Rajasthan में मंदिर दर्शन करने पर दलित किशोर के साथ मारपीट: "तुम्हारी इतनी औकात कैसे..!"

गिरफ्तारी नहीं होने से सर्व दलित समाज में आक्रोश, गिरफ्तारी की मांग तेज
पीड़ित किशोर के परिजनों से बातचीत करते हुए दलित संगठनों के प्रतिनिधि
पीड़ित किशोर के परिजनों से बातचीत करते हुए दलित संगठनों के प्रतिनिधि द मूकनायक
Published on

चित्तौड़गढ़- राजस्थान के चित्तौड़गढ़ जिले के घोसुंडा गांव में एक 15 वर्षीय अनुसूचित जाति (रैगर समाज) के छात्र चेतन प्रकाश रेगर के साथ लक्ष्मी नारायण मंदिर परिसर में जातिगत आधार पर मारपीट और धमकी की घटना ने पूरे क्षेत्र में तनाव पैदा कर दिया है। दलित संगठनों ने इसकी कड़ी निंदा की है और अभियुक्तों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की है। घटना के बाद पुलिस ने एफआईआर दर्ज की है, लेकिन अभी तक कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है, जिससे पीड़ित परिवार और समाज में भय का माहौल बना हुआ है।

पीड़ित चेतन प्रकाश रेगर, पिता मांगीलाल रेगर ने थाना चंदरिया में अपनी प्रथम सूचना रिपोर्ट (एफआईआर) में बताया कि दिनांक 7 फरवरी को सुबह लगभग 8 बजे वह लक्ष्मी नारायण मंदिर में दर्शन करने गया था। दर्शन कर वापस लौटते समय कथित उच्च वर्ग के व्यक्ति शुभम सुखवाल ने उसे रोका और जातिगत अपशब्द कहे। रिपोर्ट के अनुसार, शुभम सुखवाल ने कहा, "तुम बोने चमार, तुम्हारी इतनी औकात कैसे हो गई जो हमारे मंदिर में आ गए?" चेतन ने जवाब दिया कि मंदिर में कोई भी दर्शन कर सकता है, तो आक्रोशित होकर शुभम ने उसे "चमार", "गगरहे" आदि जातिसूचक गालियां दीं और धमकी दी कि "आज के बाद हमारे मंदिर में आया तो तुझे जान से मार देंगे।"

डॉ अंबेडकर वेलफेयर सोसाइटी एवं एससी एसटी महासभा, चित्तौड़गढ़,  डॉ अम्बेडकर नागरिक संघ चित्तौड़गढ़ के प्रतिनिधियों ने जिला कलेक्टर से मिलकर चेतन प्रकाश रेगर के साथ हुई मारपीट की निंदा करते हुए राज्य मानवाधिकार आयोग को ज्ञापन दिया।
डॉ अंबेडकर वेलफेयर सोसाइटी एवं एससी एसटी महासभा, चित्तौड़गढ़, डॉ अम्बेडकर नागरिक संघ चित्तौड़गढ़ के प्रतिनिधियों ने जिला कलेक्टर से मिलकर चेतन प्रकाश रेगर के साथ हुई मारपीट की निंदा करते हुए राज्य मानवाधिकार आयोग को ज्ञापन दिया।द मूकनायक

इसके बाद शुभम सुखवाल ने चेतन पर मारपीट शुरू कर दी। रिपोर्ट में कहा गया है कि उसने थप्पड़ मारे, नीचे गिराकर पैरों से लात-घूंसे मारे। साथ ही उसके एक साथी पवन ने भी हमला किया और जान से मारने की कोशिश की। चेतन किसी तरह वहां से भाग निकला। भागते समय अभियुक्त चिल्लाते हुए कह रहे थे कि "अगली बार चमार, तुम्हारी नीची जाति के लोग अब हमारे मंदिर मत जाना, वरना जान से मार देंगे।" मंदिर के पुजारी विनोद ने भी चेतन को जातिगत गालियां दीं और धमकाया।

पुलिस ने प्रकरण भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 126(2), 115(2) तथा अनुसूचित जाति/जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम की धारा 3(1)(र)(स), 3(2)(5) के अंतर्गत दर्ज किया, जांच का जिम्मा पुलिस उपाधीक्षक मुख्यालय चित्तौड़गढ़ बृजेश सिंह के पास है।

डॉ अंबेडकर वेलफेयर सोसाइटी एवं एससी एसटी महासभा, चित्तौड़गढ़, डॉ अम्बेडकर नागरिक संघ चित्तौड़गढ़ के प्रतिनिधियों ने जिला कलेक्टर से मिलकर चेतन प्रकाश रेगर के साथ हुई मारपीट की निंदा करते हुए राज्य मानवाधिकार आयोग को ज्ञापन दिया है।

एससी एसटी महासभा के संयोजक रामेश्वर बैरवा ने बताया कि चेतन प्रकाश रेगर को मन्दिर परिसर शारीरिक मारपीट कर प्रताड़ना शुभम सुखवाल एवं उसके साथियों ने की है ।इस मारपीट की सर्व दलित समाज निंदा करता है। बालक के साथ मारपीट करने वाले समाज कंटकों की अभी तक गिरफ्तारी नहीं होने से चित्तौड़गढ़ अनुसूचित जाति और जनजाति वर्ग में रोष व्याप्त है।

डॉ अंबेडकर वेलफेयर सोसाइटी चित्तौड़गढ़ के उपाध्यक्ष निर्मल कुमार देसाई में बताया कि प्रशासन के द्वारा अभियुक्तों की गिरफ्तारी नहीं करने से परिवार भयभीत है । परिवार भारी मानसिक पीड़ा से गुजर रहा हैं। उनके साथ किसी ओर प्रकार की अनहोनी होने की संभावना बनी हुई है।

इस मौके पर डॉ. अंबेडकर नागरिक संघ के जिला अध्यक्ष बाबूलाल जीनवाल, मांगीलाल सोलंकी, बीएल मीणा, रतनलाल खटीक, अंबालाल सिरसिया, मौसम अली, रतनलाल सालवी, चमन मीणा आदि कई समाजसेवी उपस्थित रहे।

दलित संगठनों ने मांग की है कि शुभम सुखवाल, उसके साथी पवन तथा पुजारी विनोद के खिलाफ तत्काल सख्त कार्रवाई हो, ताकि समाज में कानून का भय बना रहे और भविष्य में ऐसी घटनाओं पर रोक लगे। पीड़ित परिवार को सुरक्षा प्रदान करने और मामले की निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने की भी मांग की गई है।

पीड़ित किशोर के परिजनों से बातचीत करते हुए दलित संगठनों के प्रतिनिधि
केरल में इस MLA ने पेश की करुणा की मिसाल, तीन अनाथ बच्चों को चेन्निथला परिवार ने दिया नया आशियाना
पीड़ित किशोर के परिजनों से बातचीत करते हुए दलित संगठनों के प्रतिनिधि
अहमदाबाद: दलित युवक पर चाकू से जानलेवा हमला, बोले जातिसूचक शब्द; 6 लोगों के खिलाफ केस दर्ज

द मूकनायक की प्रीमियम और चुनिंदा खबरें अब द मूकनायक के न्यूज़ एप्प पर पढ़ें। Google Play Store से न्यूज़ एप्प इंस्टाल करने के लिए यहां क्लिक करें.

The Mooknayak - आवाज़ आपकी
www.themooknayak.com