एमपी पुलिस के अधिकारियों और आरक्षकों पर 192 बलात्कार के आरोप! जानिए कब और कहां हुईं घटनाएं

कांग्रेस विधायक जीतू पटवारी के सवाल के जवाब में गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने जानकारी दी
एमपी पुलिस के अधिकारियों और आरक्षकों पर 192 बलात्कार के आरोप! जानिए कब और कहां हुईं घटनाएं

भोपाल। नेशनल क्राइम रिकार्ड ब्यूरो (एनसीआरबी) के आंकड़ों के अनुसार मध्य प्रदेश महिलाओं के खिलाफ अत्याचारों में देश में नम्बर एक पर है। यह आंकड़ा इसलिए भी शीर्ष पर है क्योंकि अपराधियों के साथ-साथ एमपी पुलिस भी महिलाओं पर क्राइम करने में पीछे नहीं है। इसका खुलासा हाल में विधानसभा में पेश एक रिपोर्ट से हुआ। एक सवाल के जवाब में राज्य गृह विभाग ने बताया कि गत 12 साल में पुलिस महकमे के कुल 192 अधिकारी और आरक्षक बलात्कार के आरोपी रहे है। यह आंकड़ा सामने आने के बाद मध्य प्रदेश पुलिस पर सवाल खड़े हो गए है।

विधानसभा में यह आंकड़े आए सामने

भोपाल में विधानसभा का बजट सत्र चल रहा है। विपक्ष कई मुद्दों पर सरकार को घेर रहा है। कांग्रेस विधायक जीतू पटवारी के सवाल के जवाब में गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस में आरक्षक से लेकर अधिकारी तक 192 बलात्कार के आरोपी हैं। इनमें से सबसे ज्यादा 28 बलात्कार के आरोपी ग्वालियर में हैं, जबकि ग्वालियर-चंबल रेंज पुलिस में 44 बलात्कार के आरोपी हैं। यह जानकारी सामने आने के बाद मध्यप्रदेश पुलिस का दागदार चेहरा उजागर हुआ है।

12 साल में 45 एनकाउंटर

पटवारी के सवाल के जवाब में गृहमंत्री ने बताया कि 12 साल की अवधि में विवेचना के दरमियान हवालात में 13 मौत हुई हैं, जबकि इसी अवधि में 31 लोगों ने हवालात में आत्महत्या की है। इसी दरमियान प्रदेश में 45 एनकाउंटर हुए हैं, जिनमें आश्चर्यजनक रूप से सिर्फ ग्वालियर जिले में ही 42 एनकाउंटर किए गए हैं। बलात्कार के मामले में ग्वालियर में 28, ग्वालियर चंबल रेंज में 44, इंदौर शहर में 17, इंदौर देहात में 14 और भोपाल में 16 पुलिस वाले आरोपी हैं।

यह मामले आए थे सामने

केस-1 भोपाल के जिला रिजर्व पुलिस बल के आरक्षक नवीन पटेल ने अगस्त 2022 में सागर की एक युवती को प्रेमजाल में फंसाने के बाद शादी का झांसा दिया। उसने युवती को भोपाल मिलने बुलाया। इसके बाद अपने कमरे पर ले गया। यहां पर पहले प्रेमी आरक्षक ने उसके साथ दुष्कर्म किया और बाद में प्रेमी के दो दोस्तों ने भी अलग-अलग समय पर उसके साथ दुष्कर्म किया। दोनों दोस्त भी पुलिसवाले थे। पुलिस ने तीनों के खिलाफ रेप का केस दर्ज किया था।

केस-2 अक्टूबर 2022 में विदिशा जिले के त्योंदा क्षेत्र की एक नाबालिग किशोरी ने पुलिसकर्मी पर मारपीट और दुष्कर्म का आरोप लगाया था। किशोरी ने एसपी से शिकायत में कहा था कि आरक्षक गोविंद गौड़ ने शादी का झांसा देकर कई बार उसके साथ रेप किया है। एसपी ने मामले को संज्ञान में लेकर आरक्षक को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर रेप का मामला दर्ज किया था।

केस- 3 अप्रैल 2022 में ग्वालियर में महिला ने गोला का मंदिर थाने में आरोपी पुलिसवाले पर रेप का मामला दर्ज करवाया था। महिला ने शिकायत की थी जून 2020 में उसकी दोस्ती ग्वालियर पुलिस लाइन में पदस्थ आरक्षक कुलदीप तोमर से हुई थी। दोस्ती प्यार में बदल गई। कुलदीप ने उसे भरोसा दिलाया कि वह उससे शादी करेगा। यही दिलासा देते हुए कई बार उसने महिला का यौन शोषण किया। जब भी शादी की बात करती तो वह टाल जाता था। धीरे-धीरे उसके इरादे पर शक होने लगा। जिसके बाद महिला ने पुलिस में मामला दर्ज करवाया था।

केस-4 वर्ष 2018 में कटनी में पदस्थ टीआई संदीप अयाची पर भी रेप का मामला दर्ज हुआ था। दरअसल पुलिस लाइन में पदस्थ महिला आरक्षक को ड्यूटी के लिए जुलाई 2018 को गोरखपुर थाने भेजा गया। जहां उसकी जान पहचान थाना प्रभारी अयाची से हो गई। इसके बाद अचायी का तबादला पनागर थाने कर दिया गया। महिला आरक्षक की अक्टूबर 2018 में पनागर में ड्यूटी लगी। महिला आरक्षक ने शिकायत की थी कि टीआई अयाची उसे जबलपुर के सोनिया पैलेस होटल में ले गए। जहां शादी का झांसा देकर उससे बलात्कार किया।

द मूकनायक की प्रीमियम और चुनिंदा खबरें अब द मूकनायक के न्यूज़ एप्प पर पढ़ें। Google Play Store से न्यूज़ एप्प इंस्टाल करने के लिए यहां क्लिक करें.

Related Stories

No stories found.
The Mooknayak - आवाज़ आपकी
www.themooknayak.com