MP के सतना में कुपोषण का कहर जारी! 5 माह की बच्ची गंभीर हालत में, 2.3 किलो वजन के साथ रीवा रेफर

नयागांव में मिली मासूम मोहिनी प्रजापति की हालत नाजुक, जन्मजात विकृति भी सामने आई; दो दिन पहले ही जिले में कुपोषण से हुई थी एक और बच्ची की मौत
MP के सतना में कुपोषण का कहर जारी! 5 माह की बच्ची गंभीर हालत में, 2.3 किलो वजन के साथ रीवा रेफर
Internet
Published on

भोपाल। मध्यप्रदेश के सतना जिले में कुपोषण के मामलों ने एक बार फिर स्वास्थ्य व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। मझगवां ब्लॉक के नयागांव में 5 माह की बच्ची मोहिनी प्रजापति गंभीर कुपोषण की हालत में पाई गई है। बच्ची का वजन महज 2 किलो 327 ग्राम दर्ज किया गया, जो उसकी उम्र के हिसाब से बेहद कम है और उसे गंभीर कुपोषण (SAM) की श्रेणी में रखता है।

चौंकाने वाली बात यह भी है कि बच्ची का एक कान जन्म से ही विकसित नहीं हुआ है, जिससे उसकी स्वास्थ्य स्थिति और अधिक जटिल हो गई है।

संयुक्त टीम ने किया चिन्हित, हालत देख डॉक्टर भी चिंतित

शुक्रवार सुबह करीब 7 बजे चित्रकूट पहुंची संयुक्त स्वास्थ्य विभाग की टीम ने नयागांव में सर्वे के दौरान बच्ची को चिन्हित किया। जांच में उसकी स्थिति अत्यंत गंभीर पाई गई। टीम ने तत्काल उसे मझगवां के न्यूट्रिशन रिहैबिलिटेशन सेंटर (NRC) में भर्ती कराया। हालत में सुधार नहीं होने पर बच्ची को जिला अस्पताल लाया गया, जहां पीडियाट्रिक आईसीयू में इलाज शुरू किया गया।

ब्लड शुगर अनकंट्रोल, रीवा रेफर

शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. संदीप द्विवेदी के अनुसार, बच्ची का ब्लड शुगर लगातार कम बना हुआ था और नियंत्रित नहीं हो पा रहा था। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे बेहतर इलाज के लिए संजय गांधी मेडिकल कॉलेज, रीवा रेफर कर दिया है।

डॉक्टरों का कहना है कि कुपोषण के साथ-साथ जन्मजात विकृति के कारण बच्ची की हालत और भी नाजुक बनी हुई है।

परिजनों के मुताबिक, मोहिनी का जन्म उत्तर प्रदेश के चित्रकूट जिले के सोनीपुर स्थित जिला अस्पताल में हुआ था। जन्म के बाद से ही बच्ची का स्वास्थ्य सामान्य नहीं था।

परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर होने और समय पर उचित चिकित्सा व पोषण नहीं मिलने के कारण उसकी हालत लगातार बिगड़ती चली गई। विशेषज्ञों का मानना है कि जीवन के शुरुआती महीनों में पर्याप्त पोषण और नियमित स्वास्थ्य निगरानी न मिलने से ऐसे मामलों में तेजी से गिरावट आती है।

आंगनवाड़ी को थी जानकारी, फिर भी नहीं हुआ समय पर हस्तक्षेप

स्थानीय आंगनवाड़ी सहायिका को बच्ची की स्थिति की जानकारी थी, लेकिन समय रहते प्रभावी हस्तक्षेप नहीं हो सका। यह लापरवाही अब जांच के दायरे में आ गई है।

स्वास्थ्य विभाग ने मामले की जांच शुरू कर दी है कि इतनी गंभीर स्थिति के बावजूद समय पर आवश्यक कदम क्यों नहीं उठाए गए।

दो दिन पहले ही हुई थी एक और बच्ची की मौत

गौरतलब है कि इसी जिले के सुरांगी गांव में दो दिन पहले ही 4 माह की एक बच्ची की कुपोषण से मौत हो चुकी है। लगातार सामने आ रहे ऐसे मामले यह संकेत दे रहे हैं कि क्षेत्र में कुपोषण की समस्या गंभीर स्तर पर बनी हुई है और जमीनी स्तर पर योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन नहीं हो पा रहा है।

सरकारी योजनाओं पर उठ रहे सवाल

मध्यप्रदेश में कुपोषण को खत्म करने के लिए कई योजनाएं संचालित हैं, जिनमें आंगनवाड़ी सेवाएं, पोषण अभियान और NRC केंद्र शामिल हैं। बावजूद इसके, जमीनी स्तर पर बच्चों तक पोषण और स्वास्थ्य सेवाएं समय पर नहीं पहुंच पा रही हैं।

लगातार सामने आ रहे ऐसे मामलों से यह सवाल उठता है कि क्या योजनाएं केवल कागजों तक सीमित रह गई हैं या फिर उनके क्रियान्वयन में गंभीर खामियां हैं।

MP के सतना में कुपोषण का कहर जारी! 5 माह की बच्ची गंभीर हालत में, 2.3 किलो वजन के साथ रीवा रेफर
एमपी के सतना में कुपोषण से 4 माह की बच्ची की मौत, स्वास्थ्य विभाग सख्त- 7 कर्मचारियों को नोटिस
MP के सतना में कुपोषण का कहर जारी! 5 माह की बच्ची गंभीर हालत में, 2.3 किलो वजन के साथ रीवा रेफर
72 घंटे की ड्यूटी, शून्य मानवता: NHRC ने मेडिकल कॉलेजों पर कसा शिकंजा, NMC से दो सप्ताह में मांगी रिपोर्ट!
MP के सतना में कुपोषण का कहर जारी! 5 माह की बच्ची गंभीर हालत में, 2.3 किलो वजन के साथ रीवा रेफर
झारखंड: ट्रेनिंग के दौरान तबीयत बिगड़ने पर भी छुट्टी नहीं, CTC मुसाबनी में कांस्टेबल की मौत के बाद जवानों में आक्रोश!

द मूकनायक की प्रीमियम और चुनिंदा खबरें अब द मूकनायक के न्यूज़ एप्प पर पढ़ें। Google Play Store से न्यूज़ एप्प इंस्टाल करने के लिए यहां क्लिक करें.

द मूकनायक की मदद करें

‘द मूकनायक’ जनवादी पत्रकारिता करता है. यह संविधान, लोकतंत्र और सामाजिक न्याय पर चलने वाला मीडिया समूह है. अगर आप भी चाहते हैं कि ‘द मूकनायक’ हमेशा हाशिए पर खड़े लोगों की आवाज़ बुलंद करता रहे, बेजुबानों की पीड़ा दिखाते रहे तो सपोर्ट करें.

यहां सपोर्ट करें
The Mooknayak - आवाज़ आपकी
www.themooknayak.com