मध्य प्रदेश: मासूम की रेप के बाद हत्या, प्रदेश में बच्चों और महिलाओं पर बढ़ रहा अत्याचार

मध्य प्रदेश: मासूम की रेप के बाद हत्या, प्रदेश में बच्चों और महिलाओं पर बढ़ रहा अत्याचार

भोपाल। मध्य प्रदेश में महिलाओं और बच्चों के खिलाफ अपराध थमने का नाम नहीं ले रहा है। वर्ष 2021 के एनसीआरबी के आंकड़ों में प्रदेश महिलाओं पर घटी घटनाओं में देश में शीर्ष पर रहा था। अब प्रदेश के शिवपुरी जिले में 6 साल की बच्ची से रेप के बाद बेरहमी से हत्या करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी नाबालिग है। उसने कुछ दिन पहले ही खेत में एक कपल को गलत काम करते देखा था, तभी से वह हमउम्र लड़की की तलाश में था। मौका पाकर 6 साल की मासूम से रेप के बाद उसने गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी थी।

तीन डॉक्टरों की टीम ने बच्ची के शव का पोस्टमॉर्टम किया। शॉर्ट पीएम रिपोर्ट में खुलासा हुआ कि मासूम के साथ पहले बेरहमी से मारपीट की गई। इससे उसका लिवर फट गया था। इसके बाद आरोपी ने मासूम से रेप किया। प्रशासन ने मंगलवार सुबह बुलडोजर से आरोपी का घर ढहा दिया।

क्या था पूरा मामला?

मामला मध्यप्रदेश के शिवपुरी जिले के करैरा थाना क्षेत्र का है। जानकारी के मुताबिक, 10 फरवरी को मंदिर में भागवत कथा हो रही थी। 6 साल की मासूम मां के साथ दोपहर 3 बजे कथा सुनने पहुंची थी। भागवत सुनने के दौरान मासूम मां से अलग हो गई। भागवत कथा खत्म होने के बाद जब मां ने बेटी की तलाश की तो वह नहीं मिली। मां ने सोचा बेटी घर पर पहुंच गई होगी। जब वह घर पहुंची तो वहां भी बेटी नहीं मिली। मां ने बेटी के लापता होने की जानकारी अपने पति को दी। परिजन ने ग्रामीणों के साथ मिलकर बच्ची को तलाशना शुरू किया। कहीं पता नहीं चलने पर शुक्रवार रात 11 बजे करैरा थाने में गुमशुदगी दर्ज करवाई।

11 फरवरी की सुबह शासकीय स्कूल के पीछे सरसों के खेत में मासूम का शव एक ग्रामीण ने देखा। बताया जा रहा है कि उसके मुंह में कपड़ा ठुंसा हुआ था। मासूम के साथ हुई बर्बरता की सूचना मिलते ही गुस्साए ग्रामीणों ने टीला-बड़ौदा मार्ग को जाम कर दिया था। ग्रामीणों को समझाने मौके पर एसपी राजेश सिंह चंदेल और कलेक्टर रविंद्र कुमार चौधरी पहुंचे। एसपी ने जल्द आरोपी को गिरफ्तार करने का आश्वासन दिया था। उन्होंने आरोपी पर 10 हजार का इनाम भी घोषित किया था।

मध्य प्रदेश: मासूम की रेप के बाद हत्या, प्रदेश में बच्चों और महिलाओं पर बढ़ रहा अत्याचार
उत्तर प्रदेश: मऊ में दलित महिला पर भूत का साया बताकर मौलवी करता रहा रेप, गाजियाबाद में बीकॉम की छात्रा से गैंगरेप

द मूकनायक से बातचीत करते हुए पुलिस अधीक्षक राजेश सिंह चंदेल ने बताया कि पुलिस ने गांव में पूछताछ की तो आरोपी का कोई सुराग नहीं मिला। पुलिस ने गांव के बाहर से आए लोगों की तलाश शुरू की। इसी दौरान पुलिस को पहला क्लू मिला कि मासूम को आखिरी बार भागवत कथा स्थल के बाहर लगे झूले पर देखा गया था। पुलिस ने उस दिन उस समय झूला झूलने वालों बच्चों को तलाशा। बच्चों ने बताया कि झूले के पास एक लड़का खड़ा था, लड़की उससे बात कर रही थी। बच्चों के बताए हुलिए के आधार पर पुलिस ने तलाशी शुरू की। पुलिस को मुखबिर ने हुलिए वाले लड़के के बारे में बताया। पुलिस ने जब झूले वाले से पूछताछ की तो उसने बताया कि इस हुलिए का एक लड़का हर दिन यहां आता था। वह झूले पर ही खड़ा रहता था। झूले की सफाई भी कर देता था। इसके चलते वह उसे कुछ पैसे भी दे देता था। हालांकि, वह उसका नाम और पहचान नहीं बता पाया। पूछताछ में झूले वाले ने कहा- कुछ दिन पहले लड़के ने मेरे मोबाइल से अपने पिता से बात की थी। पुलिस ने उस दिन आए नंबर पर बात की तो पता चला कि नंबर पास के गांव का है। इस पर पुलिस उस गांव पहुंच गई, जहां पड़ताल करने पर आरोपी अपने खेत में छिपा मिल गया। आरोपी की उम्र 15-16 साल के बीच है। उसने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया है।

मध्य प्रदेश: मासूम की रेप के बाद हत्या, प्रदेश में बच्चों और महिलाओं पर बढ़ रहा अत्याचार
“भाइयों की नौकरी गई, सरकार ने भी रोजगार देने का वादा पूरा नहीं किया, अब रोज पेशी के लिए लगा रहे कोर्ट के चक्कर” — लखीमपुर खीरी रेप पीड़िता के भाई

पुलिस की पूछताछ में आरोपी ने बताया कि 10 फरवरी की दोपहर वह झूले पर खड़ा था। इसी दौरान वह लड़की झूले पर आई थी। थोड़ी देर पहले ही मैंने झूले की सफाई की थी। झूले वाले ने मुझे 20 रुपए दिए थे। उसी रुपए से 10 रुपए मैंने उस लड़की को बिस्किट खरीद कर लाने को दे दिए थे। बिस्किट खाने के बाद फिर मैंने 10 रुपए बिस्किट लाने को दिए। इस बार मैं लड़की के पीछे चला गया, जहां मैं उसे बहाने से सरसों के खेत में ले गया। यहां उसके साथ गलत काम किया।

द मूकनायक से बातचीत करते हुए मध्यप्रदेश बाल संरक्षण आयोग के सदस्य ओंकार सिंह ने बताया की इस मामले में आयोग ने पुलिस अधीक्षक को पत्र लिख विस्तृत जांच प्रतिवेदन मांगा है। ओंकार सिंह ने बताया मामला बेहद गंभीर है। इसकी मामले की पूरी जांच आयोग की निगरानी में होगी।

द मूकनायक की प्रीमियम और चुनिंदा खबरें अब द मूकनायक के न्यूज़ एप्प पर पढ़ें। Google Play Store से न्यूज़ एप्प इंस्टाल करने के लिए यहां क्लिक करें.

Related Stories

No stories found.
The Mooknayak - आवाज़ आपकी
www.themooknayak.com