हम अपनी रोजमर्रा की जिंदगी में न जाने कितनी कहावतों और मुहावरों का धड़ल्ले से इस्तेमाल करते हैं। ये रटी-रटाई बातें हमें बोलने और सुनने में बेहद सामान्य लगती हैं।
लेकिन क्या आपने कभी गहराई से सोचा है कि आपकी जुबान से निकले ये मुहावरे किसी जाति को नीचा दिखा सकते हैं या किसी धर्म को अपमानित कर सकते हैं?
राजकमल प्रकाशन द्वारा प्रकाशित नई क़िताब "जाति और साम्प्रदायिकता के विषाणु (भारतीय भाषाओं की लोकोक्तियां, कहावतें और मुहावरें)" समाज के इसी अनदेखे और गंभीर सवाल का सप्रमाण जवाब देती है।
यह क़िताब हमारी रोजमर्रा की भाषा, गांवों और कस्बों में बोले जाने वाले मुहावरों में घुले जातिवाद और साम्प्रदायिकता की बहुत ही बारीक और ऐतिहासिक पड़ताल करती है।
क़िताब की प्रस्तावना शुरुआत में ही अपने उद्देश्यों को बिल्कुल स्पष्ट कर देती है। इसका मुख्य ध्येय भारत में जाति और साम्प्रदायिकता की बीमारी को जन्म देने वाले कारकों, जैसे- भाषा, साहित्य, धर्म और राजनीति के उद्गम स्रोतों तक पहुंचना है।
लेखकों ने इस किताब की शुरुआत सीधे मुहावरों से नहीं की है। बल्कि यह इंसानी सभ्यताओं के अस्तित्व में आने और भाषाओं के विकास से अपनी बात शुरू करती है।
इसे पढ़ते हुए मशहूर इजरायली लेखक युवाल नोआ हरारी की क़िताब "सेपियन्स" के हिंदी वर्ज़न का अहसास होता है, जिसमें इंसानी उत्पत्ति से लेकर एआई (Ai) युग तक की बात तथ्यों के साथ की गई है।
लेखकों ने बड़ी ही बारीकी से समझाया है कि कहावतों का सबसे बड़ा और सर्वाधिक प्रयोजन व्यंग्य करना होता है। इसमें श्रोताओं के हृदय और मस्तिष्क पर गहरी और तीक्ष्ण चोट करने की क्षमता होती है।
भाषा के प्राकृतिक रूप में यदि एक भी शब्द का जोड़-घटाव हो जाए, तो उसका पूरा भाव बदल जाता है। कई बार भाषायी उच्चारण की गलतियों के कारण भी कहावतें अपना मूल रूप खो देती हैं और उनका वर्तमान रूप जातिवादी हो जाता है।
यह किताब विभिन्न भौगोलिक परिसीमाओं और भाषाओं के उदाहरणों से भरी हुई है। जैसे, मुंडारी भाषा की कहावतों में बताया गया है कि जुलाहे का पकाया खाना खाने से मुंडा व्यक्ति की जाति चली जाती है, या लोहार को वर चुनने पर कन्या निम्न वर्ण की हो जाती है।
तेलुगु लोक-साहित्य भी इस भाषायी भेदभाव से अछूता नहीं है। वहां प्रयुक्त कहावतों में द्रविड़ भाषा-परिवार होने के बावजूद आर्य भाषा और ब्राह्मणीकरण का स्पष्ट प्रभाव दिखता है।
तेलुगु की एक कहावत के अनुसार, काला ब्राह्मण और गोरा चमार अविश्वसनीय होते हैं। एक अन्य कहावत बताती है कि ब्राह्मणों का व्यापार करना और बनियों का पढ़ाई के लिए प्रयत्न करना व्यर्थ है।
कश्मीरी लोकोक्तियों में भी यह जहर पसरा है। वहां कहा जाता है कि घटिया पंडित की कभी सेवा मत करो क्योंकि वह बाद में जाने को कह देगा। मुसलमानों के संदर्भ में कहावतें हैं कि दिया हुआ दान मुसलमान ही वापस लेते हैं, और वे जीवन की हर स्थिति में लाभ उठाते हैं।
हरियाणा और पंजाब के क्षेत्रों में भी अहीर, ओढ़ और पासी जाति के लोगों को नाश करने वाला बताने वाली कहावतें लंबे समय से लोक व्यवहार में प्रचलित हैं।
वहीं, छत्तीसगढ़ी बोली में "बारा बाभन तेरा चूल्हा" की कहावत ब्राह्मणों में छुआछूत की पराकाष्ठा को दर्शाती है कि वे स्पर्श से बचने के लिए कितने चूल्हे जलाते हैं। छत्तीसगढ़ी में ही एक कहावत है कि तेली, कुम्हार और नाई को साव, पांडे और ठाकुर कहने से वे काम करना छोड़ देते हैं।
आंध्र प्रदेश की अन्य कहावतों में बनिए को अत्यंत लोभी बताया गया है। कहावत है कि बनिए का घर जल जाए तो वह प्राण ही दे दे, उसकी गवाही कभी सत्य नहीं होती। दलितों के प्रति नफरत का आलम यह है कि एक कहावत कहती है- चमार को छूने से मंगल गिरी (तीर्थ स्थान) जाकर भगवान की पूजा करने पर भी मुक्ति नहीं होती। सुनार के लिए कहा गया है कि वह अपनी माताजी के सोने तक को खा जाता है और उसके खाने को कौवे भी नहीं छूते।
इस क़िताब की सबसे बड़ी खूबी इसकी प्रामाणिकता और संदर्भ देने का तरीका है। अधिकांश क़िताबों में संदर्भ किताब के सबसे अंत में दिए जाते हैं, लेकिन इसमें हर अध्याय के खत्म होते ही ऐतिहासिक तथ्यों और आंकड़ों के संदर्भ शामिल किए गए हैं।
इस शानदार शोधपरक किताब को दो बेहतरीन लेखकों ने आकार दिया है। इसकी पहली लेखिका डॉ. रफरफ शकील अंसारी हैं, जिनका जन्म उत्तर प्रदेश के शमसाबाद (फर्रुखाबाद) में हुआ। अलीगढ़ विश्वविद्यालय से स्नातकोत्तर और मगध विश्वविद्यालय से अमेरिकन साहित्य में पीएचडी करने वाली डॉ. अंसारी ने 'विमेन आइडेंटिटी एंड रिप्रेजेंटेशन इन हिस्ट्री एंड लिटरेचर' जैसी पुस्तकों का संपादन किया है। उनके 40 से अधिक शोध-पत्र प्रकाशित हो चुके हैं और वर्तमान में वह शारदा यूनिवर्सिटी, ग्रेटर नोएडा के अंग्रेजी विभाग में असिस्टेंट प्रोफेसर हैं।
किताब के दूसरे लेखक जावेद अनवर हैं, जिनका जन्म डुमराँव, बक्सर (बिहार) में हुआ। उन्होंने मगध विश्वविद्यालय से इतिहास में स्नातक और दिल्ली से वाणिज्य प्रबंधन में स्नातकोत्तर किया है। 'बिहार जाति-गणना 2022-23 और पसमांदा एजेंडा' उनकी प्रकाशित और चर्चित कृति है। फिलहाल वह राजनीति और स्वतंत्र लेखन में सक्रिय रूप से काम कर रहे हैं।
कुल मिलाकर, यह क़िताब भारतीय समाज का एक ऐसा कड़वा आईना है जिसे देखना हम सभी के लिए बहुत जरूरी है। यह हमें यह सोचने पर मजबूर करती है कि भाषा की धरोहर के नाम पर हम पीढ़ियों से असल में कौन सा विषाणु आगे बढ़ा रहे हैं।
द मूकनायक की प्रीमियम और चुनिंदा खबरें अब द मूकनायक के न्यूज़ एप्प पर पढ़ें। Google Play Store से न्यूज़ एप्प इंस्टाल करने के लिए यहां क्लिक करें.
'द मूकनायक' जनवादी पत्रकारिता करता है. यह संविधान, लोकतंत्र और सामाजिक न्याय पर चलने वाला मीडिया समूह है। अगर आप भी चाहते हैं कि 'द मूकनायक' हमेशा हाशिए पर खड़े लोगों की आवाज बुलंद करता रहे, बेजुबानों की पीड़ा दिखाते रहें तो सब्सक्राइब करें।
यहां सब्सक्राइब करें