
उत्तर प्रदेश: आगरा जनपद से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां एत्माद्दौला थाना क्षेत्र के गौतम नगर में एक दलित युवती को घर में घुसकर जबरन अगवा कर लिया गया। इस वारदात का वीडियो सामने आने के बाद नगीना सांसद और आज़ाद समाज पार्टी (कांशीराम) के राष्ट्रीय अध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद ने कड़ा आक्रोश व्यक्त किया है।
सांसद चंद्रशेखर आजाद ने गुरुवार सुबह अपने एक्स (पूर्व में ट्विटर) हैंडल पर इस घटना का वीडियो साझा करते हुए यूपी पुलिस और सरकार पर सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने इस कृत्य को अत्यंत शर्मनाक, दंडनीय और चिंताजनक करार देते हुए प्रदेश की कानून-व्यवस्था पर गंभीर चिंता व्यक्त की है।
यह पूरी घटना मंगलवार, 28 अप्रैल की रात करीब 9:30 बजे की बताई जा रही है। आरोपी परवेज उस वक्त जबरन घर में घुस गया, जब वहां केवल बेटियां ही मौजूद थीं। उसने बड़ी बेटी पर शादी का दबाव बनाया और इनकार करने पर उसे बेरहमी से घसीटना शुरू कर दिया। छोटी बहन ने उसे बचाने की पूरी कोशिश की, लेकिन दबंग आरोपी युवती को जबरन घर से बाहर खींचकर अपने साथ ले गया।
पीड़िता की मां के अनुसार, आरोपी परवेज पिछले एक साल से उनकी बेटी को लगातार परेशान कर रहा था। वह रास्ते में आते-जाते उसके साथ छेड़छाड़ करता और शादी के लिए अनुचित दबाव बनाता था। मंगलवार दिन में ही आरोपी अपनी मां को लेकर युवती के घर पहुंचा था और शादी का प्रस्ताव रखा था, जिसे परिवार ने स्पष्ट रूप से ठुकरा दिया था। इसी बौखलाहट में उसने रात के अंधेरे में इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया।
चंद्रशेखर आजाद ने इस घटना को दलित समाज की बेटियों की सुरक्षा पर एक बड़ा प्रहार बताया है। उन्होंने अपने बयान में स्पष्ट किया कि महिलाओं की इच्छा और उनके सम्मान को इस तरह कुचलना किसी भी सभ्य समाज में बिल्कुल भी स्वीकार्य नहीं हो सकता है।
अपनी पोस्ट में यूपी सरकार और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को टैग करते हुए आजाद ने कड़े शब्दों में न्याय की मांग की है। उन्होंने सभी आरोपियों पर कड़ी से कड़ी धाराओं और एससी/एसटी अत्याचार निवारण अधिनियम के तहत तत्काल मुकदमा दर्ज करने की अपील की है। इसके साथ ही पीड़िता व उसके परिवार को तुरंत पुलिस सुरक्षा मुहैया कराने की मांग भी रखी गई है।
सांसद ने इस पूरे प्रकरण की सुनवाई फास्ट ट्रैक कोर्ट में कराने की मांग की है ताकि पीड़िता को जल्द से जल्द न्याय मिल सके। आजाद ने प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा है कि यदि ऐसे गंभीर मामलों में त्वरित और कठोर कार्रवाई नहीं की गई, तो अपराधियों के हौसले और अधिक बुलंद होंगे। उन्होंने समाज और प्रशासन से एकजुट होकर ऐसी वारदातों के खिलाफ सख्त संदेश देने की अपील की है।
द मूकनायक की प्रीमियम और चुनिंदा खबरें अब द मूकनायक के न्यूज़ एप्प पर पढ़ें। Google Play Store से न्यूज़ एप्प इंस्टाल करने के लिए यहां क्लिक करें.
‘द मूकनायक’ जनवादी पत्रकारिता करता है. यह संविधान, लोकतंत्र और सामाजिक न्याय पर चलने वाला मीडिया समूह है. अगर आप भी चाहते हैं कि ‘द मूकनायक’ हमेशा हाशिए पर खड़े लोगों की आवाज़ बुलंद करता रहे, बेजुबानों की पीड़ा दिखाते रहे तो सपोर्ट करें.
यहां सपोर्ट करें