
लखनऊ। संविधान दिवस के मौके पर बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश की चार बार मुख्यमंत्री रहीं मायावती ने देश की सियासत और बहुजन समाज के भविष्य को लेकर बड़ा राजनीतिक संदेश दिया है। गुरुवार, को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक विस्तृत पोस्ट साझा करते हुए उन्होंने कहा कि सत्ता की मास्टर चाबी हाथ में न आने के कारण डॉ. भीमराव अम्बेडकर का आत्म-सम्मान और स्वाभिमान का मिशन आज भी अधूरा है। उन्होंने बहुजन समाज से इस दिन गंभीर चिंतन करने और अपनी राजनीतिक हिस्सेदारी तय करने का आह्वान किया।
मायावती ने लिखा कि करोड़ों दलितों, आदिवासियों, पिछड़ों और उपेक्षित वर्गों को जातिवादी शोषण से मुक्ति दिलाकर लोकतंत्र के जरिए 'शासक वर्ग' बनाने के लिए बाबा साहेब ने आजीवन संघर्ष किया। उन्होंने अम्बेडकर के उस अमर संदेश की याद दिलाई जिसमें उन्होंने सत्ता को वह 'मास्टर चाबी' बताया था, जिससे विकास के तमाम बंद दरवाजे खुलते हैं। बसपा प्रमुख ने सवाल उठाया कि आजादी के इतने लंबे अर्से और मानवतावादी संविधान के बावजूद बहुजन समाज से दिल्ली की सत्ता आज भी इतनी दूर क्यों है।
संविधान दिवस पर केंद्र और राज्य सरकारों के आयोजनों के बीच मायावती ने अब तक की केंद्रीय सरकारों की कार्यप्रणाली पर सीधा निशाना साधा। उन्होंने पूछा कि क्या केंद्र में रही सरकारों ने आरक्षण के संवैधानिक दायित्व के साथ-साथ गरीबी, बेरोजगारी, शिक्षा, स्वास्थ्य और आत्म-सम्मान जैसी बुनियादी जरूरतों को ईमानदारी से निभाया है। यदि यह जिम्मेदारी सही ढंग से नहीं निभाई गई है, तो अब तक इसका हिसाब-किताब क्यों नहीं लिया गया।
उन्होंने 26 नवंबर 1949 को संविधान की औपचारिक स्वीकृति से ठीक एक दिन पहले संविधान सभा में दिए गए बाबा साहेब के समापन भाषण का भी जिक्र किया। मायावती ने याद दिलाया कि डॉ. अम्बेडकर ने स्पष्ट कहा था कि जातियां देश-विरोधी हैं, जातिवाद का त्याग अनिवार्य है और भारत को एक देश से सच्चे राष्ट्र में बदलने के लिए ठोस कदम उठाने होंगे। उन्होंने जोर देकर कहा कि केवल राजनीतिक स्वतंत्रता पर्याप्त नहीं है, बल्कि समग्र विकास के लिए सामाजिक और आर्थिक लोकतंत्र भी उतना ही जरूरी है।
अपने चारों कार्यकाल (1995, 1997, 2002 और 2007) का उदाहरण देते हुए मायावती ने दावा किया कि बसपा ने उत्तर प्रदेश में 'सर्वजन हिताय व सर्वजन सुखाय' के सिद्धांत पर चलकर सामाजिक परिवर्तन और आर्थिक मुक्ति की मजबूत बुनियाद रखी। उन्होंने कहा कि अब उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड और पंजाब के विधानसभा आम चुनाव काफी नजदीक हैं, ऐसे में संविधान की पवित्र मंशा को धरातल पर उतारना बेहद जरूरी हो गया है।
मायावती ने विरोधी दलों पर हमला बोलते हुए कहा कि संकीर्ण, सामंती और जातिवादी सोच वाली पार्टियां सर्वसमाज के जान, माल और मजहब की सुरक्षा की गारंटी नहीं दे सकतीं। उन्होंने बसपा को एकमात्र सच्ची अम्बेडकरवादी पार्टी बताते हुए कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे विरोधियों के 'साम, दाम, दंड, भेद' के हथकंडों का डटकर मुकाबला करें। उनके अनुसार, यूपी में 'कानून द्वारा कानून का आयरन राज' दोबारा स्थापित होने पर ही गरीबी, बेरोजगारी, पिछड़ेपन और पलायन से त्रस्त जनता को राहत मिल सकेगी और कल्याणकारी राज्य का सपना साकार होगा।
संविधान दिवस के अवसर पर बसपा ने पंजाब में भी अपनी राजनीतिक सक्रियता तेज कर दी है। मायावती ने अपने पोस्ट में जानकारी दी कि आज बसपा की पंजाब स्टेट यूनिट की ओर से जालंधर जिले के फिल्लौर में संविधान दिवस पर एक विशाल जनसभा का आयोजन किया गया है। इस कार्यक्रम में केंद्रीय यूनिट की तरफ से पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक आकाश आनंद मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हो रहे हैं। अपने संदेश का समापन उन्होंने 'जय भीम, जय भारत, जय संविधान' के नारे के साथ करते हुए देश और जनहित में संवैधानिक संकल्प लेने का आह्वान किया।
द मूकनायक की प्रीमियम और चुनिंदा खबरें अब द मूकनायक के न्यूज़ एप्प पर पढ़ें। Google Play Store से न्यूज़ एप्प इंस्टाल करने के लिए यहां क्लिक करें.
'द मूकनायक' जनवादी पत्रकारिता करता है. यह संविधान, लोकतंत्र और सामाजिक न्याय पर चलने वाला मीडिया समूह है। अगर आप भी चाहते हैं कि 'द मूकनायक' हमेशा हाशिए पर खड़े लोगों की आवाज बुलंद करता रहे, बेजुबानों की पीड़ा दिखाते रहें तो सब्सक्राइब करें।
यहां सब्सक्राइब करें