दलित बस्तियों में सड़क, पानी और बिजली की सुविधाएं सुधारें: एससी आयोग

बैतूल में अनुसूचित जाति आयोग अध्यक्ष ने की विभागीय योजनाओं की समीक्षा, छात्रावासों की व्यवस्था सुधारने और अत्याचार के मामलों में त्वरित कार्रवाई के दिए निर्देश
दलित बस्तियों में सड़क, पानी और बिजली की सुविधाएं सुधारें: एससी आयोग
Published on: 

भोपाल। मध्यप्रदेश राज्य अनुसूचित जाति आयोग के अध्यक्ष डॉ. कैलाश जाटव ने 25 नवंबर को बैतूल कलेक्ट्रेट में जिला स्तरीय अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में अनुसूचित जाति वर्ग के सामाजिक और आर्थिक विकास से जुड़ी सरकारी योजनाओं की प्रगति, लंबित प्रकरणों और पात्र हितग्राहियों तक योजनाओं का लाभ पहुंचने की स्थिति की समीक्षा की गई। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सरकारी योजनाओं का उद्देश्य तभी पूरा होगा, जब उनका लाभ जरूरतमंद परिवारों तक समय पर पहुंचे।

बैठक में रोजगार और आर्थिक आत्मनिर्भरता से जुड़ी योजनाओं पर विशेष चर्चा हुई। संत रविदास स्वरोजगार योजना और डॉ. भीमराव अंबेडकर आर्थिक कल्याण योजना की प्रगति की समीक्षा करते हुए आयोग अध्यक्ष ने निर्धारित लक्ष्यों को पूरा करने और लंबित आवेदनों पर जल्द निर्णय लेने के निर्देश दिए। उन्होंने पीएम विश्वकर्मा योजना के माध्यम से पात्र लोगों को स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया। इसके अलावा शिक्षा, छात्रवृत्ति, आवास सहायता और सिविल सेवा प्रोत्साहन योजनाओं की स्थिति की जानकारी ली।

अनुसूचित जाति बस्तियों में बुनियादी सुविधाएं बेहतर करने पर जोर

ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में रहने वाले अनुसूचित जाति परिवारों की बुनियादी जरूरतों को लेकर भी अधिकारियों को निर्देश दिए गए। प्रधानमंत्री आवास योजना, स्वच्छ भारत मिशन और पेयजल व्यवस्था की समीक्षा के दौरान पात्र परिवारों को आवास उपलब्ध कराने तथा अनुसूचित जाति बहुल बस्तियों में सड़क, बिजली, स्वच्छता और शुद्ध पेयजल जैसी सुविधाएं सुनिश्चित करने को कहा गया।

डॉ. जाटव ने नल-जल योजनाओं की नियमित निगरानी करने के निर्देश देते हुए कहा कि पेयजल की सुविधा केवल सरकारी रिकॉर्ड तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि उसका वास्तविक लाभ लोगों को मिलना चाहिए।

छात्रावासों में भोजन, पानी और स्वच्छता की व्यवस्था सुधारें

अनुसूचित जाति विद्यार्थियों की सुविधाओं को लेकर आयोग अध्यक्ष ने छात्रावासों की व्यवस्थाओं पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि छात्रावासों में गुणवत्तापूर्ण भोजन, स्वच्छ पेयजल, साफ-सफाई और बेहतर आवासीय वातावरण उपलब्ध कराया जाए।

उन्होंने छात्रावासों में विद्यार्थियों के अभिभावकों से मुलाकात के लिए गेस्ट रूम बनाने तथा महापुरुषों के जीवन और विचारों से विद्यार्थियों को परिचित कराने के लिए प्रेरक सामग्री प्रदर्शित करने का सुझाव दिया। छात्रावासों का नियमित निरीक्षण कर व्यवस्थाओं में सुधार करने पर भी जोर दिया गया।

अत्याचार के मामलों में संवेदनशीलता से हो कार्रवाई

बैठक में अनुसूचित जाति वर्ग के विरुद्ध अत्याचार से जुड़े मामलों की भी समीक्षा की गई। डॉ. जाटव ने पुलिस और संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि ऐसे मामलों में संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई की जाए और पीड़ितों को नियमानुसार राहत राशि समय पर उपलब्ध कराई जाए।

उन्होंने कहा कि दस्तावेजों की कमी या विभागीय समन्वय के अभाव में प्रकरण लंबित नहीं रहने चाहिए। इसके लिए सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय से काम करें। इसके अलावा सफाई मित्रों को आवश्यक कार्य सामग्री उपलब्ध कराने, आउटसोर्स कर्मचारियों के भुगतान और जिले में नशामुक्ति गतिविधियों को आगे बढ़ाने जैसे विषयों पर भी चर्चा की गई।

द मूकनायक से बातचीत में मध्यप्रदेश राज्य अनुसूचित जाति आयोग के अध्यक्ष डॉ. कैलाश जाटव ने बताया कि बैतूल जिले में अनुसूचित जाति वर्ग के सामाजिक और आर्थिक विकास के लिए संचालित योजनाओं की जमीनी स्थिति जानने के उद्देश्य से समीक्षा बैठक आयोजित की गई थी। बैठक में रोजगार, शिक्षा, छात्रवृत्ति, आवास, पेयजल और छात्रावासों से जुड़े मुद्दों पर अधिकारियों से जानकारी ली गई। उन्होंने कहा कि हमारा प्रयास है कि शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम पंक्ति में खड़े पात्र व्यक्ति तक पहुंचे। इसके लिए अधिकारियों को लंबित आवेदनों का शीघ्र निराकरण करने और योजनाओं के क्रियान्वयन की नियमित निगरानी करने के निर्देश दिए गए हैं।

उन्होंने आगे कहा कि अनुसूचित जाति वर्ग के विरुद्ध अत्याचार के मामलों में पीड़ितों को समय पर न्याय और नियमानुसार राहत मिलना जरूरी है। इसमें किसी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जानी चाहिए। आयोग का उद्देश्य केवल समीक्षा बैठक करना नहीं, बल्कि समस्याओं का समाधान सुनिश्चित करना और सरकारी योजनाओं का लाभ वास्तविक हितग्राहियों तक पहुंचाना है।

बस्तियों और छात्रावासों का भी लिया जायजा

बैतूल प्रवास के दौरान आयोग अध्यक्ष ने विभागीय समीक्षा के साथ स्थानीय बस्तियों और छात्रावासों की व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया। इस दौरान पेयजल की गुणवत्ता और बुनियादी सुविधाओं से जुड़े मुद्दे सामने आए। उन्होंने प्रशासन को इन समस्याओं पर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

बैठक में कलेक्टर डॉ. सौरभ संजय सोनवणे, पुलिस अधीक्षक अमित सक्सेना सहित जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

हालांकि, समीक्षा बैठक में अधिकारियों को कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए गए हैं, लेकिन इन निर्देशों का वास्तविक असर जमीनी स्तर पर कितना दिखाई देता है, यह देखना महत्वपूर्ण होगा। खासकर स्वरोजगार योजनाओं के लंबित आवेदनों, छात्रावासों की सुविधाओं, पेयजल व्यवस्था और अत्याचार पीड़ितों को समय पर राहत मिलने के मामले में प्रशासन की आगामी कार्रवाई ही इन निर्देशों की प्रभावशीलता तय करेगी।

दलित बस्तियों में सड़क, पानी और बिजली की सुविधाएं सुधारें: एससी आयोग
MP: छतरपुर में जनजातीय छात्रावासों की बदहाली और भ्रष्टाचार के खिलाफ धरना जारी, अब आंदोलन तेज करने की चेतावनी!
दलित बस्तियों में सड़क, पानी और बिजली की सुविधाएं सुधारें: एससी आयोग
MP: मंदिर में पूजा और हैंडपंप से पानी भरने का अधिकार भी नहीं! लोटा लेकर SP ऑफिस पहुंचीं छतरपुर की दलित महिलाएं
दलित बस्तियों में सड़क, पानी और बिजली की सुविधाएं सुधारें: एससी आयोग
MP: गुना में दलित परिवार पर हमले और सहरिया आदिवासी की 10 बीघा जमीन पर कब्जे का आरोप, जानिए क्या है मामला?

द मूकनायक की प्रीमियम और चुनिंदा खबरें अब द मूकनायक के न्यूज़ एप्प पर पढ़ें। Google Play Store से न्यूज़ एप्प इंस्टाल करने के लिए यहां क्लिक करें.

द मूकनायक को सब्सक्राइब करें

'द मूकनायक' जनवादी पत्रकारिता करता है. यह संविधान, लोकतंत्र और सामाजिक न्याय पर चलने वाला मीडिया समूह है। अगर आप भी चाहते हैं कि 'द मूकनायक' हमेशा हाशिए पर खड़े लोगों की आवाज बुलंद करता रहे, बेजुबानों की पीड़ा दिखाते रहें तो सब्सक्राइब करें।

यहां सब्सक्राइब करें