भोपाल। मध्यप्रदेश में महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा को लेकर हालात चिंताजनक हैं। एनसीआरबी (राष्ट्रीय अपराध रिकॉर्ड ब्यूरो) के आंकड़े इस बात की पुष्टि करते हैं कि प्रदेश में महिलाओं और बच्चों के खिलाफ अपराधों की संख्या लगातार बढ़ रही है। हाल ही में सतना जिले में हुई एक घटना ने इस समस्या को फिर उजागर कर दिया है। लेकिन गृह विभाग और पुलिस प्रशासन के पास अपराध की रोकथाम के लिए कोई नए उपाए नहीं हैं।
मध्य प्रदेश के सतना शहर के भरहुत नगर स्थित एक मैरिज गार्डन में रविवार रात एक छह वर्षीय बच्ची का अपहरण कर लिया गया। बच्ची एक विवाह समारोह में अपने परिजनों के साथ शामिल हुई थी। रात करीब 12:30 बजे भीड़ के बीच से आरोपित अतुल त्रिपाठी ने बच्ची को बहलाकर अपने साथ ले गया। बच्ची के लापता होने पर परिजनों ने उसे ढूंढने की कोशिश की, लेकिन सफलता नहीं मिली।
सीसीटीवी फुटेज की मदद से पता चला कि आरोपित बच्ची को लेकर रेलवे स्टेशन की ओर जा रहा था। पुलिस के सायरन की आवाज सुनकर वह बच्ची को रेलवे ट्रैक पर छोड़कर फरार हो गया।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने सर्च ऑपरेशन शुरू किया। तीन थानों की आठ टीमों ने मिलकर बच्ची की तलाश की। इसी दौरान एक राहगीर ने बच्ची को रेलवे ट्रैक के पास अकेला देखा और उसे सुरक्षित उसके परिजनों तक पहुंचाया।सतना पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपित की पहचान की और उसे सिविल लाइन थाना क्षेत्र के भट्ठा मझगवां स्थित उसके घर से गिरफ्तार कर लिया।
सतना के पुलिस अधीक्षक आशुतोष गुप्ता के अनुसार, आरोपित अतुल त्रिपाठी पहले भी अपराध कर चुका है। वर्ष 2015 में वह एक नाबालिग से दुष्कर्म के मामले में दोषी ठहराया गया था और सात साल जेल की सजा काट चुका है।
राष्ट्रीय अपराध रिकॉर्ड ब्यूरो (NCRB) की रिपोर्ट बताती है कि देशभर में महिलाओं और बच्चों के खिलाफ अपराधों की संख्या बढ़ रही है। जिसमें मध्यप्रदेश में संख्या सार्वाधिक है।
एमपी में महिलाओं के खिलाफ अपराध:
2022 में महिलाओं के खिलाफ अपराध के 4,45,256 मामले दर्ज हुए, जो 2021 की तुलना में 4% अधिक हैं।
एमपी में बच्चों के खिलाफ अपराध:
2022 में बच्चों के खिलाफ अपराध के 1,62,449 मामले दर्ज हुए, जो 2021 के 1,49,404 मामलों से 8.7% अधिक हैं। मध्यप्रदेश में भी स्थिति चिंताजनक है। राजधानी भोपाल में 2022 में बच्चों के खिलाफ 758 मामले दर्ज हुए।
द मूकनायक की प्रीमियम और चुनिंदा खबरें अब द मूकनायक के न्यूज़ एप्प पर पढ़ें। Google Play Store से न्यूज़ एप्प इंस्टाल करने के लिए यहां क्लिक करें.