धार्मिक बयानबाजी ने घोली नफरत, हिजाब खींचने की घटना बढ़ी!

मुस्लिम महिलाओं के साथ आपराधिक घटनाओं में इजाफा, असुरक्षित माहौल ने बढ़ाई परेशानी
धार्मिक बयानबाजी ने घोली नफरत, हिजाब खींचने की घटना बढ़ी!

उत्तर प्रदेश। यूपी सहित भारत के विभिन्न राज्यों में धार्मिक कट्टरता को लेकर धर्मगुरुओं और नेताओं की बयानबाजी ने हिन्दू-मुस्लिमों के बीच नफरत का जहर घोल दिया है। इस नफरत का शिकार ज्यादातर मुस्लिम महिलाएं हो रही हैं। सोशल मीडिया पर लगातार मुस्लिम महिलाओं के हिजाब खींचने की घटनाओं के वीडियो वायरल हो रहे हैं। ऐसे ही तीन मामले अलग-अलग स्थानों में देखे गए हैं। यूपी के मेरठ और मुजफ्फरनगर में जबकि बिहार के पटना और मध्य प्रदेश के रायसेन में यह मामले सामने आए हैं। हालांकि, सभी मामलों में स्थानीय पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की है।

यूपी के मेरठ में मुस्लिम लड़कियों का चेहरे से हिजाब हटाते हुए एक वीडियो सामने आया है। यह वीडियो 13 मई का है। शहर के भगत सिंह बाजार में दोस्तों के साथ घूम रही मुस्लिम युवतियों से कुछ मुस्लिम युवकों ने बदसलूकी की। उसके साथी युवक को पीटा गया। लड़की के चेहरे से हिजाब खींच लिया। 48 सेकेंड के वीडियो में दो लड़कियां हिजाब पहनकर बाजार में घूम रही हैं। उनके साथ एक लड़का भी था। वह बर्थडे की शॉपिंग करने आया था। चेयरमैन वाली गली में खरीदारी चल रही थी। इसी बीच एक लड़की ने अपने दोस्त को उसका नाम लेकर पुकारा। तभी वहां खड़े कुछ लड़कों ने उसका नाम सुनकर उसके दोस्त को घेर लिया। वीडियो में दिख रहा है कि लड़कों ने लड़कियों का हिजाब खींच दिया। उसके दोस्त की पिटाई कर दी।

जब युवतियों ने देखा कि उनके साथ आए युवक को बाजार के लोगों ने पकड़ लिया है। उसके साथ गलत व्यवहार कर रहे है। युवतियां बार-बार कह रही थीं कि इसे छोड़ दो भाई। हम गलत नहीं हैं। यह हमारा दोस्त है। हम एक ही कंपनी में काम करते हैं। लड़के ने यह भी कहा कि तुम मेरी बात सुनो। लड़का बार-बार कहता- मेरी बात सुन लो। लेकिन, किसी भी आरोपी ने उसकी एक नहीं सुनी। पुलिस ने वीडियो का संज्ञान लेते हुए आरोपी तनवीर को गिरफ्तार कर लिया है।

धार्मिक बयानबाजी ने घोली नफरत, हिजाब खींचने की घटना बढ़ी!
उत्तर प्रदेश: दलित युवक को निर्ममता से पीटा, पुलिस आने पर बची जान!

इस मामले में कोतवाली प्रभारी संजय वर्मा ने बताया कि वीडियो के आधार पर एक दुकान पर काम करने वाले आरोपी मोहम्मद तनवीर के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। तनवीर से पूछताछ की जा रही है। साथ ही वीडियो की जांच कर अन्य लोगों की भी पहचान कर रहे हैं। वीडियो के आधार पर करीब 15 लोगों की पहचान कर ली गई है। उन पर भी कार्रवाई की तैयारी है।

इस मामले पर मेरठ के एसपी सिटी पीयूष सिंह ने बताया, “2 दिन पूर्व थाना कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत भगत सिंह मार्केट में एक वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें दो युवती और एक युवक के साथ कुछ स्थानीय युवकों के द्वारा अभद्रता की गई थी। केस दर्ज किया गया है। जांच में सामने आया है कि ये तीनों फैक्ट्री में साथ काम करते हैं और कुछ खरीदारी करने के लिए मार्केट में आए थे। अब तक वीडियो में दिख रहे कुल चार से पांच लोगों को पहचान लिया गया है। एक व्यक्ति की गिरफ्तारी की जा चुकी है। अन्य को भी जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।”

पुलिस ने इस मामले में आईपीसी की धारा 352, 354, 504, 506 में मुकदमा दर्ज किया है।

दूसरा मामला

मुजफ्फरनगर जिले में नई मंडी में एक युवक के साथ घूम रही मुस्लिम महिला से बदसलूकी का मामला सामने आया है। यहाँ बाइक से एक साथ जा रहे युवक और युवती को रोककर सड़क के किनारे अभद्रता की गई है। घटना शनिवार 13 मई, की है। घटना के बाद लड़के के मोहल्ले में आधे दर्जन बाइक सवारों ने जाकर दहशत फैलाई। मुजफ्फरनगर पुलिस ने FIR दर्ज कर आरोपितों की तलाश शुरू कर दी है।

इस पूरी घटना का 37 सेकेंड का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में पहले बुलेट बाइक से रास्ते में जा रहे युवक और एक बुर्के वाली महिला का कुछ लोग पीछा करते हैं। बाद में बाइक रोककर महिला और युवक से एक भीड़ सवाल-जवाब करती थी। दोनों के पते पूछे जाते हैं। महिला का बुर्का जबरन नोचा जाता है। इस दौरान वीडियो बना रहे व्यक्ति ने कहा, “मुँह खोल इसका।” अभद्रता के दौरान महिला अपना चेहरा ढँकने की कोशिश करती दिख रही है।

जानकारी के मुताबिक लड़की क्लासमेट के साथ बुलेट से जा रही थी। रास्ते में बोलेरो सवार 5-6 युवकों ने बुलेट को रोक लिया। लड़की और लड़के से बदसलूकी की।

वीडियो वायरल होने के बाद

पुलिस ने संज्ञान लिया है। पुलिस की पड़ताल में पीड़ित लड़का बागपत के बड़ौत का निकला। वह मुजफ्फरनगर के कॉलेज में पढ़ाई करता है। पुलिस की पूछताछ में पता चला कि घटना 13 मई यानी निकाय चुनाव की काउंटिंग के दिन की है। युवक की तहरीर पर 15 मई को नई मंडी थाने में अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज किया है।

इस मामले में जानकारी देते हुए एसपी सिटी सत्यनारायण प्रजापति ने बताया कि एक वीडियो जोकि सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है, इसका थाना नई मंडी पुलिस ने संज्ञान लिया है। इसमें एक पुरुष और एक महिला मोटरसाइकिल से जा रहे थे। तभी कुछ अज्ञात युवक गाड़ी से उनका पीछा करते हैं और आगे जाकर उनको रोक लेते हैं। अज्ञात युवक युवती के साथ दुर्व्यवहार करते हैं। युवती के चेहरे से जबरदस्ती नकाब हटाते हैं। इस मामले में थाने में शिकायत की गई है। साथ ही तहरीर दी गई है। इसके आधार पर थाना नई मंडी में सुसंगत धाराओं में मुकदमा पंजीकृत किया गया है। पुलिस वीडियो के आधार पर आरोपियों का पता लगा रही है। आस-पास के CCTV भी चेक किए जा रहे हैं।

मध्य प्रदेश और बिहार के भी वीडियो हो रहे वायरल

मध्य प्रदेश के रायसेन में भी बाइक सवार मुस्लिम महिला और हिन्दू दोस्त को कुछ युवक रोककर पीटते नजर आ रहे हैं। इसका भी वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है। वहीं बिहार के पटना से भी सभी घटनाओं से मिलता जुलता वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल है।

धार्मिक बयानबाजी ने घोली नफरत, हिजाब खींचने की घटना बढ़ी!
उत्तर प्रदेश: दलित सहित 15 छात्राओं के साथ कंप्यूटर शिक्षक पर यौन शोषण का आरोप

द मूकनायक की प्रीमियम और चुनिंदा खबरें अब द मूकनायक के न्यूज़ एप्प पर पढ़ें। Google Play Store से न्यूज़ एप्प इंस्टाल करने के लिए यहां क्लिक करें.

The Mooknayak - आवाज़ आपकी
www.themooknayak.com