उत्तर प्रदेश: राजधानी लखनऊ से एक बेहद चौंकाने वाला और दर्दनाक मामला सामने आया है। यहां राजेंद्र नगर इलाके में गुरुवार को एक 17 वर्षीय किशोर ने अपनी 42 वर्षीय मां की कथित तौर पर हत्या कर दी। इस वारदात के पीछे की वजह जेंडर चेंज (लिंग परिवर्तन) सर्जरी को लेकर मां-बेटे के बीच हुआ विवाद बताया जा रहा है।
पुलिस के मुताबिक, नाबालिग काफी समय से एक लड़की की तरह रह रहा था और वह खुद का जेंडर बदलने के लिए सर्जरी करवाना चाहता था। इसी बात को लेकर परिवार में अक्सर कलह रहती थी।
यह खौफनाक घटना नाका हिंडोला थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले विजन अपार्टमेंट में घटी। शुरुआती जांच में पता चला है कि मां अपने बच्चे को सर्जरी न करवाने की सलाह दे रही थी। वह चाहती थी कि किशोर इस बड़े कदम को उठाने के बजाय पहले मनोवैज्ञानिक और चिकित्सकीय परामर्श ले।
मां की यही समझाइश किशोर को नागवार गुजरी और बहस ने एक हिंसक रूप ले लिया। पुलिस का कहना है कि गुस्से में आकर नाबालिग ने अपनी मां के सिर पर लोहे के रिंच से जोरदार हमला कर दिया। सिर में आई इन गंभीर चोटों के कारण महिला की जान चली गई।
हैरानी की बात यह है कि इस वारदात को अंजाम देने के बाद किशोर वहां से भागा नहीं, बल्कि उसने खुद ही पुलिस को फोन कर घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम तुरंत अपार्टमेंट पहुंची, जहां महिला का शव पड़ा था और आरोपी नाबालिग मौके पर ही मौजूद था।
पुलिस ने किशोर को तुरंत हिरासत में ले लिया और उससे लगातार पूछताछ की जा रही है। मौके पर पहुंचे वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों और फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल का बारीकी से मुआयना किया और वारदात में इस्तेमाल किए गए हथियार सहित अन्य अहम साक्ष्य जुटा लिए हैं।
महिला के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। नाका हिंडोला के एसएचओ विवेक कुमार चौधरी ने बताया कि शुरुआती निष्कर्षों से ऐसा प्रतीत होता है कि नाबालिग 'जेंडर डिस्फोरिया' (Gender Dysphoria) से ग्रसित है।
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए जांच के दौरान विशेषज्ञों और चिकित्सा पेशेवरों द्वारा किशोर की उचित काउंसलिंग भी कराई जाएगी। फिलहाल पुलिस फोरेंसिक साक्ष्यों के आधार पर घटना की सही कड़ियों को जोड़ने और आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी हुई है।
द मूकनायक की प्रीमियम और चुनिंदा खबरें अब द मूकनायक के न्यूज़ एप्प पर पढ़ें। Google Play Store से न्यूज़ एप्प इंस्टाल करने के लिए यहां क्लिक करें.
'द मूकनायक' जनवादी पत्रकारिता करता है. यह संविधान, लोकतंत्र और सामाजिक न्याय पर चलने वाला मीडिया समूह है। अगर आप भी चाहते हैं कि 'द मूकनायक' हमेशा हाशिए पर खड़े लोगों की आवाज बुलंद करता रहे, बेजुबानों की पीड़ा दिखाते रहें तो सब्सक्राइब करें।
यहां सब्सक्राइब करें