समुदाय की चेतावनी को दरकिनार कर 3 साल बाद इम्फाल पहुंचे 2 कुकी-ज़ो विधायक, मणिपुर विधानसभा में इस वापसी के क्या हैं मायने?

कुकी समुदाय के कड़े निर्देशों को दरकिनार करते हुए दो कुकी-ज़ो विधायकों ने विधानसभा सत्र में लिया हिस्सा, सीएम ने इसे बताया शांति की दिशा में "ऐतिहासिक कदम"।
Kuki-Zo MLAs
मणिपुर विधानसभा में 3 साल बाद 2 कुकी-ज़ो विधायकों ने ऐतिहासिक वापसी की है। समुदाय की चेतावनी दरकिनार कर इम्फाल पहुंचने पर सीएम ने की तारीफ।
Published on

मणिपुर में साल 2023 में भड़की जातीय हिंसा के बाद पहली बार दो कुकी-ज़ो विधायकों ने बुधवार को राजधानी इम्फाल का दौरा किया। ये दोनों विधायक अपने समुदाय के कड़े निर्देशों को दरकिनार करते हुए व्यक्तिगत रूप से मणिपुर विधानसभा के सत्र में शामिल हुए। इस कदम को घाटी और पहाड़ी क्षेत्रों के बीच बनी गहरी खाई को पाटने की दिशा में बेहद अहम माना जा रहा है।

कांगपोकपी जिले के तहत आने वाली सैकुल सीट से कुकी पीपल्स अलायंस (KPA) की विधायक किमनेओ हाओकिप हैंगशिंग और सैटू से निर्दलीय विधायक हाओखोलट किपगेन ने सत्र के पहले दिन विधानसभा में मौजूद रहने का फैसला किया। उन्होंने यह कदम तब उठाया है, जब शीर्ष कुकी संस्था 'कुकी इनपी मणिपुर' ने मैतेई बहुल इम्फाल से पूरी तरह दूर रहने के स्पष्ट निर्देश दिए थे।

वहीं, उपमुख्यमंत्री नेमचा किपगेन और हेंगलेप से उनके भाजपा सहयोगी विधायक लेतज़ामांग हाओकिप ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए इस सत्र में हिस्सा लिया। इनके अलावा भाजपा के चार अन्य कुकी-ज़ो विधायकों ने सदन से दूरी बनाए रखी और इसमें शामिल नहीं हुए।

ज्ञात हो कि मणिपुर में कुल नौ कुकी-ज़ो विधायक हैं, जिनमें से दो केपीए से हैं। पिछले साल फरवरी में हुए बजट सत्र के दौरान इनमें से छह विधायकों ने वर्चुअली अपनी उपस्थिति दर्ज कराई थी।

Kuki-Zo MLAs
कुकी इनपी मणिपुर का सख्त आदेश: कुकी-ज़ो विधायक मणिपुर विधानसभा सत्र से रहें दूर, जानिए क्यों दी चेतावनी

इस पूरे घटनाक्रम पर मुख्यमंत्री वाई खेमचंद सिंह के कार्यालय ने एक आधिकारिक बयान जारी कर दोनों कुकी विधायकों की सराहना की। कार्यालय ने इसे विधानसभा में उनकी "ऐतिहासिक भौतिक वापसी" करार दिया है। बयान में स्पष्ट किया गया कि इन विधायकों की उपस्थिति पूरे साढ़े तीन साल के लंबे अंतराल के बाद हुई है, क्योंकि इस दौरान समुदाय के किसी भी प्रतिनिधि ने सदन की कार्यवाही में व्यक्तिगत रूप से हिस्सा नहीं लिया था।

सिंह ने विधायक द्वय के इस "सकारात्मक कदम" का श्रेय समुदायों के बीच विश्वास की कमी को दूर करने के लिए भाजपा के नेतृत्व वाली सरकार के अथक प्रयासों को दिया। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि सामूहिक प्रयासों से ही मणिपुर शांति के मार्ग पर चलने की दिशा में आगे बढ़ सकता है।

गौरतलब है कि कुकी इनपी मणिपुर ने अपने निर्वाचित प्रतिनिधियों के इम्फाल घाटी में जाने पर तब तक के लिए रोक लगा रखी है, जब तक कि केंद्र और राज्य सरकारें पहाड़ी क्षेत्रों के लिए अलग प्रशासन की उनकी मांग को स्वीकार नहीं कर लेतीं।

राज्य में फिलहाल कुकी और मैतेई समुदायों के बीच हिंसा में कमी आई है, लेकिन अब पहाड़ियों में नागा और कुकी समूहों के बीच तनाव तेजी से बढ़ता जा रहा है। यह नया विवाद मुख्य रूप से कांगपोकपी में इम्फाल-तामेंगलोंग रोड कॉरिडोर के पास देखने को मिल रहा है।

आंकड़ों की बात करें तो 13 मई के बाद से अब तक कांगपोकपी-तामेंगलोंग मार्ग पर हुई हिंसा की विभिन्न घटनाओं में कुकी-ज़ो और नागा समुदायों के कम से कम 17 लोगों की जान जा चुकी है।

Kuki-Zo MLAs
पिता प्रवासी हो तो क्या मां की जाति के आधार पर मिल सकता है आरक्षण? मद्रास हाईकोर्ट ने दिया जवाब
Kuki-Zo MLAs
इलाहाबाद हाई कोर्ट ने DU की लॉ स्टूडेंट पर लगा रासुका किया रद्द, पुलिस की कहानी को बताया मनगढ़ंत
Kuki-Zo MLAs
'ट्रांसजेंडर्स की गिरफ्तारी और तलाशी के लिए तुरंत बने SOP': दिल्ली हाईकोर्ट का केंद्र और पुलिस को सख्त निर्देश

द मूकनायक की प्रीमियम और चुनिंदा खबरें अब द मूकनायक के न्यूज़ एप्प पर पढ़ें। Google Play Store से न्यूज़ एप्प इंस्टाल करने के लिए यहां क्लिक करें.

द मूकनायक को सब्सक्राइब करें

'द मूकनायक' जनवादी पत्रकारिता करता है. यह संविधान, लोकतंत्र और सामाजिक न्याय पर चलने वाला मीडिया समूह है। अगर आप भी चाहते हैं कि 'द मूकनायक' हमेशा हाशिए पर खड़े लोगों की आवाज बुलंद करता रहे, बेजुबानों की पीड़ा दिखाते रहें तो सब्सक्राइब करें।

यहां सब्सक्राइब करें
The Mooknayak - आवाज़ आपकी
www.themooknayak.com