दिल्ली के साकेत कोर्ट में भीड़ के सामने महिला पर फायरिंग, आरोपी गिरफ्तार

दिल्ली के साकेत कोर्ट में भीड़ के सामने महिला पर फायरिंग, आरोपी गिरफ्तार

नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली की कोर्ट भी अब सुरक्षित नहीं है। शुक्रवार सुबह साकेत कोर्ट में सनसनीखेज वारदात सामने आई है। साकेत कोर्ट में सुबह एक महिला को गोली मार दी गई। महिला को गवाही के लिए कोर्ट लाया गया था। एनएससी थाना अध्यक्ष ने महिला को अपनी गाड़ी से अस्पताल में भर्ती कराया है। घटना के बाद दिल्ली पुलिस में हड़कंप मच गया है। साकेत कोर्ट में महिला पर फायरिंग करने वाले कामेश्वर सिंह को दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने फरीदाबाद से गिरफ्तार कर लिया है।

महिला की पहचान एम राधा के रूप में हुई है, जिसकी उम्र 40 के आसपास बताई जा रही है। घायल महिला को मैक्स साकेत अस्पताल ले जाया गया। प्रत्यक्षदर्शी रणजीत सिंह दलाल के मुताबिक कुल 4-5 राउंड फायरिंग की गई। आरोपी व्यक्ति निलंबित वकील है, गोली मारने के बाद वह कैंटीन के पिछले दरवाजे से फरार हो गया।

सूत्रों से सूचना मिली कि देर सायं दिल्ली पुलिस ने महिला पर गोली चलाने वाले वकील को फरीदाबाद से हिरासत में ले लिया है। हालांकि फरीदाबाद पुलिस ने अभी तक इस मामले का खुलासा नहीं किया है। पूछे जाने पर फरीदाबाद पुलिस ऎसी किसी जानकारी से इंकार रही है , जबकि दिल्ली पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार वकील कामेश्वर प्रसाद सिंह को फरीदाबाद से हिरासत में लिया गया है।

आरोपी की पहचान कामेश्वर प्रसाद सिंह उर्फ विनोद सिंह के रूप में हुई है। उसे बार काउंसिल ने एक मामले में निलंबित कर दिया था। दावा किया जा रहा है कि हमलावर वकील ने पीड़ित महिला को 25 लाख रुपए दिए थे। बाद में महिला पैसा लौटाने में आनाकानी कर रही थी।

उधर, महिला के पति ने मीडिया से बातचीत में बताया कि सुबह 10 बजे एक मामले की सुनवाई के लिए उसे कोर्ट में छोड़ दिया था। इसके तुरंत बाद उनके पास फोन आया कि उनकी पत्नी को गोली मार दी गई है।

घटना सुबह करीब 10:30 बजे की बताई जा रही है। गोलीबारी में घायल महिला की पहचान राधा के रूप में हुई है। उसकी उम्र लगभग 40 वर्ष बताई जा रही है। महिला को तीन गोलियां लगी, दो पेट में तथा एक हाथ में लगी। इसी दौरान एक अन्य व्यक्ति को भी गोली लगी। दोनों को तुरंत नज़दीक के मेक्स साकेत अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।

पिछले साल इसी वकील की शिकायत पर चीटिंग के केस में अरेस्ट हुई थी महिला

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, दिल्ली पुलिस की डीसीपी (साउथ) चंदन चौधरी ने बताया कि महिला के अलावा जिस एक और शख्स को गोली लगी है, दोनों खतरे से बाहर हैं और उन्हें अस्पताल से छुट्टी मिल गई है। डीसीपी ने बताया कि जिस महिला को गोली लगी है उसका नाम एम. राधा है। वह पिछले साल दिसंबर में चीटिंग के एक केस में गिरफ्तार हुई थी। जिस वकील ने शुक्रवार को उसे गोली मारी, वह दिसंबर वाले केस में पीड़ित था। उसी की दर्ज कराई एफआईआर पर महिला की गिरफ्तारी हुई थी।

साकेत कोर्ट की सुरक्षा पर सवाल

घटना के बाद सवाल उठ रहा है कि आखिर दिन दहाड़े कोर्ट में शख्स हथियार लेकर कैसे पहुंच गया। कोर्ट के मुख्य गेट पर मेटल डिटेक्टर भी है। इसके बावजूद घटना को अंजाम दिया गया। ऐसे में साकेत कोर्ट में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं। जिस जगह पर यह वारदात हुई उसको लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। हमला कोर्ट के परिसर में हुआ है। ऐसे में इतनी सिक्योरिटी के बावजूद हमलावर वहां कैसे पहुंच गया। यह सवाल बना हुआ है।

दिल्ली के साकेत कोर्ट में भीड़ के सामने महिला पर फायरिंग, आरोपी गिरफ्तार
ग्राउंड रिपोर्ट: भोपाल का आदमपुर क्षेत्र जहां की पानी और हवा हो चुकी है जहरीली, कृषि और स्वास्थ्य चुनौतियों से जूझ रहे ग्रामीण

साकेत कोर्ट में फायरिंग की घटना पर मंत्री सौरभ भारद्वाज ने एलजी पर निशाना साधा है। उन्होंने ट्वीट किया है कि नए LG साहब के आने के बाद दिल्ली की क़ानून व्यवस्था लगातार बद से बदतर होती जा रही है। उन्होंने पुलिस की कार्यशैली पर भी सवाल उठाए. सौरभ भारद्वाज ने कहा कि कोर्ट में दिनदहाड़े गोलियां चलाई जा रही हैं। दिल्ली की पुलिस 350 करोड़ के भ्रष्टाचार में पूरी तरह से डूब गई है।

पुलिस की टीम घटना की जांच में जुटी

घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर काफी वायरल हुआ। जिसमें दिखा जा रहा है कि महिला को कुछ लोग लेकर जा रहे हैं. महिला दर्द के मारे चिल्लाते हुए नजर आती है। पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि गोली चलने की घटना सामने आई है। महिला से अभी कोई बात नहीं हो पाई है। उसे अस्पताल ले जाया गया है। जल्द ही हमले के बारे में उससे पूछताछ की जाएगी।

हमले से पहले की थी रेकी

रिपोर्ट्स के मुताबिक, पुलिस का कहना है कि हमलावर ने पहले से कोर्ट परिसर की रेकी कर रखी थी। उसे पूरे कोर्ट परिसर की जानकारी थी। हमलावर ने बेहद करीब से महिला को गोली मारी। पुलिस को अंदेशा है कि या तो हमलावर ने कोर्ट परिसर में पहले से ही हथियार छुपा रखा था या वकील की ड्रेस पहनने की वजह से सुरक्षाकर्मियों ने उसकी जांच नहीं की। फिलहाल पुलिस हर एंगल से घटना की जांच कर रही है।

दिल्ली में कानून व्यवस्था चरमराई, बोले - अरविंद केजरीवाल

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने ट्वीट कर लिखा कि दिल्ली में क़ानून व्यवस्था पूरी तरह से चरमरा गयी है। दूसरों के कामों में अड़चन करने और हर बात पर गंदी राजनीति करने की बजाय सबको अपने-अपने काम पर ध्यान देना चाहिये, और अगर नहीं सँभलता तो इस्तीफ़ा दे देना चाहिए ताकि कोई और कर ले। लोगों की सुरक्षा रामभरोसे नहीं छोड़ी जा सकती।

रोहिणी कोर्ट में भी चली थीं गोलियां

24 सितंबर, 2021 को दिल्ली के रोहिणी कोर्ट में गैंगस्टर जितेंद्र गोगी की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। उस वक्त भी हमलावरों ने वकील की ड्रेस पहनकर घटना को अंजाम दिया था।जितेंद्र पर हुए हमले के बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई में दोनों हमलावर को एनकाउंटर में मार गिराया था। जितेंद्र को पुलिस ने 2020 में गिरफ्तार किया था। उस पर पेशी के दौरान हमला हुआ था।

दिल्ली के साकेत कोर्ट में भीड़ के सामने महिला पर फायरिंग, आरोपी गिरफ्तार
राजस्थान में मिली धतूरे की नई प्रजाति

द मूकनायक की प्रीमियम और चुनिंदा खबरें अब द मूकनायक के न्यूज़ एप्प पर पढ़ें। Google Play Store से न्यूज़ एप्प इंस्टाल करने के लिए यहां क्लिक करें.

Related Stories

No stories found.
The Mooknayak - आवाज़ आपकी
www.themooknayak.com