लोकसभा चुनाव 2024: छठवें चरण में 58 सीटों पर मतदान सम्पन्न, जानिए कहाँ क्या हुआ?

शाम पांच बजे तक औसत 57.70 प्रतिशत मतदान हुआ, इन जगहों से सामने आईं छुटपुट घटनाएं।
पश्चिम बंगाल के झारग्राम से भाजपा उम्मीदवार प्रणंत टुडू पर हमला.
पश्चिम बंगाल के झारग्राम से भाजपा उम्मीदवार प्रणंत टुडू पर हमला.इंटरनेट.

नई दिल्ली। लोकसभा चुनाव के छठवें चरण में 7 राज्यों और 1 केंद्र शासित प्रदेश की 58 सीटों पर वोटिंग शनिवार को सम्पन्न हो चुकी है। अब 1 जून को आखिरी 56 सीटों पर वोटिंग होगी। मतदान के दौरान विभिन्न स्थानों से छुटपुट घटनाएं सामने आईं हैं।

पश्चिम बंगाल के झारग्राम से भाजपा उम्मीदवार प्रणंत टुडू पर हमला हुआ। पत्थर लगने से उनका सुरक्षाकर्मी घायल हो गया। मतदाताओं को धमकाए जाने की शिकायत मिलने के बाद टुडू गरबेटा में एक बूथ का दौरा कर रहे थे। प्रणंत टुडू की कार में भी तोड़फोड़ की गई है। भाजपा ने टीएमसी पर हमले का आरोप लगाया है।

बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट किया है। उन्होंने बांकुड़ा जिले रघुनाथपुर में 5 ईवीएम पर भाजपा का टैग लगे होने का आरोप लगाया है। इधर, चुनाव आयोग ने इस पर कहा- वोटिंग शुरू होने से पहले कैंडिडेट के एजेंट साइन करते हैं। इन सेंटर्स पर टीएमसी के एजेंट मौजूद नहीं थे, इसलिए सिर्फ बीजेपी एजेंट्स के साइन हैं। पश्चिम बंगाल के तमलुक में वोटिंग से पहले भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ झड़प में एक टीएमसी समर्थक घायल हो गया। यहां से कलकत्ता हाईकोर्ट के पूर्व जज भाजपा के प्रत्याशी हैं।

जम्मू-कश्मीर के अनंतनाग-राजौरी से पीडीपी की प्रत्याशी महबूबा मुफ्ती धरने पर बैठ गईं। उन्होंने ईवीएम के साथ छेड़छाड़ और मोबाइल फोन का आउटगोइंग कॉल बंद करने का आरोप लगाया है।

दिल्ली में आप ने लगाए गड़बड़ी के आरोप

छठवें चरण ने दिल्ली की सभी सात सीटों पर मतदान सम्पन्न हुआ। भीषण गर्मी के बीच भी वोटर्स में उत्‍साह देखने को मिला, हालांकि दोपहर के समय मतदान धीमा रहा। दिल्‍ली में इस बार राजनीतिक समीकरण को देखते हुए, सातों सीटों पर काफी दिलचस्‍प मुकाबला दिख रहा है। इस बार राजधानी में कांग्रेस और आम आदमी पार्टी मिलकर चुनाव लड़ रही है। दिल्‍ली में 4 लोकसभा सीटों पर आप पार्टी और 3 सीटों कांग्रेस चुनाव लड़ रही है। वहीं, भारतीय जनता पार्टी ने इस बार दिल्‍ली के अपने मौजूद 6 सांसदों को टिकट न देकर उनकी जगह अन्‍य उम्‍मीदवारों को चुनाव मैदान में उतारा है। सिर्फ मौजूदा सांसद मनोज तिवारी को भाजपा ने फिर से उत्तर-पूर्वी दिल्ली लोकसभा सीट से टिकट देकर चुनाव मैदान में उतारा है।

दिल्ली में मतदान केंद्र पर वोटर्स की कतार.
दिल्ली में मतदान केंद्र पर वोटर्स की कतार.

दिल्ली सरकार में मंत्री और आप नेता आतिशी ने मतदान केंद्रों पर गड़बड़ी के आरोप लगाए। उन्होंने सोशल मीडिया के जरिए कुछ स्कूलों के नाम लेते हुए कहा कि फॉर्म 17सी पर सुबह ही पोलिंग एजेंट से हस्ताक्षर करवाने की बात सामने आ रही है. उन्होंने यह भी कहा कि कई मतदान केंद्रों पर चुनाव अधिकारियों ने निर्देश दिए हैं कि कोई भी डाटा नोट नहीं कर सकते हैं।

वहीं, दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने कहा कि दिल्ली की जनता खुले मन से पीएम मोदी को आशीर्वाद दे रही है. जो संकेत अभी तक मिल रहे हैं, बूथों पर लोगों से हमारी बात हो रही है, उससे यह साफ है कि पीएम मोदी तीसरी बार प्रधानमंत्री बनने जा रहे हैं. दिल्ली की सभी सात सीटों पर हम चुनाव जीत रहे हैं. दिल्ली में धीमी वोटिंग कराई जा रही है, मंत्री आतिशी के आरोपों पर उन्होंने कहा कि अगर कुछ है तो वो उसे सामने लाएं. 

लोकसभा चुनाव के 6वें चरण में उत्तरप्रदेश में 14 सीटों पर वोटिंग हुई। यहां सुल्तानपुर, प्रतापगढ़, फूलपुर, प्रयागराज, अंबेडकरनगर, श्रावस्ती, डुमरियागंज, बस्ती, संतकबीरनगर, लालगंज, आजमगढ़, जौनपुर, मछलीशहर और भदोही में वोटिंग सम्पन्न हुई है।

सपा ने चुनाव आयोग से वोटिंग के दौरान कई शिकायतें की। ज्यादातर शिकायतें ईवीएम से जुड़ी हुई हैं। अंबेडकरनगर में बुजुर्ग महिला बग्घी से पोलिंग बूथ पर पहुंची और वोट डाला।संतकबीरनगर में वोट डालने पहुंची महिला की मौत हो गई है। महिला पोलिंग बूथ के गेट पर चक्कर खाकर गिर गई। उसे अस्पताल ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

अंबेडकरनगर से सपा प्रत्याशी लालजी वर्मा की पुलिस से झड़प हो गई है। लालजी वर्मा का आरोप है कि पुलिस उन्हें हाउस अरेस्ट करने आई थी। इस दौरान उनकी पुलिस से बहस हुई। आजमगढ़ से सपा प्रत्याशी धर्मेंद्र यादव ने आरोप लगाया है कि प्रशासन बुजुर्ग वोटर्स को मतदान करने से रोक रहा है।

हरियाणा में ईवीएम-वीवीपैट का वीडियो हुआ वायरल

हरियाणा की 10 लोकसभा सीटों पर वोटिंग की गई। भाजपा, कांग्रेस, इनेलो और जेजेपी के उम्मीदवारों समेत नेता वोट डालने पोलिंग बूथ पहुँचे। सीएम नायब सैनी ने अंबाला, पूर्व सीएम एवं उम्मीदवार मनोहर लाल खट्टर ने करनाल, कुलदीप बिश्नोई ने परिवार के साथ हिसार, पूर्व डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला व उनके परिवार ने सिरसा और केंद्रीय मंत्री एवं उम्मीदवार कृष्णपाल गुर्जर ने फरीदाबाद में वोट डाला।

वोटिंग के लिए कई उम्मीदवारों को लाइन में लगना पड़ा। अंबाला से बीजेपी कैंडिडेट बंतो कटारिया भी लाइन में लगीं। इसी बीच मतदान केंद्र में बिजली गुल हो गई। इस कारण बंतो कटारिया को वोट डालने के लिए आधा घंटा तक इंतजार करना पड़ा।

वोटिंग के बीच कुरुक्षेत्र के पोलिंग बूथ का वीडियो वायरल हुआ है। इस वीडियो में शख्स वोट देते ईवीएम-वीवीपैट दिखा रहा है। वहीं बुजुर्ग महिला ने बूथ एजेंट पर जबरदस्ती कमल का बटन दबाने का आरोप लगाया। सोनीपत में इलेक्शन ड्यूटी पर तैनात क्लर्क की मौत हो गई। मृतक की पहचान वीरेंद्र निवासी गांव गंगाना (सोनीपत) के रूप में हुई। वीरेंद्र की गांव सेरसा जाटी में बूथ नंबर 161 पर ड्यूटी थी।

बिहार में बुजुर्ग दंपती बैंडबाजे के साथ वोट डालने पहुंचे

लोकसभा चुनाव के छठे चरण में बिहार की आठ सीटों वाल्मीकि नगर, पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, शिवहर, वैशाली, गोपालगंज, सीवान और महाराजगंज पर वोटिंग संपन्न हुई। वाल्मीकि नगर की कुछ विधानसभा में वोटिंग शाम 4 बजे समाप्त हुई। वहीं इसके अलावा सभी सीटों पर शाम 6 बजे तक वोटिंग की गई।

बिहार में मतदान केंद्र जाते बुजुर्ग दम्पति.
बिहार में मतदान केंद्र जाते बुजुर्ग दम्पति.

बगहा में पुलिस ने एक शख्स को पैसा बांटने के आरोप में हिरासत में लिया है। पकड़ा गया आरोपी राजद प्रत्याशी का करीबी बताया जा रहा है। इधर, गोपालगंज में बूथ पर भीड़ लगाने के आरोप में 4 लोगों को पुलिस ने हिरासत में लिया है। वहीं वैशाली में 100 साल से ज्यादा उम्र के बुजुर्ग दंपती बैंड-बाजे के साथ वोट डालने पहुंचे, लोगों को जागरूक भी किया।

सीवान से निर्दलीय चुनाव लड़ रहीं हिना शहाब ने सुबह-सुबह वोट डालने पहुंचीं। उन्होंने कहा जनता ने साथ दिया है, आगे भी देगी। मोतिहारी से सांसद राधामोहन सिंह, बेतिया से संजय जायसवाल समेत कई नेताओं ने वोट डाला।

झारखंड की चार सीटों पर मतदान

झारखंड की चार लोकसभा सीट पर मतदान हुआ। लोकसभा सीट गिरिडीह, धनबाद, रांची और जमशेदपुर में शाम 6 बजे तक वोटिंग हुई। इन चार सीट पर कुल 93 उम्मीदवार चुनावी मैदान में हैं।

भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान महेन्द्र सिंह धोनी ने रांची में मतदान किया। राज्य के राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन और राज्यसभा के उप सभापति हरिवंश, पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की पत्नी कल्पना सोरेन और अपर मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी डॉ. नेहा अरोड़ा ने रांची में मतदान किया। वहीं जमशेदपुर में बूथ संख्या 288 पर ईवीएम खराब होने से लोगों को काफी परेशानी हुई।

अगर इन चार सीटों पर नजर डालें तो रांची लोकसभा सीट में कुल 21 लाख से अधिक मतदाता है। इस सीट पर मुख्य मुकाबला भाजपा और कांग्रेस के बीच है। बीजेपी ने यहां मौजूदा सांसद संजय सेठ को टिकट दिया है। कांग्रेस ने युवा चेहरे यशस्विनी सहाय पर भरोसा जताया है। रांची लोकसभा सीट पर पिछले दो बार से भाजपा का कब्जा रहा है। कांग्रेस के सुबोधकांत सहाय वर्ष 2009 में जीते थे। अब उनकी बेटी चुनावी मैदान में है।

पश्चिम बंगाल के झारग्राम से भाजपा उम्मीदवार प्रणंत टुडू पर हमला.
लोकसभा चुनाव: पांचवें चरण में देश के 8 राज्यों की 49 सीटों पर मतदान हुआ सम्पन्न, जानिए कहाँ क्या हुआ?
पश्चिम बंगाल के झारग्राम से भाजपा उम्मीदवार प्रणंत टुडू पर हमला.
लोकसभा चुनाव 2024 : देश के 10 राज्यों की 96 सीटों पर मतदान सम्पन्न, जानिए कहाँ क्या हुआ?
पश्चिम बंगाल के झारग्राम से भाजपा उम्मीदवार प्रणंत टुडू पर हमला.
लोकसभा चुनाव 2024ः यूपी-गुजरात के इन बूथों पर 100 प्रतिशत मतदान कैसे हुआ मुमकिन?

द मूकनायक की प्रीमियम और चुनिंदा खबरें अब द मूकनायक के न्यूज़ एप्प पर पढ़ें। Google Play Store से न्यूज़ एप्प इंस्टाल करने के लिए यहां क्लिक करें.

The Mooknayak - आवाज़ आपकी
www.themooknayak.com