पेंट्री कार का खाना खाने के बाद मंगला लक्षद्वीप एक्सप्रेस में 15-20 स्कूली बच्चे बीमार, खंडवा स्टेशन पर 40 मिनट रुकी ट्रेन

पेंट्री कार का खाना खाने के बाद मंगला लक्षद्वीप एक्सप्रेस में 15-20 स्कूली बच्चे बीमार, खंडवा स्टेशन पर 40 मिनट रुकी ट्रेन
Published on

भोपाल। दिल्ली से केरल जा रही मंगला लक्षद्वीप एक्सप्रेस में शुक्रवार रात उस समय हड़कंप मच गया, जब ट्रेन में यात्रा कर रहे करीब 15 से 20 स्कूली बच्चों की अचानक तबीयत बिगड़ गई। बच्चों ने ट्रेन की पेंट्री कार से खाना खाया था, जिसके कुछ समय बाद कई बच्चों को उल्टी, जी मिचलाने और बेचैनी की शिकायत होने लगी। मामले में फूड पॉइजनिंग की आशंका जताई जा रही है।

बच्चों की तबीयत खराब होने की सूचना रेलवे अधिकारियों को मिलते ही ट्रेन को खंडवा रेलवे स्टेशन पर रोका गया। स्टेशन पर पहले से डॉक्टरों की टीम तैनात की गई थी। मेडिकल टीम ने ट्रेन में पहुंचकर बच्चों की जांच की और उन्हें प्राथमिक उपचार के साथ जरूरी दवाइयां दीं।

रात 9.05 बजे खंडवा पहुंची ट्रेन, 40 मिनट तक चला उपचार

स्टेशन मास्टर जीएल मीणा के अनुसार, मंगला लक्षद्वीप एक्सप्रेस रात करीब 9 बजकर 5 मिनट पर खंडवा रेलवे स्टेशन पहुंची। बच्चों की तबीयत बिगड़ने की सूचना रेलवे प्रशासन को पहले ही मिल चुकी थी, इसलिए स्टेशन पर डॉक्टरों और प्रशासनिक अधिकारियों की टीम को तैयार रखा गया था।

ट्रेन के पहुंचते ही मेडिकल टीम ने प्रभावित बच्चों की जांच शुरू कर दी। करीब 40 मिनट तक ट्रेन खंडवा स्टेशन पर खड़ी रही। इस दौरान बच्चों को प्राथमिक उपचार और आवश्यक दवाइयां दी गईं। उपचार के बाद रात करीब 9 बजकर 45 मिनट पर ट्रेन को भुसावल की ओर रवाना कर दिया गया।

सिविल सर्जन समेत प्रशासनिक अधिकारी पहुंचे

बच्चों की तबीयत बिगड़ने की सूचना पर जिला अस्पताल के सिविल सर्जन डॉ. अनिरुद्ध कौशल, सीएसपी अभिनव बारंगे, सिटी मजिस्ट्रेट बजरंग बहादुर सहित रेलवे और प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे।

डॉक्टरों की टीम ने बच्चों की स्वास्थ्य जांच की और ट्रेन में ही उनका प्राथमिक उपचार किया। अधिकारियों के अनुसार, प्राथमिक उपचार के बाद बच्चों की हालत नियंत्रण में बताई जा रही है।

स्कूल टूर के बाद दिल्ली से केरल लौट रहे थे बच्चे

बताया गया है कि बीमार हुए सभी बच्चे केरल के रहने वाले हैं और एक क्रिश्चियन स्कूल से संबंधित हैं। बच्चों की उम्र करीब 15 से 18 वर्ष बताई जा रही है। वे स्कूल स्टाफ के साथ शैक्षणिक टूर पर दिल्ली गए थे और टूर पूरा होने के बाद मंगला लक्षद्वीप एक्सप्रेस से वापस केरल लौट रहे थे।

स्टेशन मास्टर के अनुसार, इटारसी स्टेशन के बाद बच्चों ने ट्रेन की पेंट्री कार से खाना लिया था। खाना खाने के कुछ समय बाद एक के बाद एक बच्चों ने अस्वस्थ महसूस होने की शिकायत शुरू कर दी। कई बच्चों को उल्टी, जी मिचलाने और बेचैनी की समस्या हुई। इसके बाद ट्रेन में मौजूद स्टाफ ने रेलवे अधिकारियों को सूचना दी।

डॉक्टरों और कर्मचारियों की टीम बच्चों के साथ रवाना

खंडवा स्टेशन पर प्राथमिक उपचार के बाद रेलवे के डॉक्टरों और कर्मचारियों की एक टीम को बच्चों के साथ ट्रेन में ही रवाना किया गया है। अधिकारियों का कहना है कि यात्रा के दौरान बच्चों की तबीयत पर लगातार नजर रखी जाएगी।

यदि किसी बच्चे की हालत में सुधार नहीं होता है या तबीयत ज्यादा बिगड़ती है, तो उन्हें भुसावल रेलवे स्टेशन पर उतारकर अस्पताल में भर्ती कराया जाएगा।

पेंट्री के खाने से फूड पॉइजनिंग की आशंका, जांच के बाद होगा खुलासा

बच्चों के बीमार होने की वास्तविक वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सकी है। हालांकि, पेंट्री कार का खाना खाने के बाद उनकी तबीयत बिगड़ने के कारण फूड पॉइजनिंग की आशंका जताई जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि बीमारी के वास्तविक कारण का पता जांच के बाद ही चल सकेगा।

फिलहाल रेलवे और स्वास्थ्य विभाग की टीमें पूरे मामले पर नजर बनाए हुए हैं और बच्चों की स्वास्थ्य स्थिति की लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है।

पेंट्री कार का खाना खाने के बाद मंगला लक्षद्वीप एक्सप्रेस में 15-20 स्कूली बच्चे बीमार, खंडवा स्टेशन पर 40 मिनट रुकी ट्रेन
MP: धार के बालिका छात्रावास में व्यवस्थाओं पर सवाल, आदिवासी छात्राओं ने नहाने और भोजन को लेकर की शिकायत!
पेंट्री कार का खाना खाने के बाद मंगला लक्षद्वीप एक्सप्रेस में 15-20 स्कूली बच्चे बीमार, खंडवा स्टेशन पर 40 मिनट रुकी ट्रेन
MP: हाई कोर्ट में उठा माइनिंग अफसर के तीसरे बच्चे का मामला, सरकार से पूछा- नौकरी के बाद नियम क्यों नहीं?
पेंट्री कार का खाना खाने के बाद मंगला लक्षद्वीप एक्सप्रेस में 15-20 स्कूली बच्चे बीमार, खंडवा स्टेशन पर 40 मिनट रुकी ट्रेन
MP: कर्नल सोफिया कुरैशी पर बयान मामला: विजय शाह को अभियोजन से राहत, मोहन सरकार नहीं देगी मुकदमे की मंजूरी

द मूकनायक की प्रीमियम और चुनिंदा खबरें अब द मूकनायक के न्यूज़ एप्प पर पढ़ें। Google Play Store से न्यूज़ एप्प इंस्टाल करने के लिए यहां क्लिक करें.

द मूकनायक को सब्सक्राइब करें

'द मूकनायक' जनवादी पत्रकारिता करता है. यह संविधान, लोकतंत्र और सामाजिक न्याय पर चलने वाला मीडिया समूह है। अगर आप भी चाहते हैं कि 'द मूकनायक' हमेशा हाशिए पर खड़े लोगों की आवाज बुलंद करता रहे, बेजुबानों की पीड़ा दिखाते रहें तो सब्सक्राइब करें।

यहां सब्सक्राइब करें
The Mooknayak - आवाज़ आपकी
www.themooknayak.com