आज दिनभर की खबरें: छेड़छाड़ का आरोप लगा पिटाई, मैला खिलाया

आज दिनभर की खबरें: छेड़छाड़ का आरोप लगा पिटाई, मैला खिलाया

नई दिल्ली। देश के अलग-अलग राज्यों से बीते 12 घंटे में महिला उत्पीड़न, बलात्कार व हत्याओं की खबरें सामने आई हैं। राजस्थान के डीग जिले में एक विधवा को चौदह दिनों तक होटल में बंधक बनाकर सामूहिक बलात्कार की घटना सामने आई है। विधवा की रिपोर्ट पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले में एक युवक पर छेड़छाड़ का आरोप लगा मैला खिलाने का मामला सामने आया है। डूंगरपुर में बुजुर्ग किसान के साथ सरपंच ने मारपीट की है।

राजस्थान के डीग जिले से खबर है। जहां नौकरी व आवास दिलाने के बहाने कामा थाना क्षेत्र के होटल में विधवा महिला को बंधक बनाकर 14 दिन तक सामूहिक बलात्कार किया गया। इस दौरान आरोपियों ने महिला के बच्चों को भी उससे दूर रखा। सोमवार देर शाम पीड़िता आरोपियों के चुंगल से निकल कर कामा पुलिस थाने पहुंची। जहां पुलिस को आपबीती बताते हुए नामजद आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है। पीडि़ता की रिपोर्ट पर आशू, इलियास, अख्तर, जमशेद, रोजगार व जेकम पर बंधक बनाकर सामूहिक बलात्कार का मामला दर्ज किया गया है।

युवक की पिटाई व मल खिलाने का आरोप

मध्य प्रदेश के शिवपुरी से खबर है। जहां एक व्यक्ति से मारपीट कर मैला खिलाने का मामला सामने आया है। आरोपी ने इस सम्बंध में पुलिस में शिकायत दी है। पुलिस ने पांच लोगों को नामजद करते हुए प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। उधर पीड़ित युवक का आरोप है कि पुलिस ने उसकी रिपोर्ट में मल खिलाने वाली बात नहीं लिखी है।

पुलिस के अनुसार युवक शिवपुरी जिले के करैरा थाना क्षेत्र में अपनी बुआ के घर आया हुआ था। 15 सितम्बर की रात को वह घर पर सोया हुआ था। इसी दौरान बुआ का लड़का और उसके परिजन आए और उसके साथ गाली-गलौज करने लगे। पुलिस के अनुसार युवक ने इसका विरोध किया तो उसे डंडों से पीटा गया। इसके बाद आरोपी उसे घर से बाहर निकाल कर ले गए। जहां बिजली के खंभे से बांध कर पीटा। जिसके चलते युवक के सिर से खून निकलने लगा। आरोप है कि आरोपियों ने उसे जबरन मल खिलाया। पीड़ित ने करैरा पुलिस थाने में रिपोर्ट लिखाई है। पुलिस की माने तो पीड़ित पर एक महिला के साथ छेड़छाड़ का आरोप है।

कानपुर में आठ साल की बच्ची से बलात्कार

उत्तर प्रदेश के कानपुर शहर से खबर है। जूही थाना क्षेत्र में अपने घर के बाहर खेल रही 8 वर्षीय बच्ची को चॉकलेट खिलाने के बहाने घर ले जाकर एक अधेड़ ने बलात्कार किया। घटना का पता चलने पर परिजनों ने आरोपी की पिटाई कर पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। शहर के साउथ में जूही थाना क्षेत्र के अंतर्गत रहने वाले बिहार के एक युवक ने पुलिस को बताया कि बीते एक माह से वह रोजगार की तलाश में इधर-उधर भटक रहा है। क्षेत्र की एक कॉलोनी में पत्नी व चार बच्चों के साथ किराए के मकान में रहता है। दोपहर में उसकी आठ साल की बेटी अपने भाई के साथ घर के बाहर खेल रही थी। इस दौरान मोहल्ले में रहने वाला अधेड़ लाखन वहां पहुंचा। बेटी को चॉकलेट खिलाने के बहाने अपने घर ले गया। दो घंटे बाद भी बच्ची नहीं लौटी तो तलाश शुरू की। तलाशी के दौरान बेटी बदहवाश हालत में अधेड़ आरोपी के घर के पास मिली। बच्ची ने रोते हुए उसके साथ हुई घटना बताई। इस पर आरोपी को पकड़ कर पुलिस के हवाले कर दिया।

लखनऊ के पॉश इलाके में विदेशी संदिग्ध महिलाएं पकड़ी

उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के पॉश इलाके में एक अपार्टमेंट के फ्लैट में मंगलवार सुबह पुलिस ने छापेमारी की। इस दौरान पुलिस को फ्लैट में तीन विदेशी संदिग्ध महिलाएं मिली है। यह युवतियां थाईलैण्ड और नेपाल की बताई जा रही है। पुलिस को अपार्टमेंट के लोगों ने डायल 112 पर शिकायत की थी। लोगों की शिकायत प पुलिस ने मौके पर पहुंच कर कार्रवाई की। विदेशी युवतियों को पुलिस थाने लाकर पूछताछ कर रही है। डीसीपी साउथ शशांक सिंह अनुसार अपार्टमेंट के एक फ्लैट में कई दिनों से संदिग्ध गतिविधयां चल रही थीं। विदेशी महिलाओं का आना-जाना लगा रहता है। अपार्टमेंट में रहने वाले लोगों को विदेशी महिलाओं की गतिविधियों को लेकर संदेह हुआ। इस मंगलवार को अपार्टमेंट के पदाधिकारी द्वार एक फ्लैट में संदिग्ध महिलाओं के होने की सूचना दी गई थी। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने पड़ताल की तो वहां तीन विदेशी युवतियां मिली। जिनके पासपोर्ट और वीजा की जांच की गई। तीन महिलाओं में से एक महिला तो एक दिन पहले ही थाईलैण्ड से आई थी। पुलिस के अनुसार यह महिलाएं यहां आकर क्या करती है। इन्हें यहां कौन लेकर आया था। इसके पीछे के क्या कारण है। इन सब की पुलिस गहनता से जांच कर रही है।

डूंगरपुर में बुजुर्ग किसान से मारपीट

डूंगरपुर जिले के चौरासी थानांतर्गत गडारोद गांव में सरपंच लीलाराम गमेती द्वारा एक 75 वर्षीय किसान को पोल के बांध कर मारपीट के मामले में पुलिस ने बीते दिवस सोमवार को एफआईआर दर्ज कर ली है। सरपंच लालाराम गमेती व हाजा रोत को नामजद करते हुए पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। चौरासी थाने के हेडकांस्टेबल निर्मल कुमार ने बताया कि 75 वर्षीय नानजी डेंडोर थाने में आकर लीलाराम गमेती व हाजा रोत निवासी गडारोदा के खिलाफ मारपीट कर धमकी देने का आरोप लगाते हुए प्राथमिकी दर्ज कराई है। आरोप है कि सरपंच ने 15 सितम्बर को उसे घर के बाहर बुलाया और पकड़ कर रस्सी से पोल के बांध दिया। आरोपी ने उसके साथ मारपीट भी की। सरपंच उसकी खातेदारी जमीन को बिना नाम की बता कर झगड़ा कर रहा था। सरपंच बुजुर्ग की भूमि से सड़क बनाना चाहता है, लेकिन पीडि़त इसका विरोध कर रहा है। किसान ने बताया कि सरपंच की अपात्ति के बाद पटवारी ने सीमाज्ञान किया था। उस वक्त भी पीड़ित की खातेदारी भूमि निकली थी। पुलिस के अनुसार मामले की जांच की जा रही है। मारपीट का वीडियो वायरल हुआ है। इसके आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

आज दिनभर की खबरें: छेड़छाड़ का आरोप लगा पिटाई, मैला खिलाया
मणिपुर हिंसा ग्राउंड रिपोर्ट: दवाई, पेट्रोल, खाद्य सामग्री की कमी से जूझ रहा ट्राइबल बाहुल्य चुराचांदपुर, सप्लाई चेन ब्रेक
आज दिनभर की खबरें: छेड़छाड़ का आरोप लगा पिटाई, मैला खिलाया
मणिपुर हिंसा ग्राउंड रिपोर्ट: रिलीफ कैम्प में गंभीर बीमारियों से जूझ रहीं ये कुकी महिलाएं, तीन लाख आबादी के बीच एक सरकारी अस्पताल
आज दिनभर की खबरें: छेड़छाड़ का आरोप लगा पिटाई, मैला खिलाया
मणिपुर हिंसा ग्राउंड रिपोर्ट: “किताबें और यूनिफॉर्म जल गए, हम फिर से अपने घर और स्कूल लौटना चाहते हैं”

द मूकनायक की प्रीमियम और चुनिंदा खबरें अब द मूकनायक के न्यूज़ एप्प पर पढ़ें। Google Play Store से न्यूज़ एप्प इंस्टाल करने के लिए यहां क्लिक करें.

The Mooknayak - आवाज़ आपकी
www.themooknayak.com