूकनायक’ जनवादी पत्रकारिता करता है. यह संविधान, लोकतंत्र और सामाजिक न्याय पर चलने वाला मीडिया समूह है. अगर आप भी चाहते हैं कि ‘द मूकनायक’ हमेशा हाशिए पर खड़े लोगों की आवाज़ बुलंद करता रहे, बेजुबानों की पीड़ा दिखाते रहे तो सपोर्ट करें.
यहां सपोर्ट करें