महिला आरक्षण पर केंद्र के फैसले का मायावती ने किया स्वागत, SC-ST महिलाओं के लिए अलग कोटे की मांग; परिसीमन पर जताई चिंता

बीएसपी प्रमुख मायावती ने 33% महिला आरक्षण पर केंद्र के फैसले का स्वागत करते हुए एससी-एसटी महिलाओं के लिए अलग कोटे की मांग की है। साथ ही, उन्होंने 50% सीट वृद्धि व परिसीमन में राजनीतिक स्वार्थ की आशंका जताते हुए मतदाताओं से संविधान की रक्षा की अपील की।
Mayawati, BSP Chief
बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री मायावतीफोटो साभार- @Mayawati
Published on: 

लखनऊ: बहुजन समाज पार्टी (बीएसपी) की राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री मायावती ने लोकसभा व राज्यों की विधानसभाओं में 33 प्रतिशत महिला आरक्षण को लेकर केंद्र सरकार के ताज़ा फैसले का स्वागत किया है। हालांकि, उन्होंने इस आरक्षण के भीतर अनुसूचित जाति (एससी) और अनुसूचित जनजाति (एसटी) समाज की महिलाओं के लिए अलग से कोटा निर्धारित न किए जाने पर सवाल उठाते हुए सरकार से इस पर सहानुभूतिपूर्वक विचार करने की मांग की है।

शनिवार सुबह सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' (पूर्व में ट्विटर) पर साझा किए गए एक विस्तृत पोस्ट में मायावती ने महिला आरक्षण के साथ-साथ सीटों में प्रस्तावित वृद्धि और परिसीमन (Delimitation) से जुड़े मुद्दों पर अपनी पार्टी का पक्ष रखा।

एससी-एसटी महिलाओं के लिए अलग आरक्षण की वकालत

मायावती ने अपने पोस्ट में कहा कि डॉ. भीमराव अम्बेडकर के मानवतावादी, कल्याणकारी और समतामूलक संविधान के प्रति निष्ठावान रहते हुए बीएसपी शुरू से ही सर्वसमाज की महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और राजनीति में उचित अवसर दिए जाने की पक्षधर रही है। उन्होंने बताया कि इसी कारण उनकी पार्टी 33 प्रतिशत महिला आरक्षण को जल्द से जल्द लागू करने की लगातार मांग करती रही है और केंद्र के हालिया फैसले का स्वागत करती है।

वंचित वर्ग की महिलाओं के प्रतिनिधित्व का मुद्दा उठाते हुए पूर्व मुख्यमंत्री ने लिखा कि यदि सदियों से शोषित, पीड़ित और उपेक्षित रहीं एससी व एसटी समाज की महिलाओं को इसी आरक्षण के भीतर अलग से कोटा दे दिया जाता, तो यह कदम ऐतिहासिक होता।

"संकीर्ण, जातिवादी, धन व बाहुबल आदि से ग्रसित यहाँ की चुनावी राजनीति में उन्हें (एससी-एसटी महिलाओं को) भी सही से भाग लेकर थोड़ा आगे बढ़ने का मौक़ा मिल जाता तो यह निश्चय ही देश व जनहित की बेहतर बात होती। इस पर केन्द्र सरकार अभी भी सहानुभूतिपूर्वक विचार कर ले तो यह ज़रूर ही उचित व न्यायपूर्ण भी होगा।" — मायावती, राष्ट्रीय अध्यक्ष, बीएसपी

सीटों में 50% वृद्धि और परिसीमन पर उठाए सवाल

अपने पोस्ट के अगले हिस्से में मायावती ने लोकसभा और राज्यों की विधानसभाओं की मौजूदा सीट संख्या में 50 प्रतिशत की वृद्धि से संबंधित तीन विधेयकों और उनसे जुड़ी परिसीमन प्रक्रिया का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि परिसीमन निर्धारण के दौरान सीटों की सीमाएं तय करने में गड़बड़ी कर राजनीतिक और चुनावी स्वार्थ साधने के आरोप कोई नई बात नहीं हैं।

केंद्र की सत्ता में रहने वाली पार्टियों की कार्यशैली पर टिप्पणी करते हुए बीएसपी प्रमुख ने आरोप लगाया कि जो भी दल केंद्र की सत्ता में रहता है, वह ऐसे अधिकतर मामलों में देश और जनहित की परवाह कम तथा पार्टी हित व स्वार्थ को अधिक महत्व देता है, और यह बात किसी से छिपी नहीं है।

मतदाताओं से की 'अच्छे लोगों' को चुनने की अपील

मायावती ने देश के सर्वसमाज से अपील की कि वे एक अच्छी सरकार के गठन के लिए धर्म, जाति और क्षेत्रीयता की भावनाओं से ऊपर उठें। उन्होंने मतदाताओं से आग्रह किया कि वे लुभावने वादों, दावों और घोषणाओं के छलावे में आए बिना केवल अच्छे लोगों को चुनने का संकल्प लें। उनके अनुसार, यही कदम देश के लोकतंत्र और संविधान की सुरक्षा व सम्मान की असली गारंटी होगी, जिसके लिए बीएसपी पूरी तरह तत्पर है।

Mayawati, BSP Chief
'जन-मन' नहीं, 'धन-मन वादी' है सपा का घोषणापत्र: मायावती ने 2027 के चुनावी वादों को बताया कोरा छलावा, PDA की राजनीति पर उठाए सवाल
Mayawati, BSP Chief
क्या अब मां की जाति से मिलेगा OBC प्रमाण पत्र? सिंगल मदर्स के बच्चों को लेकर नियमों की समीक्षा करे केंद्र: सुप्रीम कोर्ट
Mayawati, BSP Chief
सुप्रीम कोर्ट जजों की नियुक्ति में एक समुदाय को मिल रहा फायदा? पूर्व CJI गवई ने राष्ट्रपति को लिखे पत्र में कही बड़ी बात

द मूकनायक की प्रीमियम और चुनिंदा खबरें अब द मूकनायक के न्यूज़ एप्प पर पढ़ें। Google Play Store से न्यूज़ एप्प इंस्टाल करने के लिए यहां क्लिक करें.

द मूकनायक को सब्सक्राइब करें

'द मूकनायक' जनवादी पत्रकारिता करता है. यह संविधान, लोकतंत्र और सामाजिक न्याय पर चलने वाला मीडिया समूह है। अगर आप भी चाहते हैं कि 'द मूकनायक' हमेशा हाशिए पर खड़े लोगों की आवाज बुलंद करता रहे, बेजुबानों की पीड़ा दिखाते रहें तो सब्सक्राइब करें।

यहां सब्सक्राइब करें