
भोपाल। मध्य प्रदेश में महिला और बच्चों पर हो रहे अपराध थमने का नाम नहीं ले रहे है। अब राजधानी भोपाल के अशोका गार्डन इलाके में बीएससी स्टूडेंट के साथ एक युवक ने बलात्कार किया है। जानकारी के अनुसार इंस्टाग्राम पर दोनों की दोस्ती हुई थी। आरोपी युवक ने छात्रा को होटल में मिलने बुलाया और बलात्कार किया। इधर, भोपाल शहर के छोला मंदिर थाना इलाके में भी नाबालिग छात्रा के साथ रेप का मामला सामने आया है।
मध्य प्रदेश की सीहोर निवासी 21 वर्षीय युवती भोपाल में रहकर बीएससी कर रही है। वह अशोका गार्डन में किराए के कमरे में रहती है। बता दें कि इंस्टाग्राम पर उसकी दोस्ती 2 साल पहले चेतन शर्मा नाम के लड़के से हुई और चेतन ने खुद को बिजनेसमैन बताया था। छात्रा ने पुलिस को बताया कि युवक ने उसको एक होटल में मिलने बुलाया और शादी का झांसा देकर उसके साथ रेप किया।
अशोका गार्डन थाने की एसआई योगिता जैन ने बताया है कि छात्रा ने थाने आकर शिकायत की है कि उसकी आरोपी चेतन शर्मा नाम के युवक से इंस्टाग्राम पर पहचान हुईं थी। दोनों की फोन पर बातें शुरू हो गईं। उसके बाद चेतन उससे मिलने आया। 20 अक्टूबर को आरोपी होटल गार्डन में ठहरा था और उसने छात्रा को होटल में मिलने बुलाया। जब छात्रा उससे मिलने गई तो आरोपी ने उसके साथ बलात्कार किया। जब छात्रा ने विरोध किया तो आरोपी ने कहा कि जल्दी वह उससे शादी करेगा, लेकिन बलात्कार करने के बाद वहां से चला गया और बाद में जब छात्रा ने उसे फोन किया तो वह उसके साथ गाली गलौज करने लगा। इसके बाद छात्रा ने उसके खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। छात्रा को अभी तक यह भी नहीं पता है कि आरोपी किस जगह का रहने वाला है। पुलिस ने बताया है कि आरोपी के खिलाफ बलात्कार का मामला दर्ज कर उसकी तलाश की जा रही है।
भोपाल शहर के छोला मंदिर थाना इलाके में नाबालिग छात्रा के साथ रेप का मामला सामने आया है। आरोपी ने उसे उसके ही घर में बंद कर बलात्कार किया। रेप के बाद आरोपी ने नाबालिग को जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के मुताबिक छोला मन्दिर इलाके में रहने वाली 17 साल की किशोरी दो साल पहले अपनी नानी के घर गई थी। इस दौरान ननिहाल में उसकी दोस्ती अनिकेत राय से हो गई। दोनों के बीच बातचीत शुरू हो गई। लड़की नानी के घर से भोपाल अपने मम्मी-पापा के पास आ गई। लेकिन आरोपी उसका पीछा करना नहीं छोड़ा। वह 31 जनवरी 2023 को सलामतपुर से भोपाल आया। वह लड़की के घर पहुंच गया। इस समय लड़की घर में अकेली थी। उसे अकेला पाकर आरोपी ने उसे कमरे में बंद कर लिया। इसके बाद उसके साथ रेप किया। वह उस पर शादी का दबाव बना रहा था। घटना के बाद से लड़की गुमशुम रहने लगी। तब परिजन ने उससे गुमशुम होने की वजह पूछी। लड़की ने आपबीती सुनाई। जिसके बाद परिजनों ने पुलिस में आरोपी के खिलाफ रेप का मामला दर्ज कराया।
नेशनल क्राइम रिकॉर्ड ब्यूरो (एनसीआरबी) की साल 2021 की रिपोर्ट के मुताबिक मध्य प्रदेश में 304066 केस दर्ज किए गए थे। इनमें 10 फीसदी यानी 30673 अपराध सिर्फ महिलाओं के साथ ही किए गए हैं। साल 2020 में यहां 283881 केस दर्ज हुए थे। इस लिहाज से साल 2021 में महिलाओं के खिलाफ अपराध में 5036 केसों की बढ़ोतरी हुई थी। रेप और गैंगरेप के बाद हत्या के केस में मध्य प्रदेश तीसरे नंबर पर है। एक साल में प्रदेश में 35 ऐसे केस दर्ज किए गए, जिसमें पीड़िता के साथ रेप कर उसकी हत्या की गई। 48 केस के साथ यूपी पहले स्थान पर है। असम में ऐसे 46 केस सामने आए।
एनसीआरबी की रिपोर्ट के अनुसार 2021 में प्रदेश में बच्चों के खिलाफ सबसे अधिक अपराध दर्ज किए गए हैं। 2021 में बच्चों के खिलाफ अपराध के 19173 केस दर्ज किए गए हैं जो कि देश में सबसे अधिक है। एनसीआरबी के पिछले सालों के आंकड़ों के अनुसार मध्य प्रदेश में साल दर साल बच्चों के खिलाफ अपराधों में लगातार वृद्धि दर्ज की है। 2011 से 2021 में बच्चों के खिलाफ अपराध में 337 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज है। मध्य प्रदेश में 2011 में कुल मामलों की संख्या 4383 थी जो 2021 में 19173 हो गई थी।
द मूकनायक की प्रीमियम और चुनिंदा खबरें अब द मूकनायक के न्यूज़ एप्प पर पढ़ें। Google Play Store से न्यूज़ एप्प इंस्टाल करने के लिए यहां क्लिक करें.