दलित ड्राइवर वीधी सुब्रमण्यम हत्याकांड: YSRCP नेता अनंत बाबू और उनकी पत्नी मुख्य आरोपी, SIT की चार्जशीट में बड़े खुलासे

YSRCP नेता अनंत बाबू और उनकी पत्नी पर SIT का शिकंजा, हादसे की झूठी थ्योरी खारिज; चार्जशीट में हत्या और साजिश के पुख्ता सबूत।
हत्या
हत्यासाभार- इंटरनेट/ सांकेतिक फोटो
Published on

आंध्र प्रदेश के बहुचर्चित वीधी सुब्रमण्यम हत्याकांड (2022) की जांच में एक बड़ा और अहम मोड़ आया है। स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम (SIT) ने अपनी सप्लीमेंट्री (पूरक) चार्जशीट में वाईएसआर कांग्रेस पार्टी (YSRCP) के एमएलसी अनंत बाबू और उनकी पत्नी को सीधे तौर पर इस मामले में नामजद किया है।

जांचकर्ताओं के अनुसार, सबूतों की कड़ियों को वैज्ञानिक तरीके से जोड़ने के बाद अनंत बाबू पर हत्या, आपराधिक साजिश रचने और सबूत मिटाने के पुख्ता आरोप तय किए गए हैं। वहीं, उनकी पत्नी अनंत लक्ष्मी दुर्गा को इस मामले में 'आरोपी नंबर 2' बनाया गया है।

रात 2 बजे शव लेकर पहुंचा था MLC, रची थी एक्सीडेंट की झूठी कहानी

मई 2022 में काकीनाडा में 34 वर्षीय दलित ड्राइवर वीधी सुब्रमण्यम की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। वह एमएलसी अनंत बाबू के लिए ही काम करता था। इस मामले ने तब तूल पकड़ा जब खुद अनंत बाबू रात करीब 2 बजे अपनी कार में सुब्रमण्यम का शव लेकर उसके माता-पिता के घर पहुंचे। उन्होंने इसे एक सड़क हादसा बताने की कोशिश की।

हालांकि, परिजनों ने शव पर गंभीर चोटों के निशान देखकर इसे एक्सीडेंट मानने से साफ इनकार कर दिया। इसके बाद शव को लेने से मना करते हुए परिजनों ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया और आरोप लगाया कि यह जातीय द्वेष के चलते की गई हत्या है।

SIT जांच में सामने आया सच, हादसे की थ्योरी खारिज

पीड़ित परिवार की लगातार अपीलों और कोर्ट की मंजूरी के बाद इस मामले की दोबारा जांच के लिए एसआईटी का गठन हुआ। एसआईटी ने अपनी जांच में सड़क हादसे के दावों को पूरी तरह से भ्रामक और झूठा बताकर खारिज कर दिया है।

चार्जशीट के मुताबिक, 19 मई 2022 की रात अनंत बाबू ने सुब्रमण्यम को अपने साथ लिया था। कुछ ही घंटों बाद, एक मनगढ़ंत एक्सीडेंट की कहानी रचकर उसका शव घर पर छोड़ दिया गया। एसआईटी ने फोरेंसिक रिपोर्ट, सीसीटीवी फुटेज, डिजिटल सुरागों और गवाहों के बयानों के आधार पर घटनाक्रम की पूरी कड़ियां दोबारा जोड़ी हैं।

सीसीटीवी और फोरेंसिक सबूतों ने खोली पोल

जांच में कई चौंकाने वाले वैज्ञानिक और डिजिटल साक्ष्य सामने आए हैं:

  • काकीनाडा की कई लोकेशंस के सीसीटीवी फुटेज में अनंत बाबू और उनकी पत्नी उस गेस्ट हाउस के आसपास नजर आए, जहां कथित तौर पर हत्या को अंजाम दिया गया था।

  • फुटेज में यह भी दिखा कि एमएलसी की गाड़ी एक अंधेरी सड़क पर करीब एक घंटे से ज्यादा समय तक संदिग्ध रूप से रुकी रही।

  • एक कैमरे में सुब्रमण्यम लड़खड़ाते और गिरते हुए दिख रहा है, और आरोपी उस वक्त घटना स्थल पर ही मौजूद थे।

  • कॉल डिटेल्स से भी घटना के समय पति-पत्नी के एक साथ होने और उनकी सुनियोजित गतिविधियों की पुष्टि हुई है।

  • पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मृतक के शरीर पर 31 बाहरी चोटों के निशान मिले हैं, जो किसी भारी और भोथरी (blunt) वस्तु से पीटे जाने के कारण आए थे। इसके अलावा, क्राइम सीन से लिए गए रेत के नमूने सुब्रमण्यम के शरीर पर लगी रेत से पूरी तरह मैच कर गए हैं।

राजनीतिक घटनाक्रम और आरोपियों की वर्तमान स्थिति

सप्लीमेंट्री चार्जशीट में पिछली सरकार के दौरान हुई शुरुआती जांच की कई खामियों को भी उजागर किया गया है। राज्य में सत्ता परिवर्तन के बाद, राजामहेंद्रवरम (Rajahmundry) एट्रोसिटी कोर्ट के निर्देश पर नई एसआईटी ने साक्ष्य जुटाए।

जगमोहन रेड्डी की पार्टी के नेता अनंत बाबू को इस मामले में पहले गिरफ्तार किया जा चुका है और वे फिलहाल जमानत पर बाहर हैं। वहीं, उनकी पत्नी (आरोपी नंबर 2) फरार चल रही हैं। पुलिस जहां उनसे पूछताछ के लिए कस्टडी की मांग कर रही है, वहीं उन्होंने गिरफ्तारी से बचने के लिए हाई कोर्ट में अग्रिम जमानत (Anticipatory Bail) याचिका दायर की है।

हत्या
दुष्कर्म पीड़िता की बेटी को मिला था आरोपी का सरनेम, स्कूल ने बदलने से किया इनकार: Bombay HC का फैसला: मां का नाम और 'महार' जाति होगी दर्ज
हत्या
कर्नाटक: नाबालिग लड़की से बात करने पर दलित युवक की बेरहमी से पिटाई, 3 गिरफ्तार
हत्या
'क्रीमी लेयर' से SC/ST आरक्षण खतरे में! दलित शोषण मुक्ति मंच ने राष्ट्रपति से विरोध का आग्रह किया

द मूकनायक की प्रीमियम और चुनिंदा खबरें अब द मूकनायक के न्यूज़ एप्प पर पढ़ें। Google Play Store से न्यूज़ एप्प इंस्टाल करने के लिए यहां क्लिक करें.

The Mooknayak - आवाज़ आपकी
www.themooknayak.com