
उत्तर प्रदेश: सोमवार शाम कानपुर देहात के जरीहा गांव स्थित एक फैक्ट्री में एक बेहद दर्दनाक हादसा हो गया। यहां लोडिंग के दौरान एक फ्यूल टैंक में अचानक आग लग गई, जिसमें झुलसकर दो मजदूरों ने अपनी जान गंवा दी। हादसे के वक्त फैक्ट्री के अंदर कुल छह मजदूर मौजूद थे। गनीमत रही कि आग भड़कने के तुरंत बाद बाकी बचे मजदूरों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
आग ने इतनी तेजी से विकराल रूप धारण किया कि देखते ही देखते टैंक का ऊपरी हिस्सा पूरी तरह लपटों से घिर गया। इस अग्निकांड की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि आग की ऊंची लपटें और काले धुएं का गुबार घटनास्थल से लगभग दो किलोमीटर दूर से ही साफ दिखाई दे रहा था।
हादसे की सूचना मिलते ही गजनेर थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली इस फैक्ट्री में कई दमकल गाड़ियां और दो अलग-अलग थानों की पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंच गई। पुलिस और प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घायल मजदूरों को एंबुलेंस की मदद से अस्पताल पहुंचाया। वहीं, जान गंवाने वाले दोनों मजदूरों के शवों को कब्जे में लेकर पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
मुख्य अग्निशमन अधिकारी (सीएफओ) प्रतीक श्रीवास्तव ने जानकारी देते हुए बताया कि फैक्ट्री में मौजूद दो फ्यूल टैंकों में से एक में आग लगी थी। दमकल कर्मियों ने सूझबूझ का परिचय देते हुए सबसे पहले पास के दूसरे टैंक को ठंडा किया, ताकि आग और ज्यादा न फैले। इसके बाद फोम का छिड़काव कर करीब आधे घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया। बाद में एहतियात के तौर पर पानी का स्प्रे कर टैंक को पूरी तरह से ठंडा किया गया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक (एसपी) श्रद्धा नरेंद्र पांडेय, अपर पुलिस अधीक्षक (एएसपी) आलोक प्रसाद और क्षेत्राधिकारी (सीओ) संजय सिंह ने भी घटनास्थल का सघन मुआयना किया। एसपी श्रद्धा नरेंद्र पांडेय ने बताया कि फिलहाल फैक्ट्री मालिक से सख्ती से पूछताछ की जा रही है और आग लगने के असल कारणों का पता लगाने के लिए मामले की गहन जांच जारी है।
द मूकनायक की प्रीमियम और चुनिंदा खबरें अब द मूकनायक के न्यूज़ एप्प पर पढ़ें। Google Play Store से न्यूज़ एप्प इंस्टाल करने के लिए यहां क्लिक करें.
'द मूकनायक' जनवादी पत्रकारिता करता है. यह संविधान, लोकतंत्र और सामाजिक न्याय पर चलने वाला मीडिया समूह है। अगर आप भी चाहते हैं कि 'द मूकनायक' हमेशा हाशिए पर खड़े लोगों की आवाज बुलंद करता रहे, बेजुबानों की पीड़ा दिखाते रहें तो सब्सक्राइब करें।
यहां सब्सक्राइब करें