बाबासाहेब और बापू की खिचड़ी क्यों पका रहे समाजवादी?

रामचंद्र गुहा की किताब के हवाले से योगेंद्र यादव के 'बापू-बाबा साहेब की दोस्ती' वाले तर्क का विश्लेषण: क्या वर्णाश्रम और सत्याग्रह के बुनियादी मतभेदों को भुलाकर यह समन्वय संभव है, या आज ज़रूरत बाबा साहेब के नेतृत्व में डॉ. लोहिया से वैचारिक एकता की है?
Baba Saheb and Gandhi
योगेंद्र यादव और रामचंद्र गुहा के 'गांधी-अम्बेडकर दोस्ती' के दावे में कितना दम? जानिए सत्याग्रह, जाति और अम्बेडकर-लोहिया राजनीति का सच।
Published on: 

योगेंद्र यादव द्वारा रामचंद्र गुहा की किताब 'Arguments with Gandhi' के हवाले से 'The Indian Express' में लिखा गया लेख17 नवंबर को पढ़ा, ‘Babasaheb and Bapu are now friends, and for all of us, that is a reason for hope’। पढ़कर प्रतिक्रिया तो हुई, लेकिन इग्नोर करना चाहा। लेकिन कब तक! योगेंद्र यादव की बौद्धिक आभा एक बेचैनी तो देने ही वाली थी, अम्बेडकरवादी समूह में बहस छिड़नी ही थी। अम्बेडकरवादी बुद्धिजीवी और मराठी दैनिक ‘महानायक’ के संस्थापक संपादक सुनील खोब्रागड़े का लिखा सुचिंतित प्रत्युत्तर पढ़ा, हालाँकि उन्होंने मेरी सहूलियत के लिए उसका हिंदी अनुवाद भी भेज दिया। मैं उसी कड़ी में उनकी बहस को ही आगे बढ़ा रहा हूँ। मैंने अपने इस लेख में योगेंद्र जी के 14 साल पहले ‘SEMINAR’ के लिए लिखे गए एक लेख को भी शामिल किया है, ‘Ambedkar and Lohia: A Dialogue on Caste’। जाति के संदर्भ में 14 साल पहले उत्तर प्रदेश के चुनाव के ठीक पहले लिखे गए लेख और अब फिर उत्तर प्रदेश के ही चुनाव के पहले लिखे गए नए लेख के राजनीतिक मायने स्पष्ट हैं। इन दोनों ही लेखों में जाति के प्रश्न तक ही डॉ. अम्बेडकर को सीमित करने की कोशिश की गई है और वही आधार बना है बाबा साहेब और बापू के बीच दार्शनिक एवं राजनीतिक समन्वय के प्रस्ताव के लिए। ऐसा ही डॉ. अम्बेडकर और डॉ. लोहिया के लिए किया गया है।

कुछ साल पहले बिहार के समाजवादी विचारक एवं राजनीतिज्ञ ने इन पंक्तियों के लेखक से कहा कि ‘डॉ. अम्बेडकर का सबसे महान काम है 'Annihilation of Caste'।’ उन्होंने जोड़ा, ‘उसके बाद उनका कोई खास प्रभावी लेखन नहीं है।’ समाजवादियों का यही संकट है, जिसे सुनील खोब्रागड़े ‘कांग्रेसियों और समाजवादियों’ के संकट के रूप में चिह्नित करते हैं। सवाल है कि बाबा साहेब और बापू के बीच वैचारिक और राजनीतिक मतभेद सिर्फ जाति के सवाल को अलग-अलग नज़रिये से देखे जाने भर का है? और क्या महात्मा गांधी द्वारा अंतरजातीय विवाहों को जाति उन्मूलन के लिए ज़रूरी मान लेने भर से दोनों का नज़रिया एक हो जाता है? और ऐसा था तो क्या 40 के दशक में डॉ. अम्बेडकर महात्मा के इस हृदय परिवर्तन से अनजान थे कि वे 1945 तक 'What Congress and Gandhi Have Done to the Untouchables' लिखने बैठ गए, जिसमें जाति के सवाल, जो जाहिर है उनके लिए सिर्फ उन्मूलन जैसा यूटोपियन मात्र नहीं था, पर गांधी और कांग्रेस के दोहरे रवैये को प्रमाण के साथ खोलते हैं।

रामचंद्र गुहा ने बापू और बाबा साहेब के बीच समन्वय के लिए कुछ विद्वानों के तर्कों को आधार बनाया है और उससे अपना बुनियादी सिद्धांत विकसित किया है। उसका परीक्षण किया जाए तो सिद्धांत की बुनियाद ही हिल जाती है। डी. आर. नागराज, राव साहेब कसबे, निशिकांत कोलगे और शशि भूषण उपाध्याय को योगेंद्र यादव के अनुसार गुहा ने रेफर किया है। नागराज आत्मशुद्धि बनाम आत्मसम्मान की भाषा में व्याख्या करते हैं और गांधी जी के 1940 के बाद जाति के सवाल पर अंतरजातीय विवाह के ज़रिये रेडिकल होने की धारणा पेश करते हैं। क्या डॉ. अम्बेडकर आत्मसम्मान, जो मूलतः पेरियार का आंदोलन था, तक सीमित थे? क्या महाड सत्याग्रह से लेकर 40 के दशक के नागपुर अधिवेशन में वे सिर्फ आत्मसम्मान-केंद्रित थे? क्या अंतरजातीय विवाह पर ज़ोर गांधी द्वारा अपने जाति-संबंधी मूल सिद्धांत और विश्वास को पुनर्मूल्यांकित किए जाने का प्रसंग है? गांधी आखिर तक वर्णाश्रमी बने रहे, जो डॉ. अम्बेडकर के साथ उनका बुनियादी मतभेद था। वर्णाश्रमी होकर आप अंतरजातीय विवाह को जाति उन्मूलन का आधार बनाएँगे तो ब्राह्मणवादी पितृसत्ता ऐसे लाखो विवाहों को को-ऑप्ट कर लेगी, कर ही रही है। जाति उन्मूलन के लिए गांधी की सवर्णों पर आत्मशुद्धि की नैतिक जिम्मेदारी के बरअक्स ऐसा नहीं है कि डॉ. अम्बेडकरर सिर्फ जाति व्यवस्था के शिकार लोगों पर, डिप्रेस्ड क्लास पर, जिम्मेदारी सौंप रहे थे कि वे आत्मसम्मान जगाएँ। यहाँ एक बुनियादी फर्क को गांधी और डॉ. अम्बेडकर के सत्याग्रह संबंधी विचारों के ज़रिये समझा जा सकता है, क्योंकि आत्मशुद्धि गांधी के सत्याग्रह का ही एक अंग है।

सत्याग्रह : नैतिक परिवर्तन या राजनीतिक दबाव?

अशोक गोपाल ने अपनी किताब 'A Part Apart: The Life and Thought of B. R. Ambedkar' में सत्याग्रह संबंधी बापू और बाबासाहेब के विचारों के बुनियादी फर्क को ठीक-ठीक व्याख्यायित किया है। गांधी के अनुसार, सत्याग्रह द्वारा संघर्ष में शामिल दोनों पक्ष इस तरह बदलें कि वे एक सकारात्मक संबंध तक पहुँचें। गांधी के लिए अहिंसा सबसे बड़ा साधन और साध्य बन जाती थी। डॉ. अम्बेडकर सत्याग्रह को एक ऐसे साधन के रूप में देखते थे, जिसके माध्यम से विरोधी पक्ष को, यदि वह गलत है, तो पीछे हटने के लिए बाध्य किया जा सके। उत्पीड़ितों से यह अपेक्षा नहीं की जा सकती थी कि वे विशेषाधिकार प्राप्त लोगों की अंतरात्मा बदलने का अनिश्चितकाल तक इंतजार करें। इसलिए वे ‘हिंसा’ के इस्तेमाल को भी गलत नहीं मानते थे। यही वह बिंदु है जिसके आधार पर जाति आधारित बुराइयों को खत्म करने के लिए स्टेट की भूमिका बाबा साहेब की नजर में महत्वपूर्ण हो जाती है, गांधी इन बुराइयों को ख़त्म करने की जिम्मेवारी ऊंची जाति के हिन्दुओं की आत्मशुद्धि और आत्मबोध के हवाले करने के पक्षधर रहे। यदि जातिगत उत्पीड़न सामाजिक संस्थाओं में गहराई से जड़ें जमाए हुए है और असमान सत्ता संबंधों से संरक्षित है, तो उसका उन्मूलन सवर्ण हिंदुओं की आत्मशुद्धि के भरोसे नहीं छोड़ा जा सकता। कानून, संवैधानिक सुरक्षा, प्रतिनिधित्व और राज्य का हस्तक्षेप अनिवार्य हैं। नैतिक सुधार और हिंदू समाज की अंतरात्मा पर गांधी की निर्भरता इस राजनीतिक कार्यक्रम का विकल्प नहीं हो सकती थी।

इस बुनियादी फर्क से ही बाबा साहेब और बापू का बुनियादी भेद समझ में आता है और किसी भी कालखंड में इनके समन्वय की बात करना इस अंतःप्रेरणा से ही माना जाएगा कि लोकतांत्रिक समाज के सबसे बड़े आइकन के रूप में संबंधित व्यक्ति या विचारक बाबा साहेब को मानने से हिचक रहा है, नहीं मानना चाहता है।

बाबासाहेब और बापू का एक ऐसा बुनियादी फर्क है यह, जो गांधी के प्रैग्मैटिज्म और टैक्टिक्स को भी बेपर्द कर देता है। वैकोम सत्याग्रह में पीछे हटना, कालाराम मंदिर प्रवेश के मुद्दे पर सक्रिय न होना आदि कई उदाहरण हैं। गांधी पुनर्विचार कर रहे होते तो अपनी मूल दार्शनिक किताब 'हिंद स्वराज' से इतना मोह नहीं रखते कि उसके लिखे जाने के तीन दशक बाद भी महज ‘बाँझ’ और ‘वेश्या’ शब्दों को ही छोड़ने को तैयार होते। गांधी अपने विचारों के प्रति दुराग्रह की हद तक सत्याग्रही थे। वे ‘हरिजन’ शब्द पर आपत्तियों के बावजूद उसे अपने और कांग्रेसजनों के मानस का अभिन्न हिस्सा बना चुके थे। गांधी और गांधीवादियों के ऐसे कई मोह और व्यामोह रहे हैं, जिससे भारत की संविधान सभा आजादी के बाद ही दूरी बनाने के मार्ग पर चल चुकी थी। इनमें से एक ग्राम स्वराज की अवधारणा भी है, जिसे डॉ. आंबेडकर सामाजिक बुराइयों का अपरिवर्तनीय अड्डा मानते हैं।

ऐसा नहीं है कि जीवनकाल में दोनों के बीच समन्वय का प्रयास नहीं हुआ। गांधी के प्रयास से ऑल इंडिया एंटी-अनटचेबिलिटी लीग (All-India Anti-Untouchability League) बना, जिसे बाद में हरिजन सेवक संघ (Harijan Sevak Sangh) नाम दिया गया। इसमें बाबा साहेब भी शामिल थे। लेकिन उसके सवर्ण और हिंदू वर्चस्व तथा उसके कामकाज एवं गतिविधियों से असहमत होकर तीन-चार महीने में ही वे बाहर हो गए थे। इस लीग के कामकाज को हिंदी की पहली दलित महिला आत्मकथा-लेखिका कौशल्या बैसंत्री ने अपनी आत्मकथा ‘दोहरा अभिशाप’ में चित्रित किया है। कौशल्या ऑल इंडिया डिप्रेस्ड क्लासेज़ विमेन्स कॉन्फ्रेंस (All-India Depressed Classes Women's Conference) के 1942 में नागपुर अधिवेशन में शामिल थीं। वे तब छात्र यूनियन में थीं। लीग दलित विद्यार्थियों के साथ कैसा व्यवहार करता था, उसे पाठक देख सकते हैं।

गुहा या योगेंद्र यादव की समस्या उनकी नहीं, भारतीय नैरेटिव रचना के सभी सिद्धांतकारों की समस्या है। आखिर वे क्यों नहीं गांधी को हिंदू धर्म के प्रति सर्वाधिक चिंतित और सक्रिय नेता मान लेते हैं! गुहा, योगेंद्र यादव के अनुसार, गांधी के रिसेप्शन को दो विरोधाभासी प्रक्रियाओं में देखते हैं। एक, डॉ. अम्बेडकर द्वारा उन पर व्यवस्था से सीधे संघर्ष न करने का आरोप और दूसरा, हिंदूवादियों द्वारा गांधी को रेडिकल सुधारक की तरह देखना, जो हिंदू धर्म पर प्रहार कर रहा है। यह तथ्य और सत्य के विपरीत केवल नैरेटिव है। यह शारदा एक्ट पर गांधी की सोच, महिलाओं के नागरिक अधिकारों के संघर्ष पर उनकी राय, यह गांधी और कांग्रेस द्वारा ‘हरिजन उद्धार’ को हिंदू महासभाइयों को सौंपना, यह बाबा साहेब द्वारा जाति के सवाल को बापू द्वारा हिंदू एकता में विखंडन के दृष्टिकोण से देखना, यह मदन मोहन मालवीय, घनश्याम दास बिड़ला सहित अनेक हिंदूवादी नेताओं के साथ बापू के साझा से अलग एक काल्पनिक कहानी है, जिसे भारत का वर्चस्वशाली विचार बना दिया गया है।

आखिर योगेंद्र यादव और समाजवादी जितनी मेहनत बापू और बाबा साहेब में दोस्ती के लिए कर रहे हैं, उतनी बाबा साहेब और डॉ. लोहिया के लिए क्यों नहीं करते? उसके व्यापक आधार भी हैं। लेकिन ऐसा करने के लिए भी अपनी कई धारणाओं और जाति-प्रेरित स्टैंड से उन्हें मुक्त होना पड़ेगा। इसके लिए उनके 2012 के लेख को देखते हैं।

सेग्रेगेटिव’ और ‘एग्रीगेटिव’ राजनीति की झूठी श्रेणियाँ

2012 के अपने लेख ‘Ambedkar and Lohia: A Dialogue on Caste’ में योगेंद्र यादव ने कई बिंदुओं पर दोनों में संवाद और कई बिंदुओं पर विभेद की बात कही है। जैसे, उन्होंने समाजवादियों की ‘लकीरी थ्योरी’, बाबा साहेब को ‘अटलांटिक ग्रुप’ का बताने को भी शामिल किया है। दोनों के सांस्कृतिक सोच के प्रस्थान-बिंदुओं को अलग-अलग देखते हुए डॉ. अम्बेडकर को पश्चिम-प्रेरित बताया है। यह धारणा तब के हिंदू महासभाइयों या आरएसएस के मूल चिंतन से अलग नहीं है, जो संविधान तक को पश्चिम-प्रेरित बता रहे थे। लेकिन यहाँ मैं सिर्फ एक ही मुद्दे पर बात करना चाहता हूँ, जो योगेंद्र जी द्वारा दोनों महान चिंतकों और नेताओं के बीच का बुनियादी भेद बताया गया है।

योगेंद्र यादव के अनुसार, बाबा साहेब अलगाववादी (Segregative) थे। वे दलितों की स्वतंत्र राजनीतिक पहचान, पृथक प्रतिनिधित्व और स्वायत्त राजनीतिक शक्ति के निर्माण पर ज़ोर देते थे। उनके अनुसार, डॉ. लोहिया समेकित (Aggregative) राजनीतिक विचार के वाहक थे। वे लिखते हैं:

‘पहला अंतर उनकी राजनीतिक रणनीति से जुड़ा है।अम्बेडकर ने दलितों को बाकी हिंदू समाज से राजनीतिक रूप से अलग रखने की रणनीति अपनाई। जाति व्यवस्था को खत्म करने के लिए, अम्बेडकर की राजनीतिक रणनीति में एक अलग पहचान बनाना, अलग-अलग हितों को मान्यता दिलाना और अलग राजनीतिक प्रतिनिधित्व हासिल करना मुख्य था। इसी सोच के तहत उन्होंने अलग चुनाव क्षेत्र (सेपरेट इलेक्टोरेट), आरक्षण व्यवस्था और बौद्ध धर्म अपनाने जैसे कदम उठाए। बेशक, इस ‘अलग रहने’ की रणनीति में सबको एक साथ जोड़ने का पहलू भी था। इसका मतलब था हज़ारों ऐसी जातियों और उप-जातियों को एक साथ लाना, जिन्हें उस समय ‘अछूत’ कहा जाता था। ‘लेबर पार्टी’ और बाद में ‘रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया’ का गठन भी इस बात को दिखाता है कि वे अन्याय के शिकार अन्य लोगों को भी अपने साथ जोड़ना चाहते थे। लेकिन, आंबेडकर की मुख्य रणनीति ‘अछूतों’ की, ‘अछूतों’ के लिए और ‘अछूतों’ द्वारा की जाने वाली राजनीति ही रही।’

वे आगे लिखते हैं:

‘लोहिया की सामाजिक न्याय की राजनीति मूल रूप से विभिन्न समूहों को एक साथ जोड़ने वाली थी। यह जुड़ाव कई आयामों वाला था: वे ‘शूद्र’ जैसी एक व्यापक श्रेणी के तहत अलग-अलग जाति-समूहों को एकजुट करना चाहते थे; वे शूद्रों के साथ-साथ दलितों और आदिवासियों जैसे विभिन्न जाति-समूहों को एक साथ लाना चाहते थे; और उन्होंने जाति-व्यवस्था के पीड़ितों का मुसलमानों, महिलाओं और गरीबों के साथ एक गठबंधन बनाने का प्रस्ताव रखा। बेशक, इस ‘जोड़ने वाली’ राजनीति में कुछ हद तक ‘अलग करने वाला’ (Segregative) तत्व भी मौजूद था। सार्वजनिक और राजनीतिक जीवन में उच्च जाति के हिंदुओं के वर्चस्व पर लोहिया के तीखे हमलों ने उन्हें कुछ ऐसा बना दिया कि वे ‘अलगाववादी’ राजनीति के समर्थकों से अलग नहीं लगे। लेकिन लोहिया की राजनीति को समग्र रूप से समझने पर यह स्पष्ट हो जाता है कि वे भारतीय समाज में कई तरह के दमन और अन्याय के शिकार लोगों का एक ऐतिहासिक समूह (Historic Bloc) बनाने में लगे हुए थे।’

कोई भी अपने आप में विरोधाभासी व्याख्या के लिए निर्मित Segregative और Aggregative, इन दो श्रेणियों के निर्माण और उसमें डॉ. अम्बेडकर और अम्बेडकर लोहिया को स्थापित करने में लेखक की चतुराई देख सकता है। वे स्वयं निश्चित नहीं हैं कि दोनों ही चिंतक किस श्रेणी में होने चाहिए। ऐसा करते हुए वे दोनों के साथ ही अन्याय कर रहे हैं और अपनी चुनावी व्याख्याओं या तत्कालीन राजनीतिक हितों को अपनी बौद्धिकता पर हावी होने दे रहे हैं।

लेख में इन दो श्रेणियों के निर्माण के साथ योगेंद्र यादव ने मायावती और मुलायम सिंह यादव की राजनीति के बीच अपने तत्कालीन पोजीशन से प्रेरणा ली है। उस वक्त तक वे अन्ना आंदोलन में सक्रिय हो चुके थे। योगेंद्र यादव बाबा साहेब की इंडिपेंडेंट लेबर पार्टी के गठन अथवा रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया के गठन को दलित हितों की केंद्रीयता के आधार पर महज टैक्टिकल बता रहे हैं। यह उम्मीद नहीं की जा सकती है कि उनके जैसा बहुपठित व्यक्ति 25 अप्रैल 1948 को लखनऊ में बाबा साहेब का ऐतिहासिक भाषण नहीं पढ़ा होगा, जिसमें वे पिछड़ों और दलितों की एकता की बात कर रहे हैं और उसकी पूरी सैद्धांतिकी दे रहे हैं। या 17 दिसंबर 1946 को बाबा साहेब का संविधान सभा में पहला भाषण नहीं पढ़ा होगा उन्होंने, जिसमें वे सभी हितधारकों से परस्पर मतभेद छोड़कर एक देश की तरह, राष्ट्र की तरह साथ आने और सोचने की बात कर रहे हैं। इसके पहले भी आईएलपी के तहत ‘खोटी’ प्रथा के खिलाफ उनका आंदोलन योगेंद्र यादव की जानकारी में था।

यहाँ जिन दो फॉल्स कैटेगरी में दोनों नेताओं को वे रख रहे हैं, वह अंततः दोनों ही राजनीति के खिलाफ जाती हैं, गई हैं। अंततः ऐसी व्याख्याएँ वर्चस्वशाली ब्राह्मणवादी विचार और हितों को ही आगे बढ़ाती हैं।

सवाल है कि योगेंद्र यादव जैसे बुद्धिजीवी वास्तव में बाबा साहेब और डॉ. लोहिया के साथ होने पर विचार और कार्ययोजना क्यों नहीं बनाते हैं? एक शोर के द्वारा प्रतिआक्रमण के डर के बावजूद क्या मैं एक प्रस्ताव दे सकता हूँ- इसकी वजह भी श्रेणीबद्ध जाति व्यवस्था की प्रेरणा से प्रेरित होना तो नहीं है?

लोहिया के साथ वास्तव में काम करने के विचार से पहले, 1951 के चुनाव में ही अशोक मेहता आदि के साथ बाबा साहेब का शेड्यूल्ड कास्ट्स फेडरेशन चुनाव लड़ चुका था और तब जवाहरलाल नेहरू इसे डॉ. अम्बेडकर और लोहिया के साथ आने के रूप में चिह्नित कर रहे थे। वे चेन्नई के भाषण में इस साथ का मज़ाक उड़ा रहे थे। तब तक दोनों नेताओं की मुलाकात नहीं हुई थी। उनकी मुलाकात 1956 में हुई, उसके बाद बाबा साहेब नहीं रहे। उस मुलाकात के बाद डॉ. लोहिया ने अपने दो सहयोगियों को लिखा:

‘डॉ. आंबेडकर से मेरी मुलाकात इस बात का सम्मान करने का भी अवसर होगी कि पिछड़ी जातियाँ और अनुसूचित जातियाँ भी उनके जैसा विलक्षण बौद्धिक व्यक्तित्व पैदा करने में सक्षम हैं। साथ ही, इस मुलाकात के राजनीतिक परिणाम भी उतने ही महत्त्वपूर्ण होंगे।’

आखिर इसके बाद जब दो-तीन महीने में बाबा साहेब नहीं रहे, तो स्वयं डॉ. लोहिया और समाजवादी, डॉ. लोहिया के बाद बाबा साहेब के बौद्धिक नेतृत्व में वैचारिक और राजनीतिक एका क्यों नहीं बना सके? क्या श्रेणीबद्ध जाति समाज की प्रेरणा से प्रेरित मानने का मेरा प्रस्ताव इस सच के संदर्भ में नहीं देखा जाना चाहिए?

बाबा साहेब और बापू की दोस्ती की ज़रूरत ही क्यों है? योगेंद्र यादव जैसे चिंतकों को बाबा साहेब के बौद्धिक और राजनीतिक सिद्धांतों के नेतृत्व में डॉ. लोहिया की दोस्ती के बारे में चिंतन को एक ठोस आधार देना चाहिए। यहाँ भी डॉ. लोहिया के प्रति श्रेष्ठता-बोध से बाहर आना होगा, नेतृत्वकारी भूमिका बाबा साहेब की होनी चाहिए।

डिस्क्लेमर (अस्वीकरण): इस आलेख में व्यक्त किए गए विचार लेखक के निजी विचार हैं. इस आलेख में दी गई किसी भी सूचना की सटीकता, संपूर्णता, व्यावहारिकता अथवा सच्चाई के प्रति The Mooknayak उत्तरदायी नहीं है. इस आलेख में सभी सूचनाएं ज्यों की त्यों प्रस्तुत की गई हैं. इस आलेख में दी गई कोई भी सूचना अथवा तथ्य अथवा व्यक्त किए गए विचार The Mooknayak के नहीं हैं, तथा The Mooknayak उनके लिए किसी भी प्रकार से उत्तरदायी नहीं है.

Baba Saheb and Gandhi
संविधान दिवस पर मायावती ने कहा- सत्ता की 'मास्टर चाबी' के बिना बाबा साहेब का मिशन अधूरा, केंद्र की सरकारों से मांगा हिसाब
Baba Saheb and Gandhi
मेरठ के होटल से भागकर दलित युवती ने बचाई जान, बंधक बनाकर दुष्कर्म का आरोपी सलमान मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार
Baba Saheb and Gandhi
संविधान दिवस स्पेशल | बाबा साहब ने दिया था बराबरी का हक, आज राजस्थान के 37 में से 26 जिलों में महिला जिला प्रमुख

द मूकनायक की प्रीमियम और चुनिंदा खबरें अब द मूकनायक के न्यूज़ एप्प पर पढ़ें। Google Play Store से न्यूज़ एप्प इंस्टाल करने के लिए यहां क्लिक करें.

द मूकनायक को सब्सक्राइब करें

'द मूकनायक' जनवादी पत्रकारिता करता है. यह संविधान, लोकतंत्र और सामाजिक न्याय पर चलने वाला मीडिया समूह है। अगर आप भी चाहते हैं कि 'द मूकनायक' हमेशा हाशिए पर खड़े लोगों की आवाज बुलंद करता रहे, बेजुबानों की पीड़ा दिखाते रहें तो सब्सक्राइब करें।

यहां सब्सक्राइब करें