भीम आर्मी व आजाद समाज पार्टी का ऐलान: UGC ACT के समर्थन में 12 फरवरी को भोपाल में करेंगे CM हाउस का घेराव।
भोपाल। भीम आर्मी भारत एकता मिशन एवं आजाद समाज पार्टी मध्यप्रदेश के बैनर तले यूजीसी एक्ट (UGC ACT) के समर्थन में मुख्यमंत्री निवास (CM हाउस) भोपाल के घेराव का कार्यक्रम 12 फरवरी को करेंगे, संगठन ने इसकी आधिकारिक घोषणा करते हुए प्रदेशभर के कार्यकर्ताओं, छात्रों और समाज के लोगों से बड़ी संख्या में शामिल होने की अपील की है। भोपाल के अंबेडकर पार्क जयंती मैदान में कार्यकर्ता जुटेंगे इसके बाद रैली के रूप में मुख्यमंत्री निवास की ओर कूच करेंगे।
आयोजकों के अनुसार, यह कार्यक्रम ओबीसी, एससी और एसटी समाज के सम्मान, अधिकारों और शिक्षा में समान अवसर सुनिश्चित करने की मांग को लेकर किया जा रहा है। उनका कहना है कि उच्च शिक्षा संस्थानों में आरक्षण, भर्ती प्रक्रियाओं में पारदर्शिता और प्रतिनिधित्व जैसे मुद्दों पर गंभीर पहल की आवश्यकता है।
इस संबंध में जानकारी देते हुए आजाद समाज पार्टी के वरिष्ठ नेता सुनील अस्तेय ने बताया कि विभिन्न सामाजिक संगठनों और वर्गों के प्रतिनिधि इस कार्यक्रम में शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि आंदोलन पूरी तरह शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक तरीके से आयोजित किया जाएगा तथा इसका उद्देश्य संविधान प्रदत्त अधिकारों की रक्षा करना है।
वहीं भीम आर्मी भारत एकता मिशन के पदाधिकारियों ने कहा कि शिक्षा सामाजिक परिवर्तन का प्रमुख माध्यम है। यदि वंचित वर्गों को समान अवसर नहीं मिलते, तो सामाजिक न्याय की अवधारणा अधूरी रह जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि UGC ACT के समर्थन के साथ-साथ शिक्षा में पारदर्शिता और आरक्षण से जुड़े प्रावधानों के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर जनजागरूकता बढ़ाना कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य है।
संगठन ने सभी कार्यकर्ताओं से अपील की है कि वे शांतिपूर्ण, अनुशासित और लोकतांत्रिक तरीके से अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें तथा संविधानिक मूल्यों को मजबूत बनाने में सहयोग दें। राजधानी भोपाल में प्रस्तावित यह घेराव कार्यक्रम शिक्षा और सामाजिक न्याय के मुद्दों पर महत्वपूर्ण संदेश देने वाला माना जा रहा
अलर्ट पर पुलिस प्रशासन
संगठन के पदाधिकारियों का दावा है कि 12 फरवरी को होने वाले CM हाउस घेराव में प्रदेशभर से हजारों कार्यकर्ता और समर्थक भोपाल पहुंचेंगे, जिसके चलते प्रशासन भी अलर्ट मोड में आ गया है। राजधानी में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी किए जाने, अतिरिक्त पुलिस बल तैनात करने और यातायात व्यवस्था में संभावित बदलाव की तैयारी की जा रही है। प्रशासनिक अधिकारियों का कहना है कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं, वहीं आयोजकों ने भी प्रदर्शन को पूरी तरह शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक तरीके से आयोजित करने की बात दोहराई है।
द मूकनायक की प्रीमियम और चुनिंदा खबरें अब द मूकनायक के न्यूज़ एप्प पर पढ़ें। Google Play Store से न्यूज़ एप्प इंस्टाल करने के लिए यहां क्लिक करें.

