TM Special एमपी में पंचायत से नगर निगम तक चुनाव लड़ेगी आजाद समाज पार्टी, 55 जिलों में संगठन तैयार!

चंद्रशेखर आजाद की पार्टी ने बनाई चुनावी रणनीति, ग्राम पंचायत से जिला पंचायत तक प्रत्याशी उतारेगी; नगरीय निकाय चुनाव में पार्टी के टिकट पर लड़ेंगे उम्मीदवार
TM Special एमपी में पंचायत से नगर निगम तक चुनाव लड़ेगी आजाद समाज पार्टी, 55 जिलों में संगठन तैयार!
Published on: 

भोपाल। मध्य प्रदेश में आगामी त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव और नगरीय निकाय चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज होने लगी हैं। इस बीच सांसद चंद्रशेखर आजाद की पार्टी आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) ने प्रदेश में अपनी राजनीतिक जमीन मजबूत करने और स्थानीय चुनावों में उतरने की तैयारी शुरू कर दी है। पार्टी ने इस बार किसी दूसरे राजनीतिक दल के साथ गठबंधन करने के बजाय स्वतंत्र रूप से चुनाव लड़ने की रणनीति बनाई है। पार्टी का दावा है कि प्रदेश के सभी 55 जिलों में संगठन का विस्तार किया जा चुका है और अब चुनावी मैदान में उतरने की तैयारियां अंतिम चरण में हैं।

द मूकनायक से बातचीत में आजाद समाज पार्टी के मध्य प्रदेश अध्यक्ष सत्येंद्र विद्रोही ने बताया कि पार्टी ने प्रदेश में बूथ स्तर तक संगठन तैयार कर लिया है। आगामी त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में पार्टी ग्राम पंचायत, जनपद पंचायत और जिला पंचायत स्तर पर अपने समर्थित प्रत्याशियों को मैदान में उतारेगी। वहीं नगरीय निकाय चुनाव में पार्टी अपने चुनाव चिह्न और टिकट पर उम्मीदवार उतारकर मुकाबला करेगी।

पंचायत चुनाव में गांव से जिला स्तर तक होगी भागीदारी

सत्येंद्र विद्रोही ने द मूकनायक से बातचीत में बताया कि आजाद समाज पार्टी ने आगामी पंचायत चुनाव को लेकर अपनी तैयारियां शुरू कर दी हैं। पार्टी की योजना केवल जिला मुख्यालयों तक सीमित रहने की नहीं है, बल्कि गांव और पंचायत स्तर तक राजनीतिक भागीदारी सुनिश्चित करने की है।

उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायत, जनपद पंचायत और जिला पंचायत के चुनाव में पार्टी समर्थित उम्मीदवार हिस्सा लेंगे। इसके लिए प्रत्याशियों की पहचान और चयन की प्रक्रिया पर काम किया जा रहा है। जल्द ही पार्टी उन उम्मीदवारों के नाम सार्वजनिक करेगी, जिन्हें पंचायत चुनाव में समर्थन दिया जाएगा।

पार्टी का मानना है कि पंचायत चुनाव के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में संगठन को और मजबूत किया जा सकता है। गांवों में स्थानीय मुद्दों, सामाजिक न्याय, शिक्षा, रोजगार, विकास और वंचित समुदायों से जुड़े सवालों को राजनीतिक मंच देने की तैयारी है।

23 हजार से अधिक ग्राम पंचायतों में चुनावी दखल की तैयारी

मध्य प्रदेश में पंचायत चुनाव का दायरा काफी बड़ा है। भारत सरकार के पंचायत संबंधी आंकड़ों के अनुसार प्रदेश में 23,011 ग्राम पंचायतें हैं। वहीं मध्य प्रदेश विधानसभा में दिसंबर 2025 में दिए गए सरकारी जवाब के अनुसार प्रदेश में 313 जनपद पंचायतें और 52 जिला पंचायतें हैं।

इस तरह प्रदेश में त्रिस्तरीय पंचायत व्यवस्था के तहत हजारों स्थानीय प्रतिनिधियों के चुनाव होते हैं। आजाद समाज पार्टी की रणनीति इन सभी स्तरों पर अपनी राजनीतिक उपस्थिति दर्ज कराने की है।

पार्टी के सामने सबसे बड़ी चुनौती इतने बड़े चुनावी क्षेत्र में मजबूत और स्थानीय स्तर पर सक्रिय उम्मीदवारों की पहचान करना होगी। इसके लिए संगठन के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारियां दी जा रही हैं।

नगरीय निकाय चुनाव में पार्टी के टिकट पर उतरेंगे उम्मीदवार

पंचायत चुनाव के साथ-साथ आजाद समाज पार्टी ने नगरीय निकाय चुनाव को लेकर भी अपनी रणनीति तैयार की है। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष सत्येंद्र विद्रोही के मुताबिक, नगरीय निकाय चुनाव में पार्टी अपने उम्मीदवारों को आधिकारिक टिकट देकर चुनाव लड़ाएगी।

इसमें नगर निगम, नगर पालिका परिषद और नगर परिषद के चुनाव शामिल होंगे। पार्टी की कोशिश है कि शहरी क्षेत्रों में भी अपना राजनीतिक आधार तैयार किया जाए।

मध्य प्रदेश में नगरीय निकायों का चुनावी क्षेत्र भी व्यापक है। मध्य प्रदेश में 16 नगर निगम, 99 नगर पालिका परिषद और 298 नगर परिषद वर्तमान में हैं। यानी कुल 413 नगरीय निकाय।

ऐसे में आजाद समाज पार्टी के लिए शहरी क्षेत्रों में उम्मीदवार उतारना और स्थानीय मुद्दों के आधार पर मतदाताओं तक पहुंचना एक बड़ी राजनीतिक चुनौती और अवसर दोनों होगा।

55 जिलों में संगठन मजबूत होने का दावा, सभाओं में जुट रही भीड़

आजाद समाज पार्टी के नेताओं का दावा है कि मध्य प्रदेश के सभी 55 जिलों में पार्टी के कार्यकर्ता सक्रिय हैं। पार्टी लगातार संगठन निर्माण और कार्यकर्ता सम्मेलन के माध्यम से अपनी पहुंच बढ़ाने में जुटी है।

पार्टी नेताओं का कहना है कि प्रदेश में आयोजित होने वाली सभाओं और कार्यक्रमों में लोगों की अच्छी भागीदारी देखने को मिल रही है। इसे पार्टी अपने बढ़ते जनाधार के संकेत के रूप में देख रही है।

राष्ट्रीय स्तर पर भी पार्टी के प्रमुख और सांसद चंद्रशेखर आजाद मध्य प्रदेश में संगठन के विस्तार पर ध्यान दे रहे हैं। पार्टी की कोशिश है कि प्रदेश में केवल आंदोलनों और सामाजिक मुद्दों तक अपनी भूमिका सीमित न रखकर चुनावी राजनीति में भी प्रभावी भागीदारी दर्ज कराई जाए।

इस बार पूरी ताकत से चुनाव लड़ेगी पार्टी- अस्तेय

आजाद समाज पार्टी के वरिष्ठ नेता सुनील अस्तेय ने भी आगामी स्थानीय निकाय चुनावों को लेकर पार्टी की तैयारी की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि पार्टी इस बार पूरे जोर-शोर से चुनाव लड़ेगी। इसके लिए रणनीति बनाई जा रही है और संगठन के स्तर पर लगातार काम किया जा रहा है।

सुनील अस्तेय के मुताबिक, आजाद समाज पार्टी बहुजन समाज और वंचित समुदायों के अधिकारों के लिए काम कर रही है। पार्टी का उद्देश्य समाज के उन वर्गों को राजनीतिक भागीदारी दिलाना है, जिनकी आवाज अक्सर सत्ता और व्यवस्था में पर्याप्त रूप से नहीं सुनी जाती।

उन्होंने कहा कि भारत के संविधान में प्रत्येक नागरिक को जो अधिकार दिए गए हैं, उनका लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचना चाहिए। सामाजिक न्याय, समानता और संवैधानिक अधिकारों को लेकर पार्टी अपनी राजनीतिक लड़ाई जारी रखेगी।

संख्या के आधार पर टिकट वितरण की रणनीति

आजाद समाज पार्टी की चुनावी रणनीति का एक महत्वपूर्ण पहलू प्रत्याशियों का चयन भी है। पार्टी के नेताओं के मुताबिक, उम्मीदवारों के चयन और समर्थन में सामाजिक प्रतिनिधित्व को प्राथमिकता दी जाएगी।

पार्टी का कहना है कि जिस क्षेत्र में जिस समाज की जितनी संख्या है, उस आधार पर राजनीतिक प्रतिनिधित्व सुनिश्चित करने की कोशिश की जाएगी। यानी टिकट वितरण और समर्थित प्रत्याशियों के चयन में सामाजिक समीकरणों को ध्यान में रखा जाएगा।

इस रणनीति के जरिए पार्टी बहुजन समाज के अलग-अलग वर्गों को स्थानीय सत्ता में भागीदारी दिलाने की कोशिश करना चाहती है। हालांकि, उम्मीदवारों के चयन का अंतिम स्वरूप और सीटवार नाम अभी सार्वजनिक नहीं किए गए हैं।

स्थानीय चुनावों में आजाद समाज पार्टी के लिए कितनी बड़ी चुनौती?

मध्य प्रदेश में पंचायत और नगरीय निकाय चुनावों में भाजपा और कांग्रेस का लंबे समय से प्रभाव रहा है। ऐसे में आजाद समाज पार्टी के सामने इन दोनों प्रमुख दलों के बीच अपनी अलग राजनीतिक पहचान बनाने की चुनौती होगी।

पार्टी का जोर सामाजिक आधार को चुनावी समर्थन में बदलने पर है। यदि पार्टी अपने संगठन के दावों के अनुरूप ग्राम पंचायत से लेकर जिला और शहरी निकायों तक उम्मीदवार उतारने में सफल होती है, तो आगामी स्थानीय चुनावों में उसका प्रदर्शन प्रदेश की राजनीति के लिए महत्वपूर्ण हो सकता है।

फिलहाल पार्टी की ओर से प्रत्याशियों के नाम और सीटवार चुनावी रणनीति सार्वजनिक होना बाकी है। लेकिन प्रदेश अध्यक्ष सत्येंद्र विद्रोही और वरिष्ठ नेता सुनील असते के बयानों से साफ है कि आजाद समाज पार्टी आगामी स्थानीय निकाय चुनावों को गंभीरता से ले रही है।

TM Special एमपी में पंचायत से नगर निगम तक चुनाव लड़ेगी आजाद समाज पार्टी, 55 जिलों में संगठन तैयार!
MP: किसानों पर बीजेपी सांसद जनार्दन मिश्रा की टिप्पणी से विवाद! किसान संगठनों में नाराजगी, जानिए पूरा मामला?
TM Special एमपी में पंचायत से नगर निगम तक चुनाव लड़ेगी आजाद समाज पार्टी, 55 जिलों में संगठन तैयार!
MP के रीवा में जमीन, जल और भविष्य की लड़ाई के बीच ग्रामीणों ने नहीं मनाई दीपावली, घरों में नहीं जले दीये!
TM Special एमपी में पंचायत से नगर निगम तक चुनाव लड़ेगी आजाद समाज पार्टी, 55 जिलों में संगठन तैयार!
दिवाली की आतिशबाजी से बिगड़ी MP की हवा! इंदौर में AQI 320, भोपाल में 50 मीटर रही विजिबिलिटी

द मूकनायक की प्रीमियम और चुनिंदा खबरें अब द मूकनायक के न्यूज़ एप्प पर पढ़ें। Google Play Store से न्यूज़ एप्प इंस्टाल करने के लिए यहां क्लिक करें.

द मूकनायक को सब्सक्राइब करें

'द मूकनायक' जनवादी पत्रकारिता करता है. यह संविधान, लोकतंत्र और सामाजिक न्याय पर चलने वाला मीडिया समूह है। अगर आप भी चाहते हैं कि 'द मूकनायक' हमेशा हाशिए पर खड़े लोगों की आवाज बुलंद करता रहे, बेजुबानों की पीड़ा दिखाते रहें तो सब्सक्राइब करें।

यहां सब्सक्राइब करें