आजमगढ़: नीले पोस्टरों से गरमाई सियासत, चंद्रशेखर आजाद के साथ चुनावी मैदान में उतरेंगे किसान नेता राजीव यादव?

26 नवंबर को लखनऊ में चंद्रशेखर आजाद की प्रस्तावित रैली के समर्थन में लगे पोस्टरों से तेज हुई चुनावी अटकलें; ‘सामाजिक परिवर्तन मोर्चा’ के गठन से आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के टिकट पर दावेदारी की चर्चा जोरों पर
Rajeev Yadav, Chandrashekhar Azad
Published on: 

आजमगढ़/लखनऊ: उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले की निज़ामाबाद विधानसभा में लगे नीले पोस्टरों ने स्थानीय से लेकर प्रदेश स्तर तक सियासी हलचल तेज कर दी है। रिहाई मंच के किसान नेता राजीव यादव की अपील वाले ये पोस्टर भीम आर्मी चीफ चंद्रशेखर आजाद की 26 नवंबर 2026 को लखनऊ में प्रस्तावित रैली के समर्थन में लगाए गए हैं। इन पोस्टरों के सामने आने के बाद आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर अटकलों का बाजार गर्म हो गया है।

सियासी गलियारों में इस बात की जोरदार चर्चा है कि राजीव यादव निज़ामाबाद विधानसभा सीट से आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के उम्मीदवार हो सकते हैं। पिछले दिनों लखनऊ में चंद्रशेखर आजाद और राजीव यादव के बीच हुई मुलाकात ने इन कयासों को और हवा दे दी है।

‘सामाजिक परिवर्तन मोर्चा’ से उम्मीदवारी की चर्चा को मिला बल

राजीव यादव की संभावित उम्मीदवारी को इसलिए भी अहम माना जा रहा है, क्योंकि चंद्रशेखर आजाद के नेतृत्व वाली ‘आजाद समाज पार्टी (कांशीराम)’ और असदुद्दीन ओवैसी की पार्टी ‘ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन’ (AIMIM) ने मिलकर ‘सामाजिक परिवर्तन मोर्चा’ का ऐलान किया है। दलित, पिछड़े और अल्पसंख्यक वर्गों के मुद्दों पर लगातार सक्रिय रहने वाले राजीव की दावेदारी को इस नए राजनीतिक समीकरण से मजबूती मिलती दिख रही है।

रिहाई मंच के किसान नेता राजीव यादव के सांसद चंद्रशेखर आज़ाद के समर्थन में पोस्टर
रिहाई मंच के किसान नेता राजीव यादव के सांसद चंद्रशेखर आज़ाद के समर्थन में पोस्टर

बुनियादी सवालों और अनोखे पोस्टरों से राष्ट्रीय स्तर पर बनाई पहचान

पूर्वांचल की निज़ामाबाद विधानसभा में राजीव यादव ने जर्जर सड़कों, नहरों में पानी, बिजली आपूर्ति, अस्पताल, स्कूल, परिवहन, सब्जी मंडी और कोल्ड स्टोरेज जैसे बुनियादी मुद्दों पर लगातार पदयात्राएं की हैं। क्षेत्र के गांवों और बाजारों में ‘लापता सांसद, लापता विधायक’, ‘नकारा सांसद, नकारा विधायक’, ‘रोड नहीं तो वोट नहीं’ और ‘काम नहीं हुआ तो नेताओं का गांव में प्रवेश वर्जित’ जैसे बैनर-होर्डिंग लगाकर उन्होंने स्थानीय समस्याओं को राष्ट्रीय स्तर पर चर्चित किया।

विश्व प्रसिद्ध निज़ामाबाद की ब्लैक पॉटरी से जुड़े कुम्हारों और सब्जी किसानों के हक में आवाज उठाते हुए उन्होंने मौर्या, नट, मुसहर और धरकार समेत अति पिछड़ी व दलित जातियों के बीच मजबूत पैठ बनाई है। इसके साथ ही यूजीसी रेगुलेशन लागू करने, नीट पेपर लीक, एसआईआर, बेरोजगारी और सरकारी नौकरी जैसे राष्ट्रीय सवालों को क्षेत्रीय स्तर पर उठाने के कारण उन्हें पुलिसिया दबिश, घर में नजरबंदी और धमकियों का सामना भी करना पड़ा है।

खाड़ी देशों के प्रवासियों का मुद्दा और नहरों में पानी का संघर्ष

राजीव यादव ने अरब देशों में मेहनत-मजदूरी कर बड़े पैमाने पर टैक्स देने वाले प्रवासियों के बावजूद क्षेत्र के विकास के लिए बजट न मिलने पर तीखी बहस खड़ी की। इसी जनदबाव के चलते सरायमीर में विद्युत उपकेंद्र की मांग तेज हुई, जो अब निर्माण की दिशा में है।

प्राथमिक विद्यालयों को बंद करने और बिजली के निजीकरण के विरोध के साथ उन्होंने नहरों में पानी की समस्या को भी प्रमुखता से उठाया। पूर्व केंद्रीय मंत्री चंद्रजीत यादव द्वारा नहरों के विस्तार और पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव द्वारा मुफ्त सिंचाई की व्यवस्था के बावजूद पानी न आने पर उन्होंने पदयात्रा निकालकर समाज को जोड़ा। उनका मानना है कि नहर के पानी से किसानों की जेब, डीजल और भूगर्भ जल की बचत होती है तथा पर्यावरण भी सुरक्षित रहता है।

गांव-गांव तक पहुंचाया बहुजन नायकों का संदेश

राजीव यादव ने कांशीराम और मुलायम सिंह यादव के सामाजिक न्याय के एजेंडे को आगे बढ़ाते हुए जातिगत जनगणना, मंडल कमीशन और महिला आरक्षण के सवालों पर गांव-गांव अभियान चलाया। ‘हमारे नायक, हमारी विरासत’, ‘हमारा एजेंडा, हमारी भागीदारी’, ‘हमारा गांव, हमारा सवाल’, ‘संपर्क संवाद’ और संविधान पर ‘अंबेडकर संवाद’ उनके प्रमुख जनसंपर्क अभियान रहे हैं।

उन्होंने फूलन देवी, जगदेव बाबू कुशवाहा, ललई सिंह पेरियार, वीपी सिंह, साहू जी महाराज, बीपी मंडल, कर्पूरी ठाकुर, राम स्वरूप वर्मा, संत गाडगे, संत बीए, पेरियार ईवी रामास्वामी, ज्योतिबा फुले और सावित्री बाई फुले की जयंती व पुण्यतिथि पर गांव-कस्बों में कार्यक्रम आयोजित कर सामाजिक जागरूकता की मुहिम चलाई।

खिरिया बाग आंदोलन और पुलिसिया कार्रवाई से टकराव

वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव में बाटला हाउस कांड के बाद चर्चा में रहे संजरपुर और सरायमीर इलाके से चुनाव लड़कर तथा एनकाउंटर, बुलडोजर व काले कानूनों के विरोध के कारण राजीव राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मीडिया की सुर्खियों में रहे। इसी वर्ष मंदुरी में अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट के नाम पर दर्जनों गांवों की जमीन अधिग्रहण के खिलाफ महिलाओं के नेतृत्व में साल भर से अधिक समय तक धरना और महापंचायतें हुईं। शाहीन बाग की तर्ज पर चर्चित इस ‘खिरिया बाग’ आंदोलन में मेधा पाटकर, राकेश टिकैत, गुरनाम सिंह चढूनी, जगतार सिंह बजवा, संदीप पाण्डेय, अरुंधति धुरु और ऋचा सिंह जैसी हस्तियां शामिल हुईं।

बाटला हाउस, भोपाल एनकाउंटर, मॉब लिंचिंग और बुलडोजर नीति के खिलाफ मुखर रहने पर राजीव को लाठीचार्ज, फर्जी मुकदमों और पुलिसिया उत्पीड़न का शिकार होना पड़ा, जिसका संज्ञान संयुक्त राष्ट्र संघ ने भी लिया था। आंदोलन के दौरान दिसंबर 2022 में वाराणसी से लौटते समय यूपी एसटीएफ द्वारा गाड़ी से उठाकर एनकाउंटर की साजिश रचने का आरोप लगा, जबकि फरवरी 2023 में आजमगढ़ के डीएम-एसपी से वार्ता कर लौटते समय सरेराह उठाने की कोशिश के दौरान महिला आंदोलनकारियों ने उन्हें पुलिस के चंगुल से छुड़ाया।

चार साल से नहीं हो सका एक इंच भी जमीन का अधिग्रहण

खिरिया बाग आंदोलन की सफलता के बाद पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे के किनारे प्रस्तावित औद्योगिक क्षेत्र-पार्क, न्यू एनर्जी प्लांट और एनएच के नाम पर बाजारों को तोड़कर जमीन अधिग्रहण की कोशिशों को भी विफल किया गया। अंडीका बाग में चले धरने ने सत्तर-अस्सी के दशक में भूमिहीनों को मिली जमीन को विकास के नाम पर छीनने की नीति पर सवाल खड़े किए।

भूमि संघर्षों से जुड़े संगठनों का दावा है कि पिछले चार वर्षों में आजमगढ़ में एक इंच भी जमीन का अधिग्रहण नहीं हो पाया है। राजीव यादव इसका श्रेय किसानों और मजदूरों को देते हुए कहते हैं कि आजादपुर सब्जी मंडी से भिमंडी तक बोरा ढोने वाले पूर्वांचल के इस पिछड़े इलाके ने धरती माता का सौदा करने से इनकार कर दिया और कई किसानों की मौत के बावजूद संगठित जनआंदोलन ने सरकार के बुलडोजर को पीछे धकेल दिया।

Rajeev Yadav, Chandrashekhar Azad
TM Ground Report | "हमारी उम्र कैसे नहीं घटेगी, जब ज़िंदगी ही इस हाल में कटती हो?"
Rajeev Yadav, Chandrashekhar Azad
TM Special: एमपी में उमरिया के घुनघुटी जंगल बचाने के लिए चिपको आंदोलन, पेड़ों से लिपटे आदिवासी, कहा- "इन्हें कटने नहीं देंगे"
Rajeev Yadav, Chandrashekhar Azad
यूनेस्को की मुहर के बाद सारनाथ में उमड़ा आस्था का सैलाब, बुद्ध के पवित्र अवशेषों के दर्शन को पहुंचे 70 हजार से अधिक श्रद्धालु

द मूकनायक की प्रीमियम और चुनिंदा खबरें अब द मूकनायक के न्यूज़ एप्प पर पढ़ें। Google Play Store से न्यूज़ एप्प इंस्टाल करने के लिए यहां क्लिक करें.

द मूकनायक को सब्सक्राइब करें

'द मूकनायक' जनवादी पत्रकारिता करता है. यह संविधान, लोकतंत्र और सामाजिक न्याय पर चलने वाला मीडिया समूह है। अगर आप भी चाहते हैं कि 'द मूकनायक' हमेशा हाशिए पर खड़े लोगों की आवाज बुलंद करता रहे, बेजुबानों की पीड़ा दिखाते रहें तो सब्सक्राइब करें।

यहां सब्सक्राइब करें