
भोपाल/उमरिया। "जब कोयला खनन परियोजना प्रस्तावित हुई थी, तब प्रशासन ने यहां स्कूल, अस्पताल और दूसरी जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने के बड़े-बड़े वादे किए थे। लेकिन आज तक उन वादों का जमीन पर कोई असर दिखाई नहीं देता। न बेहतर शिक्षा की व्यवस्था हुई और न स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार हुआ। दूसरी ओर, खदान के लिए सैकड़ों पेड़ काटे जा रहे हैं। यह जंगल जंगली जानवरों का आश्रय है और पर्यावरण का संतुलन बनाए रखने में भी इसकी महत्वपूर्ण भूमिका है। हम अपने जंगल को इस तरह उजड़ने नहीं देंगे यह हमारा घर है, हमारे जंगल हैं, हमारे तालाब हैं, इसलिए पेड़ों की कटाई का विरोध जारी रखेंगे।"
यह कहना है उमरिया जिले के घुनघुटी क्षेत्र के आदिवासी युवक महेंद्र सिंह का। द मूकनायक से बातचीत में उन्होंने कोयला खनन परियोजना को लेकर ग्रामीणों की नाराजगी जाहिर की।
मध्य प्रदेश के उमरिया जिले के घुनघुटी क्षेत्र में कोयला खनन परियोजना के खिलाफ आदिवासी ग्रामीणों का विरोध तेज होता जा रहा है। जंगल, जमीन और जलस्रोतों को बचाने की मांग को लेकर ग्रामीण और पर्यावरण प्रेमी दिन-रात धरने पर बैठे हैं। आंदोलन अब दसवें दिन में पहुंच चुका है। इसमें करीब 50 से अधिक लोग शामिल हैं। ग्रामीणों का कहना है कि जिस जंगल और जमीन पर उनकी आजीविका और जीवन निर्भर है, उसी कोयला खनन परियोजना के लिए नष्ट किया जा रहा है।
यह विरोध श्री बजरंग पावर एंड इस्पात लिमिटेड को आवंटित पथौरा वेस्ट कोल ब्लॉक परियोजना के खिलाफ है। ग्रामीणों का आरोप है कि खनन की तैयारियों के दौरान पर्यावरणीय नियमों और स्थानीय समुदायों के हितों की अनदेखी की जा रही है। उनका दावा है कि परियोजना के लिए पेड़ों की कटाई की जा रही है, वहीं नालों और तालाबों को भी नुकसान पहुंचाया जा रहा है। ग्रामीणों के लिए यह केवल कोयला खनन का विरोध नहीं, बल्कि अपने प्राकृतिक संसाधनों, आजीविका और आने वाली पीढ़ियों के भविष्य को बचाने की लड़ाई बन गया है।
द मूकनायक से बातचीत में एक अन्य आदिवासी महिला ने बताया कि जंगलों की कटाई किस तरह शुरू की गई है। उन्होंने कहा कि वर्षों से खड़े विशाल और हरे-भरे पेड़ों को तेजी से काटा जा रहा है। इससे न केवल जंगलों का अस्तित्व खतरे में पड़ रहा है, बल्कि प्राकृतिक जल स्रोतों को भी नुकसान पहुंचाया जा रहा है।
महिला ने बताया कि जंगलों को बचाने के लिए ग्रामीणों ने चिपको आंदोलन भी शुरू किया है। उन्होंने संकल्प लिया है कि वे पेड़ों को नहीं कटने देंगे और अपने हरे-भरे जंगलों को उजड़ने से बचाएंगे। उन्होंने कहा, "चाहे कुछ भी हो जाए, हम अपने जल, जंगल और जमीन की रक्षा करेंगे। हम इन पेड़ों को कटने नहीं देंगे।"
149.69 हेक्टेयर वन भूमि पर खनन परियोजना
पथौरा वेस्ट कोल ब्लॉक परियोजना के लिए लगभग 149.69 हेक्टेयर वन भूमि के डायवर्जन को 14 फरवरी 2026 को केंद्र सरकार से सैद्धांतिक मंजूरी मिली थी। प्रस्तावित परियोजना में भूमिगत खनन के लिए 130.187 हेक्टेयर और सतही सुविधाओं के लिए 19.50 हेक्टेयर जमीन शामिल है।
इस परियोजना से घुनघुटी, गिठौरी और पटनार कला गांव प्रभावित बताए जा रहे हैं। इन गांवों के ग्रामीणों को आशंका है कि खनन गतिविधियों से जंगल का प्राकृतिक स्वरूप बदलेगा और स्थानीय जलस्रोतों पर भी असर पड़ेगा। वन भूमि का उपयोग बदलने से आसपास के पारिस्थितिकी तंत्र, वन्यजीवों और स्थानीय समुदायों की आजीविका पर पड़ने वाले प्रभाव को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।
350 पेड़ों की कटाई के बाद बढ़ा आक्रोश
आंदोलनकारियों के विरोध की एक बड़ी वजह पेड़ों की कटाई है। ग्रामीणों के मुताबिक, परियोजना के लिए 1200 से अधिक पेड़ों की कटाई की अनुमति मिलने के बाद अब तक करीब 350 पेड़ काटे जा चुके हैं।
वन विभाग के एसडीओ दिगेंद्र सिंह ने भी पेड़ों की कटाई की पुष्टि की है। उनका कहना है कि पेड़ों की कटाई की अनुमति मिली है और अब तक लगभग 350 पेड़ काटे जा चुके हैं।
पेड़ों की कटाई के बाद ग्रामीणों का विरोध और तेज हो गया। उनका सवाल है कि जिन जंगलों पर स्थानीय समुदायों की निर्भरता है, उन्हें काटने से पहले पर्यावरण और ग्रामीणों की आजीविका पर पड़ने वाले प्रभावों का कितना आकलन किया गया है।
आंदोलन से जुड़ी प्राप्ति सोनी ने द मूकनायक से बातचीत में बताया कि उमरिया के इस वन क्षेत्र में करीब 40 ज्यादा बाघों का मूवमेंट रहता है। इसके बावजूद यहां माइंस के लिए पेड़ों की कटाई की जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि खनन गतिविधियों के चलते अब तक सैकड़ो पेड़ काटे जा चुके हैं। ग्रामीण लगातार पेड़ों की कटाई का विरोध कर रहे हैं, क्योंकि इससे जंगल और यहां के प्राकृतिक पर्यावरण को नुकसान पहुंच रहा है।
प्राप्ति सोनी ने कहा कि ग्रामीणों की मांग है कि जंगल में पेड़ों की कटाई तत्काल बंद की जाए और माइंस के लिए पेड़ों को न काटा जाए। इसी मांग को लेकर चिपको आंदोलन शुरू किया गया है। उन्होंने कहा कि जब तक ग्रामीणों की मांगें नहीं मानी जातीं और पेड़ों की कटाई पूरी तरह बंद नहीं होती, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा। ग्रामीण अपने जंगल और प्राकृतिक संसाधनों को बचाने के लिए लगातार संघर्ष करते रहेंगे।
जनसुनवाई में विरोध, फिर भी शुरू हुआ काम
ग्रामीणों का कहना है कि कोल ब्लॉक परियोजना को लेकर आयोजित जनसुनवाई के दौरान भी उन्होंने अपनी आपत्तियां दर्ज कराई थीं। इसके बावजूद दीपावली के बाद कंपनी ने परियोजना से संबंधित काम शुरू कर दिया।
काम शुरू होने की जानकारी मिलने के बाद ग्रामीण सड़क से लेकर कार्यस्थल तक विरोध दर्ज कराने पहुंचे। धीरे-धीरे पर्यावरण प्रेमी भी इस आंदोलन से जुड़ गए। अब ग्रामीणों के साथ पर्यावरण संरक्षण से जुड़े लोग भी धरने पर बैठे हैं।
आंदोलनकारियों का आरोप है कि उनकी आपत्तियों और चिंताओं को गंभीरता से नहीं सुना गया। वे परियोजना से संबंधित सभी अनुमतियों, पर्यावरणीय शर्तों और ग्रामीणों की सहमति की प्रक्रिया की पारदर्शी जांच की मांग कर रहे हैं।
तालाब और नालों को नुकसान पहुंचाने का आरोप
ग्रामीणों ने कंपनी पर नालों और तालाबों को पाटने के आरोप भी लगाए हैं। उनका कहना है कि जंगलों की कटाई के साथ प्राकृतिक जलस्रोतों को नुकसान पहुंचने से आने वाले समय में पानी की उपलब्धता प्रभावित हो सकती है।
आदिवासी ग्रामीणों के लिए जंगल केवल पेड़ों का समूह नहीं है। यह उनके जीवन, संस्कृति, आजीविका और प्राकृतिक संसाधनों का आधार है। जंगल से मिलने वाली लघु वनोपज, पानी और अन्य संसाधन उनकी रोजमर्रा की जरूरतों से जुड़े हैं। ऐसे में खनन परियोजना को लेकर उनकी चिंता केवल पर्यावरण तक सीमित नहीं है, बल्कि उनके सामाजिक और आर्थिक भविष्य से भी जुड़ी है।
ग्रामसभा की सहमति के बिना जमीन पर कब्जे की कोशिश का आरोप
आंदोलन कर रहे ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि ग्रामसभा की सहमति के बिना उनकी जमीन पर कब्जे की कोशिश की जा रही है। उनका कहना है कि आदिवासी क्षेत्रों में ग्रामसभा की भूमिका और अधिकारों को नजरअंदाज करके किसी भी तरह की गतिविधि आगे बढ़ाना स्थानीय समुदाय के अधिकारों के साथ अन्याय है।
ग्रामीणों के मुताबिक, जिस क्षेत्र में खनन गतिविधियां प्रस्तावित हैं या संचालित की जा रही हैं, वहां स्थानीय परिवारों की जमीन, जंगल और प्राकृतिक संसाधन जुड़े हुए हैं। ऐसे में किसी भी परियोजना का असर केवल जमीन तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि इससे आसपास रहने वाले परिवारों की आजीविका और जीवनशैली भी प्रभावित होगी।
ग्रामीणों ने इस पूरे मामले में ग्रामसभा की सहमति, आदिवासी समुदाय के पारंपरिक अधिकारों और कानूनी प्रावधानों का पालन सुनिश्चित करने की मांग की है।
कंपनी का काम प्रभावित, प्रशासन और ग्रामीणों के बीच तनाव
लगातार विरोध के कारण परियोजना स्थल पर कंपनी का काम प्रभावित हो रहा है। वहीं अधिकारियों और ग्रामीणों के बीच कई बार बहस की स्थिति भी बन रही है। ग्रामीणों की मांग है कि उनकी समस्याओं का समाधान किए बिना खनन से जुड़ा काम आगे नहीं बढ़ाया जाए।
आंदोलनकारियों का कहना है कि वे अपने जंगल, जलस्रोत और जमीन को बचाने के लिए शांतिपूर्ण तरीके से धरना दे रहे हैं। वे चाहते हैं कि प्रशासन उनकी बात सुने और परियोजना से होने वाले संभावित नुकसान का निष्पक्ष आकलन कराया जाए।
द मूकनायक से बातचीत में स्थानीय पत्रकार सतीश कुमार ने बताया कि घुनघुटी क्षेत्र में कोयला खनन परियोजना को लेकर ग्रामीणों में काफी नाराजगी है। ग्रामीणों को आशंका है कि खनन शुरू होने से उनके आसपास के जंगल, जलस्रोत और पर्यावरण को गंभीर नुकसान पहुंचेगा। पेड़ों की कटाई और तालाबों व नालों को पाटने के आरोपों के बाद लोगों का विरोध और तेज हुआ है। उन्होंने बताया कि ग्रामीण लगातार धरने पर बैठे हैं और पर्यावरण प्रेमी भी उनके समर्थन में शामिल हुए हैं। स्थानीय लोगों की मांग है कि उनकी आपत्तियों को सुना जाए और पर्यावरण एवं आदिवासी अधिकारों से जुड़े सवालों का समाधान किए बिना परियोजना का काम आगे न बढ़ाया जाए।
द मूकनायक की प्रीमियम और चुनिंदा खबरें अब द मूकनायक के न्यूज़ एप्प पर पढ़ें। Google Play Store से न्यूज़ एप्प इंस्टाल करने के लिए यहां क्लिक करें.
'द मूकनायक' जनवादी पत्रकारिता करता है. यह संविधान, लोकतंत्र और सामाजिक न्याय पर चलने वाला मीडिया समूह है। अगर आप भी चाहते हैं कि 'द मूकनायक' हमेशा हाशिए पर खड़े लोगों की आवाज बुलंद करता रहे, बेजुबानों की पीड़ा दिखाते रहें तो सब्सक्राइब करें।
यहां सब्सक्राइब करें