
झुंझुनूं- राजस्थान के झुंझुनूं जिले की उदयपुरवाटी तहसील के छापोली गांव में 2 नवंबर की सुबह करीब 10 बजे एक भीषण हादसा हुआ। छापोली से कदम कुंड की ओर जाने वाली सड़क (सीसी रोड) के निर्माण के दौरान रोड़ी-बजरी मिलाने वाली सीमेंट मिक्सर मशीन ऊपर से गुजर रही 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन बिजली लाइन के संपर्क में आ गई। मशीन के हाइड्रोलिक जैक या लोहे के पाइप के तार से छूते ही पूरा करंट मशीन में फैल गया और आसपास काम कर रहे मजदूर इसकी चपेट में आ गए। हादसा छापोली-कदम कुंड मार्ग पर सीकर-नीमकाथाना स्टेट हाईवे से करीब 150 मीटर दूर हुआ।
हादसे में आठ मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पांच अन्य गंभीर रूप से झुलस गए। घायलों को उदयपुरवाटी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। घटना वन क्षेत्र के पास हुई, जहां ग्रामीणों ने खुद चंदा जुटाकर सड़क बनवाने का काम शुरू किया था। सरकारी अनुमति या वन भूमि डायवर्जन की प्रक्रिया पूरी नहीं हुई थी। मृतकों के नाम हरिराम गुर्जर (30), मंगलचंद गुर्जर (22), कालूराम गुर्जर (29) और पवन गुर्जर (23) सभी हालेड़ा मंडावरा निवासी हैं जबकि विष्णु सैनी (38, ठेकेदार), सुरेंद्र उर्फ सुरेश सैनी (30), मुकेश सैनी (27) और फतेहचंद सैनी (32) छापोली निवासी हैं।
ग्रामीणों के अनुसार मशीन को दूसरी जगह ले जाने के लिए धक्का दिया जा रहा था, तभी हादसा हो गया। बिजली लाइन पेड़ों से छू रही थी और करंट काटने के लिए फोन करने पर ग्रिड सबस्टेशन पर कर्मचारी मौजूद नहीं मिले। घटना के बाद ग्रामीणों ने प्रशासन और बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए करीब 7 घंटे तक धरना दिया।
जिला कलेक्टर डॉ. अरुण गर्ग, एसपी और अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने गहरा दुख व्यक्त किया, जिला कलेक्टर से तथ्यात्मक रिपोर्ट मांगी और घायलों के बेहतर इलाज के निर्देश दिए। उन्होंने उच्च स्तरीय जांच के आदेश भी दिए।
स्वायत्त शासन मंत्री झाबर सिंह खर्रा मौके पर पहुंचे। करीब 7 घंटे की बातचीत के बाद सहमति बनी कि बिजली विभाग, मुख्यमंत्री योजना, पीएम राहत कोष आदि से प्रत्येक मृतक परिवार को 15-15 लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगीऔर प्रत्येक परिवार के एक सदस्य को संविदा पर नौकरी दी जाएगी। घायलों को भी सहायता दी जा रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी पीएमएनआरएफ से प्रत्येक मृतक परिवार को 2 लाख रुपये और घायलों को 50-50 हजार रुपये की घोषणा की।
पूर्व सीएम अशोक गहलोत ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, झुंझुनूं के उदयपुरवाटी में छापोली में कई मजदूरों की करंट लगने से हुई दर्दनाक मौत बेहद दुखद और मार्मिक है। इस पूरे प्रकरण की जांच आवश्यक है कि सड़क निर्माण के समय हुआ यह हादसा कैसे हुआ और इन मौतों के लिए कौन जिम्मेदार है। इस हादसे में अपने परिजनों को खोने वाले परिवारों पर क्या बीत रही होगी ये सोच कर मन व्यथित है। सरकार को मृतकों के परिजनों को उचित मुआवजा और हर संभव सहायता उपलब्ध करवाना सुनिश्चित करना चाहिए।
आज़ाद समाज पार्टी और भीम आर्मी से जुड़े विजय रतन सिंह ने राज्य सरकार से घायलों को बेहतर उपचार उपलब्ध करवाने, मृतक मजदूरों के परिजनों को उचित आर्थिक मुआवजा एवं हरसंभव सहायता तथा हादसे की निष्पक्ष जांच कर लापरवाही के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की।
द मूकनायक की प्रीमियम और चुनिंदा खबरें अब द मूकनायक के न्यूज़ एप्प पर पढ़ें। Google Play Store से न्यूज़ एप्प इंस्टाल करने के लिए यहां क्लिक करें.
'द मूकनायक' जनवादी पत्रकारिता करता है. यह संविधान, लोकतंत्र और सामाजिक न्याय पर चलने वाला मीडिया समूह है। अगर आप भी चाहते हैं कि 'द मूकनायक' हमेशा हाशिए पर खड़े लोगों की आवाज बुलंद करता रहे, बेजुबानों की पीड़ा दिखाते रहें तो सब्सक्राइब करें।
यहां सब्सक्राइब करें