एमपी के बीजेपी विधायक रामेश्वर शर्मा का विवादित बयान, कहा- ‘काजी कैंप पर मिसाइल गिरा दो’

मटकी फोड़ प्रतियोगिता में पाकिस्तान का जिक्र करते हुए बोले शर्मा- “करोंद चौराहे से मिसाइल लगाओ और काजी कैंप में गिरा दो”; तुरंत दी सफाई- “भोपाल वाला नहीं, इस्लामाबाद वाला काजी कैंप बोला था”
एमपी के बीजेपी विधायक रामेश्वर शर्मा का विवादित बयान, कहा- ‘काजी कैंप पर मिसाइल गिरा दो’
Published on

भोपाल। राजधानी भोपाल के करोंद इलाके में रविवार रात आयोजित मटकी फोड़ प्रतियोगिता के दौरान भोपाल के हुजूर विधानसभा क्षेत्र से भाजपा विधायक रामेश्वर शर्मा के एक बयान को लेकर सियासी विवाद खड़ा हो गया है। हिंदू एकता, राष्ट्रवाद और आतंकवाद के मुद्दे पर संबोधन के दौरान विधायक ने मंच से कहा कि “करोंद चौराहे पर खड़े होकर मिसाइल लगाओ और काजी कैंप में गिरा दो।”

काजी कैंप का नाम लेते ही विधायक ने तत्काल अपनी बात स्पष्ट करते हुए कहा कि उनका आशय भोपाल के काजी कैंप से नहीं, बल्कि इस्लामाबाद वाले काजी कैंप से था। हालांकि, विधायक के बयान का वीडियो सामने आने के बाद कांग्रेस ने इसे लेकर भाजपा और मध्य प्रदेश सरकार पर सवाल खड़े किए हैं।

मटकी फोड़ प्रतियोगिता में पाकिस्तान और इस्लामाबाद का जिक्र

करोंद के भगत सिंह चौराहे पर आयोजित मटकी फोड़ प्रतियोगिता में रामेश्वर शर्मा ने हिंदू एकता और राष्ट्रवाद पर जोर देते हुए कहा कि हिंदू एकता केवल मटकी फोड़ने तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि समाज को हर स्तर पर एकजुट होना चाहिए।

अपने भाषण के दौरान उन्होंने पाकिस्तान का जिक्र करते हुए कहा कि वह दिन दूर नहीं जब लाहौर, ढाका और इस्लामाबाद में भी मटकी फोड़ प्रतियोगिताएं होंगी। उन्होंने मौजूद लोगों से सवाल किया कि क्या वे इस्लामाबाद में मटकी फोड़ना चाहते हैं।

इसके बाद विधायक ने कहा कि वहां मटकी फोड़ने के लिए पहले वहां की “मटकी” फोड़नी पड़ेगी। इसी क्रम में उन्होंने मिसाइल का जिक्र करते हुए काजी कैंप को लेकर टिप्पणी की।

भोपाल वाला नहीं, इस्लामाबाद वाला काजी कैंप

वायरल हो रहे वीडियो में विधायक रामेश्वर शर्मा को यह कहते हुए सुना जा सकता है कि “करोंद चौराहे पर खड़े होकर मिसाइल लगाओ और काजी कैंप में गिरा दो।”

इस बयान के तुरंत बाद उन्होंने सफाई देते हुए कहा कि उन्होंने भोपाल के काजी कैंप की बात नहीं की, बल्कि इस्लामाबाद वाले काजी कैंप की बात कही है।

इसके बाद शर्मा ने भारत की सैन्य ताकत और आतंकवाद के खिलाफ की गई सैन्य कार्रवाइयों का जिक्र करते हुए सख्त कार्रवाई की बात कही।

जाति से ऊपर हिंदू एकता की अपील

रामेश्वर शर्मा ने अपने संबोधन में हिंदू समाज से जातिगत विभाजन से ऊपर उठकर एकजुट होने की अपील भी की। उन्होंने कहा कि लोगों की पहचान केवल जाति तक सीमित नहीं होनी चाहिए, बल्कि हिंदू और भारतीय होने की भावना को प्राथमिकता दी जानी चाहिए। उन्होंने देश के लिए समर्पित लोगों के सम्मान और मातृभूमि के प्रति निष्ठा को हर नागरिक का कर्तव्य बताया।

कांग्रेस ने मुख्यमंत्री से मांगा जवाब

विधायक के बयान पर कांग्रेस के पूर्व प्रवक्ता और मीडिया कोऑर्डिनेटर अब्बास हाफिज ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से सरकार का रुख स्पष्ट करने की मांग की है।

हाफिज ने कहा कि भाजपा विधायक हिंदू समुदाय के कार्यक्रम में भाषण दे रहे थे और इसी दौरान उन्होंने मिसाइल का जिक्र किया। कांग्रेस नेता ने सवाल उठाया कि सार्वजनिक मंच से भोपाल के एक इलाके का नाम लेते हुए इस तरह की टिप्पणी करना क्या सरकार को स्वीकार्य है। उन्होंने मुख्यमंत्री से विधायक के बयान पर कार्रवाई को लेकर भी जवाब मांगा है।

कांग्रेस का सवाल- ‘इस्लामाबाद में काजी कैंप कहां है?’

अब्बास हाफिज ने विधायक की सफाई पर भी सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि इंटरनेट पर पाकिस्तान में ‘काजी कैंप’ नाम की कोई जगह आसानी से नहीं मिलती। ऐसे में विधायक ने किस स्थान की बात की थी, यह स्पष्ट किया जाना चाहिए।

हाफिज ने कहा कि यदि विधायक का आशय इस्लामाबाद से था तो उन्हें यह स्पष्ट करना चाहिए कि वहां काजी कैंप नाम की जगह कहां है। कांग्रेस नेता ने भोपाल के काजी कैंप जैसे इलाके के संदर्भ में सार्वजनिक मंच से मिसाइल गिराने की बात को निंदनीय बताया।

निवेश को लेकर भी कांग्रेस ने सरकार को घेरा

अब्बास हाफिज ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के दुबई और अबू धाबी दौरे का जिक्र करते हुए सरकार की निवेश नीति पर भी सवाल उठाए।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विदेशों में जाकर निवेशकों को मध्य प्रदेश में निवेश के लिए आमंत्रित कर रहे हैं। दूसरी ओर, प्रदेश में सार्वजनिक मंचों से इस तरह के बयान सामने आते हैं तो सवाल उठता है कि निवेशक मध्य प्रदेश में निवेश के माहौल को किस नजर से देखेंगे।

बयान पर बढ़ सकता है राजनीतिक विवाद

रामेश्वर शर्मा के बयान के बाद अब मामला केवल एक स्थानीय कार्यक्रम तक सीमित नहीं रहा है। कांग्रेस ने इसे लेकर मुख्यमंत्री से जवाब और विधायक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

एमपी के बीजेपी विधायक रामेश्वर शर्मा का विवादित बयान, कहा- ‘काजी कैंप पर मिसाइल गिरा दो’
MP: बालाघाट में 30 आदिवासी बच्चों की मौत पर राहुल गांधी ने सरकार को घेरा, सीएम से मामले में तत्काल हस्तक्षेप कर जांच की मांग
एमपी के बीजेपी विधायक रामेश्वर शर्मा का विवादित बयान, कहा- ‘काजी कैंप पर मिसाइल गिरा दो’
MP: बालाघाट में फोटो-वीडियो और रील पर रोक का आदेश 5 घंटे में वापस, विरोध के बाद प्रशासन ने लिया फैसला
एमपी के बीजेपी विधायक रामेश्वर शर्मा का विवादित बयान, कहा- ‘काजी कैंप पर मिसाइल गिरा दो’
MP: रीवा में बारिश ने खोली सिस्टम की पोल: सड़क धंसी तो गांव से टूटा संपर्क, बीमार बच्चे को पोटली में बांधकर 2-3 किमी पैदल ले गए परिजन

द मूकनायक की प्रीमियम और चुनिंदा खबरें अब द मूकनायक के न्यूज़ एप्प पर पढ़ें। Google Play Store से न्यूज़ एप्प इंस्टाल करने के लिए यहां क्लिक करें.

द मूकनायक को सब्सक्राइब करें

'द मूकनायक' जनवादी पत्रकारिता करता है. यह संविधान, लोकतंत्र और सामाजिक न्याय पर चलने वाला मीडिया समूह है। अगर आप भी चाहते हैं कि 'द मूकनायक' हमेशा हाशिए पर खड़े लोगों की आवाज बुलंद करता रहे, बेजुबानों की पीड़ा दिखाते रहें तो सब्सक्राइब करें।

यहां सब्सक्राइब करें
The Mooknayak - आवाज़ आपकी
www.themooknayak.com