
भोपाल। मध्यप्रदेश के छिंदवाड़ा जिला अस्पताल के एसएनसीयू (स्पेशल न्यूबॉर्न केयर यूनिट) में वार्मर में आग लगने की घटना ने गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। शुक्रवार और शनिवार की दरमियानी रात करीब 1:50 बजे कथित तौर पर शॉर्ट सर्किट के बाद वार्मर में आग लग गई। हादसे में तीन नवजात झुलस गए, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद जबलपुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। इलाज के दौरान एक नवजात बच्ची की मौत हो गई, जबकि दो अन्य बच्चों का उपचार जारी है।
मृत बच्ची छिंदवाड़ा जिले के चांद क्षेत्र के खापा गांव निवासी शिवानी वर्मा की थी। बच्ची की नानी झनल दुलारी ने बताया कि उन्हें आग की घटना और बच्ची के झुलसने की जानकारी करीब दो घंटे बाद सुबह 4 बजे दी गई।
30 नवजातों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया
घटना के बाद एसएनसीयू में भर्ती अन्य बच्चों को तत्काल सुरक्षित स्थान पर शिफ्ट किया गया। सिविल सर्जन डॉ. कंचन दुबे के अनुसार, यूनिट में मौजूद 30 अन्य नवजातों को दूसरी यूनिट में पहुंचाया गया और सभी बच्चे सुरक्षित हैं।
प्रशासन और अस्पताल प्रबंधन की ओर से घटना के कारणों की जांच की जा रही है। शुरुआती जानकारी में वार्मर में शॉर्ट सर्किट या स्पार्किंग के बाद आग लगने की बात सामने आई है।
मुख्यमंत्री ने जताया दुख, 4 लाख रुपए सहायता का ऐलान
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने नवजात बच्ची की मौत पर दुख जताया है। उन्होंने मृतक बच्ची के परिजनों को 4 लाख रुपए की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार पीड़ित परिवार के साथ खड़ी है। हादसे में घायल दोनों अन्य नवजात बच्चों के इलाज का पूरा खर्च भी राज्य सरकार उठाएगी। मुख्यमंत्री के निर्देश पर छिंदवाड़ा जिला प्रशासन जबलपुर मेडिकल कॉलेज के डीन के संपर्क में है और दोनों बच्चों के स्वास्थ्य की लगातार जानकारी ली जा रही है।
दो नवजातों का जबलपुर में इलाज जारी
हादसे में झुलसे दो अन्य नवजात बच्चों को बेहतर इलाज के लिए जबलपुर मेडिकल कॉलेज भेजा गया है। दोनों की हालत और उपचार पर डॉक्टरों की निगरानी जारी है। सरकार की ओर से बच्चों को आवश्यक और बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।
स्वास्थ्य मंत्री राजेंद्र शुक्ल पहुंचे अस्पताल
स्वास्थ्य मंत्री राजेंद्र शुक्ल शनिवार को जबलपुर मेडिकल कॉलेज पहुंचे और घायल दोनों नवजात बच्चों के इलाज की जानकारी ली। उन्होंने डॉक्टरों से बच्चों की स्वास्थ्य स्थिति और उपचार व्यवस्था पर चर्चा की।
स्वास्थ्य मंत्री ने बच्चों के परिजनों से भी मुलाकात कर उन्हें हरसंभव सहायता का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि सरकार इस मुश्किल समय में प्रभावित परिवारों के साथ है और दोनों बच्चों को बेहतर से बेहतर इलाज उपलब्ध कराया जाएगा।उन्होंने हादसे में जान गंवाने वाली नवजात बच्ची के निधन पर भी शोक व्यक्त करते हुए परिजनों के प्रति संवेदना जताई।
द मूकनायक की प्रीमियम और चुनिंदा खबरें अब द मूकनायक के न्यूज़ एप्प पर पढ़ें। Google Play Store से न्यूज़ एप्प इंस्टाल करने के लिए यहां क्लिक करें.
'द मूकनायक' जनवादी पत्रकारिता करता है. यह संविधान, लोकतंत्र और सामाजिक न्याय पर चलने वाला मीडिया समूह है। अगर आप भी चाहते हैं कि 'द मूकनायक' हमेशा हाशिए पर खड़े लोगों की आवाज बुलंद करता रहे, बेजुबानों की पीड़ा दिखाते रहें तो सब्सक्राइब करें।
यहां सब्सक्राइब करें