लखनऊ: उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले सियासी पारा चढ़ने लगा है। बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की प्रमुख मायावती ने समाजवादी पार्टी (सपा) के चुनावी घोषणापत्र को सिरे से खारिज करते हुए इसे महज एक 'खोखला वादा' करार दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि सपा का यह दस्तावेज गरीबों, दलितों, पिछड़ों और मुस्लिम समाज के वास्तविक हितों के खिलाफ है।
समाजवादी पार्टी ने गुरुवार को अपना 'जन-मन का मेनिफेस्टो' जारी किया था। इस घोषणापत्र में लाखों नई नौकरियां देने, सामाजिक न्याय सुनिश्चित करने, कमजोर वर्गों के कल्याण और पिछड़ों, दलितों व अल्पसंख्यकों के अधिकारों को मजबूत करने जैसे प्रमुख वादे शामिल हैं। सपा ने 2027 के चुनावी संग्राम में अपने पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) फॉर्मूले को राजनीतिक एजेंडे के केंद्र में रखा है।
इस पर पलटवार करते हुए प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री मायावती ने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर हिंदी में एक पोस्ट साझा किया। उन्होंने सपा के इस 'प्रण-पत्र' को पार्टी की कथित पीडीए राजनीति की तरह ही कोरा हवा-हवाई बताया और कहा कि यह 'थोथा चना बाजे घना' की कहावत को चरितार्थ करता है।
मायावती ने आरोप लगाया कि सपा का स्वभाव पारंपरिक रूप से संकीर्ण, जातिवादी और धन्नासेठों का समर्थक रहा है। इसके ताजा उदाहरण के तौर पर उन्होंने उत्तर प्रदेश से हाल ही में हुए द्विवार्षिक राज्यसभा चुनावों का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि उस चुनाव में सपा ने किसी पीडीए उम्मीदवार को प्रश्रय देने के बजाय एक बड़े धन्नासेठ को प्राथमिकता दी थी।
बसपा सुप्रीमो ने तीखा सवाल करते हुए पूछा कि क्या इस तरह की नीतियों और कार्यकलापों से प्रदेश की व्यापक गरीबी, बेरोजगारी, पिछड़ेपन और पलायन जैसी गंभीर समस्याएं कभी दूर हो पाएंगी? इसका जवाब देते हुए उन्होंने स्पष्ट लिखा कि ऐसा कभी नहीं होगा। उन्होंने दावा किया कि सपा का 'जन-मन घोषणापत्र' वास्तव में 'धन-मन वादी' है और पार्टी समाज के अच्छे लोगों के बजाय ऐसे धनी व बाहुबलियों को चुनाव मैदान में उतारेगी, जो देश और जनहित के बजाय केवल अपने निजी स्वार्थ में डूबे रहते हैं।
अपने शासनकाल की याद दिलाते हुए मायावती ने कहा कि 'हर हाथ को काम' और 'कानून द्वारा कानून का राज' विशुद्ध रूप से बसपा की नीति और सिद्धांत हैं। उन्होंने दावा किया कि उत्तर प्रदेश में बसपा के नेतृत्व वाली चारों सरकारों ने सर्वसमाज और सर्वजन-हितैषी एजेंडे को पूरी ईमानदारी व निष्ठा के साथ धरातल पर उतारा है। उनके मुताबिक, सपा, कांग्रेस और भाजपा जैसे विरोधी दलों के बलबूते की यह बात नहीं है।
मायावती ने अनुसूचित जाति (एससी), अनुसूचित जनजाति (एसटी) और अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) के आरक्षण को लेकर भी सपा पर विरोधी रवैया अपनाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि सपा ने प्रदेश को जातिवादी द्वेष और सांप्रदायिक दंगों के हवाले कर दिया था। जनहित व जनकल्याण के अहम मुद्दों पर सपा के दामन पर लगे इन धब्बों का जिक्र करते हुए उन्होंने मतदाताओं से अपील की कि वे विरोधी दल के इस चुनावी छल और छलावे से सावधान रहें।
द मूकनायक की प्रीमियम और चुनिंदा खबरें अब द मूकनायक के न्यूज़ एप्प पर पढ़ें। Google Play Store से न्यूज़ एप्प इंस्टाल करने के लिए यहां क्लिक करें.
'द मूकनायक' जनवादी पत्रकारिता करता है. यह संविधान, लोकतंत्र और सामाजिक न्याय पर चलने वाला मीडिया समूह है। अगर आप भी चाहते हैं कि 'द मूकनायक' हमेशा हाशिए पर खड़े लोगों की आवाज बुलंद करता रहे, बेजुबानों की पीड़ा दिखाते रहें तो सब्सक्राइब करें।
यहां सब्सक्राइब करें