
भोपाल। पिछले कई दिनों से अपनी मांगों को लेकर संघर्ष कर रहे मध्य प्रदेश अधिकारी कर्मचारी संयुक्त मोर्चा के सदस्यों ने सरकार के खिलाफ आंदोलन शुरू कर दिया है। गत रविवार को राजधानी भोपाल के अंबेडकर पार्क में विभिन्न कर्मचारी संगठनों से जुड़े कर्मचारियों ने धरना दिया।
अधिकारी कर्मचारी संयुक्त मोर्चा विगत कई दिनों से अपनी मांगों को लेकर आंदोलन करता आ रहा है। इसके बावजूद शासन द्वारा कोई ठोस कार्रवाई नहीं किए जाने पर सरकार के खिलाफ आंदोलन करने का फैसला किया गया। पुरानी पेंशन योजना को लागू कराने के साथ, अस्थाई कर्मियों का नियमतिकरण होना प्रमुख मांगें हैं।
कर्मचारियों ने इससे पहले माता मंदिर चौराहे से आम्बेडकर मैदान तक तिरंगा यात्रा भी निकाली। रैली में शामिल लोग सरकार से अपनी मांगो को पूरा किए जाने के लिए नारेबाजी करते दिखे।
द मूकनायक से बातचीत करते हुए मंडल से आई महिला कर्मचारी मीना साहू ने बताया कि सरकार के कई बार मांगो को लेकर बात की गई, लेकिन कोई निराकरण नहीं हुआ। इसलिए मजबूरन शासकीय सेवकों को भोपाल आना पड़ा है। हमने सरकार से पुरानी पेंशन योजना को लागू करने और वरिष्ठता के आधार पर पदोन्नति देने की मांग की थी, लेकिन सरकार हमारी मांगो को लेकर गंभीर नहीं है। यदि हमारी मांगें सरकार पूरी नहीं करती तो हम आंदोलन तेज करेंगे।
मोर्चा अपनी 39 मांगो को लेकर आंदोलन कर रहा है। सरकार द्वारा अभी तक एक भी मांगो को पूरा नहीं किया है, जिससे कर्मचारियों में सरकार के प्रति आक्रोश बढ़ता जा रहा है। कर्मचारियों ने सरकार से कहा है कि कर्मचारियों, अधिकारियों की मांगो पर शीघ्र विचार कर मांगो को पूरा करे नहीं तो उसका परिणाम झेलने को तैयार रहे।
इधर, कर्मचारियों की मांगो का कांग्रेस ने समर्थन किया है। धरना के बीच पहुंचे कांग्रेस नेता और प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने कहा कि प्रदेश में कांग्रेस की सरकार आते ही पुरानी पेंशन योजना को लागू कर दिया जाएगा। उन्होंने कहा की कांग्रेस की कर्मचारियों की मांगो पर सहानभूति है।
यह भी पढ़ें-
द मूकनायक की प्रीमियम और चुनिंदा खबरें व्हाट्सअप पर प्राप्त करने के लिए आप हमारे व्हाट्सअप ग्रुप से भी जुड़ सकते हैं। व्हाट्सअप ग्रुप से जुड़ने के लिए यहां क्लिक करें.