गोगुन्दा MLA पर दुष्कर्म का आरोप; विधायक पर पहले भी लग चुका रेप का इल्ज़ाम

बीजेपी विधायक पर दुष्कर्म का आरोप है।
बीजेपी विधायक पर दुष्कर्म का आरोप है।
Published on

राजस्थान। उदयपुर के अंबामाता थाना क्षेत्र में एक महिला ने गोगुन्दा विधायक प्रतापलाल गमेती के खिलाफ दुष्कर्म का मामला दर्ज करवाया है। पुलिस ने बुधवार देर रात पीड़िता का बयान दर्ज करने के साथ ही मेडिकल कराया। पीड़िता का आरोप है वो नौकरी के लिए भाजपा के विधायक के पास पहुंची थी। विधायक उसे शादी का झांसा देकर करीब 2 साल से यौन शोषण कर रहा था। हाल ही में वल्लभनगर विधानसभा उपचुनाव के बाद कन्नी काटनी शुरू कर दी। इससे परेशान होकर उसने कानून की मदद लेने की ठानी है।

दरअसल, 38 वर्षीय पीड़िता ने बुधवार को एसपी ऑफिस में लिखित रिपोर्ट पेश की। इसके बाद शाम को अंबामाता थाने में विधायक के खिलाफ मुक़दमा दर्ज हुआ। फिलहाल यह मामला सीआईडी सीबी को दिया गया है, जहां एएसपी अंजना सुखवाल इस केस की जांच कर रही हैं।

देर रात मामला दर्ज होने के बाद मूकनायक संवाददाता ने थाने से बात की।

पता चला कि पीड़िता ने आरोप लगाया है कि दो साल पहले पीड़िता को रोजगार की जरूरत होने पर वह गोगुन्दा विधायक प्रतापलाल से फतहपुरा स्थित नवरत्न कॉम्प्लेक्स में संपर्क में आई। प्रतापलाल ने उसे रोजगार देने का झांसा दिया। पहले उन्होंने मेलजोल बढ़ाया और शादी का झांसा देकर जबरन शारीरिक संबंध बनाए। पीड़िता का आरोप है कि इसके बाद विधायक लगातार जान से मारने की धमकियां देकर लगातार शारीरिक संबंध बनाने को मजबूर करता रहा।

शिकायत करने थाने पहुंची महिला

पीड़िता की मानें तो कुछ महीने पहले उसने परेशान होकर आत्महत्या करने की बात कही तो विधायक प्रतापलाल ने शादी का झांसा देकर उसे रोक दिया। इसके बाद शादी करने के बहाने पीड़िता को जयपुर स्थित फ्लैट पर ले गया, वहां पर भी शारीरिक संबंध बनाए, लेकिन शादी नहीं की। इसके बाद देबारी स्थित फार्म हाउस पर शादी के लिए बुलाया। इस दौरान दो खाली स्टांप पर साइन भी करवा दिए।

मामले पर बोलने से बचते रहे जिम्मेदार

विधायक पर दुष्कर्म जैसे गंभीर आरोपों पर केस दर्ज होने के बाद भी अंबामाता थानाधिकारी दलपतसिंह राठौड़, डीएसपी महेन्द्र पारीक, सिटी एएसपी गोपाल स्वरुप मेवाड़ा और केस की जांच कर रही एएसपी अंजना सुखवाल से बात करने की लगातार कोशिश की गई, मगर सभी जिम्मेदार हाई प्रोफाइल मामले पर कुछ भी बोलने से बचते रहे।

रात करीब 11:30 बजे पुलिसकर्मी पीड़ित महिला को बयान पूरे होने के बाद उसे घर छोड़ आए। इससे पहले सुखवाल पीड़िता से करीब डेढ़ घंटे तक बात कर बयान दर्ज करवाए। वहीं, आरोपों पर गोगुंदा विधायक प्रतापलाल गमेती का कहना है कि मैं ऐसी किसी महिला को नहीं जानता हूं। सारे आरोप झूठे और बेबुनियाद हैं। इसके बाद उन्होंने फोन स्विच ऑफ कर दिया। मूकनायक के संवाददाता ने फोन लगाने की कोशिश की मगर उनका फोन ऑन नहीं हुआ।

विधायक पर पहले भी लगा दुष्कर्म का आरोप

52 वर्षीय गोगुंदा विधायक प्रतापलाल गमेती पर 9 महीने पहले भी एमपी की एक भाजपा नेता ने शादी का झांसा देकर दुष्कर्म का आरोप लगाया था। महिला का आरोप था कि विधायक ने उसकी पत्नी से न बनने की बात कहकर करीब तीन सालों तक उसे शादी का झांसा दिया और शारीरिक संबंध बनाए।

इस मामले में भी सीबी सीआईडी ने जांच की थी। हालांकि बाद में यह मामला आपसी समझौते के बाद निपट गया था। शादीशुदा विधायक अपने पैतृक गांव दादिया में दो बार सरपंच रह चुके हैं। उनके घर में पत्नी, 4 बेटियां और 1 बेटा है, जिनमें तीन बेटियों की शादी हो चुकी है।

द मूकनायक की प्रीमियम और चुनिंदा खबरें अब द मूकनायक के न्यूज़ एप्प पर पढ़ें। Google Play Store से न्यूज़ एप्प इंस्टाल करने के लिए यहां क्लिक करें.

द मूकनायक की मदद करें

‘द मूकनायक’ जनवादी पत्रकारिता करता है. यह संविधान, लोकतंत्र और सामाजिक न्याय पर चलने वाला मीडिया समूह है. अगर आप भी चाहते हैं कि ‘द मूकनायक’ हमेशा हाशिए पर खड़े लोगों की आवाज़ बुलंद करता रहे, बेजुबानों की पीड़ा दिखाते रहे तो सपोर्ट करें.

यहां सपोर्ट करें
The Mooknayak - आवाज़ आपकी
www.themooknayak.com