
मालेगाव (नाशिक ग्रामीण)- मालेगाव नगरपालिका के विद्युत विभाग कार्यालय में अश्र की नमाज अदा करने के आरोप में सात व्यक्तियों के विरुद्ध किला पुलिस स्टेशन में FIR दर्ज की गई है। घटना 23 फरवरी को हुई, जबकि FIR 25 फरवरी रात दर्ज हुई।
FIR भारतीय न्याय संहिता (BNS) 2023 की धारा 132, 292, 189(2), 190 तथा महाराष्ट्र पुलिस अधिनियम 1951 की धारा 37(1), 37(3) और 135 में में दर्ज हुई है।
शिकायतकर्ता महेंद्र रघुनाथ सावंत मालेगाव नगरपालिका विद्युत विभाग में वायरमैन है जिन्होंने बताया कि 23 फरवरी को शाम 4 बजे के आसपास इस्मानामे लुकमान कमाल (लोक संघर्ष समिति अध्यक्ष) और सलीम इक्का अपने 4-5 साथियों के साथ कार्यालय पहुंचे। लुकमान ने कहा, “तेरे साहब कहाँ गए? तू गोडाउन कीपर है ना? स्ट्रिट लाइट के लाइटों का हिसाब दे और अपने रजिस्टर बता।” सावंत ने जवाब दिया कि लाइटें विद्युत निरीक्षक वार्डों में लगाने के लिए ले गए हैं, डिटेल निरीक्षक ही देंगे। इसके बाद वे चले गए।
लगभग 5 बजे लुकमान फिर अपने साथियों के साथ लौटा और बोला, “अब नमाज का वक्त हो गया है, आज हम सब विद्युत विभाग कार्यालय के अंदर ही नमाज पढ़ेंगे और स्ट्रिट लाइट लेकर ही जाएंगे।” इसके बाद उन्होंने विद्युत अधिक्षक के केबिन क्षेत्र में नमाज अदा की।
प्रभावित लोग कहते हैं कि विभाग के अधिकारियों ने उन्हें दोपहर 3 बजे बुलाया था। वे घंटों इंतजार कर रहे थे। अश्र का समय होने पर उन्होंने कार्यालय के अंदर नमाज पढ़ ली, ताकि मीटिंग रद्द न हो जाए।
पुलिस ने सभी सात आरोपियों की पहचान कर ली है। लुकमान कमाल लोक संघर्ष समिति के अध्यक्ष बताए जा रहे हैं। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो चुका है। बीजेपी नेता किरीट सोमैया ने मामले में सख्त कार्रवाई की मांग की है। मालेगाव की मेयर नसरिन शेख ने स्वीकार किया कि कार्यालय में नमाज पढ़ी गई, लेकिन भविष्य में ऐसा नहीं होने देंगे। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। अभी तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। स्थानीय स्तर पर विवाद बढ़ता जा रहा है। बुधवार को सकल हिंदू समाज के कार्यकर्ताओं ने घटना के विरोध में एमएमसी परिसर के अंदर हनुमान चालीसा का पाठ किया और मामले में कड़ी कार्रवाई की मांग की।
द मूकनायक की प्रीमियम और चुनिंदा खबरें अब द मूकनायक के न्यूज़ एप्प पर पढ़ें। Google Play Store से न्यूज़ एप्प इंस्टाल करने के लिए यहां क्लिक करें.