भोपाल। मध्य प्रदेश के उज्जैन शहर के चिमनगंज मंडी थाना क्षेत्र में 16 वर्षीय नाबालिग लड़की के साथ चलती कार में रेप का मामला सामने आया है। यह घटना शुक्रवार शाम की है, जब तीन युवकों ने लड़की को बहला-फुसलाकर अपने साथ कार में ले गए और अपराध को अंजाम दिया। पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि तीसरा आरोपी अभी फरार है।
पुलिस के अनुसार, अहमद नगर कॉलोनी में रहने वाले साहिल ने नाबालिग को बहाने से अपने साथ कार में बैठाया। कार में पहले से दो अन्य युवक मौजूद थे। रास्ते में साहिल ने चलती कार में लड़की का मुंह दबाकर उससे दुष्कर्म किया। घटना के बाद आरोपियों ने लड़की को आरडी गार्डी मेडिकल कॉलेज के पास छोड़ दिया और फरार हो गए।
पुलिस जांच में सामने आया कि पीड़िता और मुख्य आरोपी साहिल की दोस्ती चार महीने पहले एक शादी समारोह में हुई थी। साहिल, लड़की के ही मोहल्ले में रहता है। शुक्रवार सुबह 11 बजे नाबालिग के लापता होने की शिकायत परिजनों ने पुलिस में दर्ज कराई थी। देर शाम जब लड़की मिली, तो उसने अपनी आपबीती सुनाई।
चिमनगंज थाना पुलिस ने बताया कि पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया गया है, जिसकी रिपोर्ट का इंतजार है। वन स्टॉप सेंटर में दिए बयान के अनुसार, पीड़िता ने बताया कि एक ही आरोपी ने उसके साथ दुष्कर्म किया।
पीड़िता के भाई ने बताया, "बहन दोस्तों के साथ घूमने का कहकर घर से निकली थी। उसने बताया कि दो लड़कियां भी उसके साथ थीं, लेकिन वे रास्ते में उतर गईं। इसके बाद साहिल और उसके साथियों ने यह घिनौनी हरकत की।" परिवार ने दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस ने साहिल और उसके एक साथी को गिरफ्तार कर लिया है। तीसरे आरोपी की तलाश जारी है। एसपी प्रदीप शर्मा ने कहा, "मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। जल्द ही फरार आरोपी को भी पकड़ लिया जाएगा।"
एनसीआरबी की रिपोर्ट के मुताबिक 2022 में महिलाओं के खिलाफ अपराध के 4,45,256 मामले दर्ज किए गए, जो 2021 में 4,28,278 की तुलना में 4% की वृद्धि है। वहीं बच्चों के खिलाफ अपराध के 1,62,449 मामले दर्ज किए गए, जो 2021 की तुलना में 8.7% (1,49,404 मामले) की वृद्धि दर्शाते हैं। मध्य प्रदेश में भी बच्चों के खिलाफ मामले बढ़े हैं। आंकड़ों के अनुसार राजधानी भोपाल में साल 2022 में 758 अपराध बच्चों के खिलाफ दर्ज हुए।
द मूकनायक की प्रीमियम और चुनिंदा खबरें अब द मूकनायक के न्यूज़ एप्प पर पढ़ें। Google Play Store से न्यूज़ एप्प इंस्टाल करने के लिए यहां क्लिक करें.