MP के छतरपुर में दिनदहाड़े महिला और बच्चों का अपहरण: फायरिंग कर पति को पीटा, कांग्रेस ने बनाई जांच कमेटी

कांग्रेस ने घटना की जांच के लिए चार सदस्यीय टीम गठित की है, जिसमें सुरेंद्र चौधरी, नारायण प्रजापति, प्रदीप खटीक और किरण अहिरवार को शामिल किया गया है।
छतरपुर में महिला और बच्चों का अपहरण
छतरपुर में महिला और बच्चों का अपहरणInternet
Published on

भोपाल। मध्यप्रदेश के छतरपुर जिले में एक सनसनीखेज घटना सामने आई है, जहां दिनदहाड़े एक महिला और उसके दो मासूम बच्चों का फायरिंग कर अपहरण कर लिया गया। आरोप है कि संजय सिंह राजपूत नामक युवक अपने करीब एक दर्जन साथियों के साथ गांव में पहुंचा और महिला मिथलेश (26), उसके बेटे सार्थक (4) और बेटी भूमि (5) को जबरन कार में बैठाकर ले गया। इस दौरान जब महिला के पति हरिराम ने उन्हें रोकने की कोशिश की, तो आरोपियों ने उसे बुरी तरह पीटा।

घटना शनिवार दोपहर लवकुशनगर थाना क्षेत्र के सुमेरी गांव की है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, संजय सिंह हथियारों और लाठी-डंडों से लैस लोगों के साथ गांव पहुंचा। उन्होंने गांव में घुसते ही फायरिंग शुरू कर दी जिससे पूरे इलाके में दहशत फैल गई।

पति का आरोप— पत्नी पर रखता था बुरी नजर

घायल पति हरिराम प्रजापति ने बताया कि आरोपी संजय सिंह उसकी पत्नी पर गलत निगाह रखता था। शुक्रवार को भी वह उनके घर के सामने बैठा था। मना करने पर शनिवार को साथियों के साथ आकर हमला कर दिया और अपहरण कर ले गया। संजय के हमले में गंभीर रूप से घायल हरिराम को जिला अस्पताल रेफर किया गया है।

डॉ. अभय सिंह ने बताया कि घायल युवक के सिर पर कट्टे के बट से मारने के निशान हैं। पहले गोली लगने की आशंका थी, लेकिन जांच में गोली लगने की पुष्टि नहीं हुई।

अपहरण का वीडियो वायरल, आरोपी खींचते दिखा महिला को

घटना का एक वीडियो भी सामने आया है जिसमें आरोपी संजय सिंह महिला को खींचते हुए कार तक ले जाता दिख रहा है, जबकि अन्य साथी लाठी-डंडों के साथ पीछे-पीछे चलते हैं। आरोपियों ने महिला और दोनों बच्चों को जबरन कार में बैठाया और मौके से फरार हो गए।

ससुर बोले— एक साल से कर रहा था परेशान

मिथलेश के ससुर जगत लाल पाल और सास चंपा ने बताया कि संजय पिछले एक साल से उनके घर के आसपास चक्कर लगाता था। पहले वह मिथलेश को भाभी और हरिराम को भैया कहता था। लेकिन धीरे-धीरे वह गलत इरादों से आने लगा। शुक्रवार को भी घर के बाहर बैठा था, जिसे लेकर विवाद हुआ था।

उन्होंने बताया कि संजय गांजा, दारू और हथियारों की अवैध तस्करी करता है। कई बार पुलिस को इसकी जानकारी दी गई, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।

9 आरोपियों पर मामला, इनाम घोषित

लवकुशनगर थाना पुलिस ने संजय सिंह सहित 9 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है, जिनमें 8 आरोपी फिलहाल अज्ञात हैं। पुलिस ने बोलेरो वाहन और कुछ बाइक ज़ब्त की हैं। पूछताछ के लिए कुछ लोगों को हिरासत में लिया गया है।

एसपी अगम जैन ने बताया कि आरोपियों की तलाश के लिए 25 से अधिक ठिकानों पर दबिश दी गई है और मुख्य आरोपी संजय सिंह पर 10 हजार का इनाम घोषित किया गया है।

पुलिस का दावा— प्रेम-प्रसंग का मामला

लवकुशनगर के एसडीओपी नवीन दुबे ने बताया कि महिला और आरोपी के बीच पहले से प्रेम-प्रसंग था। महिला का पति दोनों को मिलने नहीं दे रहा था। इसी कारण आरोपी गुस्से में आकर महिला और बच्चों को जबरन ले गया। कार को कुछ दूरी पर छोड़कर वह बाइक से भाग गया।

कांग्रेस ने बनाई जांच कमेटी

इस घटना पर राजनीति भी तेज हो गई है। कांग्रेस ने घटना की जांच के लिए चार सदस्यीय टीम गठित की है, जिसमें सुरेंद्र चौधरी, नारायण प्रजापति, प्रदीप खटीक और किरण अहिरवार को शामिल किया गया है। पार्टी ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को सुरक्षा देने और आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है।

छतरपुर में महिला और बच्चों का अपहरण
MP: बुरहानपुर में आदिवासी बेदखली पर बवाल, नेता प्रतिपक्ष ने पीएम-सीएम को चिठ्ठी लिखकर 15 दिन की दी डेडलाइन, आंदोलन की चेतावनी!
छतरपुर में महिला और बच्चों का अपहरण
MP: मासूम से दुष्कर्म और हत्या के प्रयास के दोषी को हाईकोर्ट से फांसी में राहत, 25 साल कैद में बदली सजा
छतरपुर में महिला और बच्चों का अपहरण
MP में पदोन्नति नियम-2025 लागू: सरकार का दावा, आरक्षण और दक्षता के नए मानकों के साथ जारी हुआ गजट नोटिफिकेशन

द मूकनायक की प्रीमियम और चुनिंदा खबरें अब द मूकनायक के न्यूज़ एप्प पर पढ़ें। Google Play Store से न्यूज़ एप्प इंस्टाल करने के लिए यहां क्लिक करें.

The Mooknayak - आवाज़ आपकी
www.themooknayak.com