अब तक की खबरेंः बालिका संग दुष्कर्म में सौतेले पिता को बीस वर्ष की सजा

देश के अलग-अलग हिस्सों से पिछले 24 घंटों में मानवीय रिश्तों को तार-तार कर देने वाली घटनाएं सामने आई हैं। इनमें सर्वाधिक घटनाएं उत्तर प्रदेश में दर्ज की गई है।
अब तक की खबरेंः बालिका संग दुष्कर्म में सौतेले पिता को बीस वर्ष की सजा

नई दिल्ली। यूपी के अलीगढ़ जिले में लोधा क्षेत्र में नौ वर्ष की बालिका संग सौतेले पिता द्वारा दुष्कर्म की दस माह पुरानी घटना में सजा सुना दी गई है। मामले में आरोपी को बीस वर्ष कैद व जुर्माने से दंडित किया है। हाईकोर्ट के निर्देश और मिशन शक्ति अभियान के तहत यह फैसला एडीजे विशेष पॉक्सो सुरेंद्र मोहन सहाय की अदालत ने सुनाया है।

एडीजीसी महेश सिंह के अनुसार घटना एक अक्तूबर 2022 की है। मूल रूप से फिरोजाबाद की महिला ने मुकदमा दर्ज कराते हुए बताया कि उसकी शादी हाथरस में हुई थी। उस पर एक बेटा व एक बेटी है। घटना से दो साल पहले उसके पति की मौत हो गई। इसके बाद उसने लोधा क्षेत्र के देवकरन से संपर्क होने पर उसके साथ पत्नी के रूप में रहने लगी।

घटना वाले दिन वह खेत पर धान पीटने गई थी। तभी आरोपी देवकरन ने उसकी नौ वर्षीय बेटी को कमरे में बंद कर उसके साथ दुष्कर्म किया। न्यायालय में सत्र परीक्षण के दौरान साक्ष्यों व गवाही के आधार पर उसे दोषी करार देते हुए बीस वर्ष कैद व तीस हजार रुपये जुर्माने से दंडित किया गया। जिसमें से 35 हजार रुपए पीड़ित को देने के आदेश दिए हैं।

गाजियाबादः नौ साल की बेटी से सौतेले पिता ने किया दुष्कर्म

यूपी के गाजियाबाद शहर के कौशांबी थाना क्षेत्र की एक कालोनी में सौतेले पिता ने नौ साल की मासूम बेटी से दुष्कर्म किया। सोमवार को कौशांबी थाने पहुंचकर मां ने पति के खिलाफ शिकायत दी। पुलिस ने दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट का मुकदमा दर्ज कर उसे दिल्ली बॉर्डर से गिरफ्तार कर लिया। कॉलोनी के एक फ्लैट में महिला मजदूरी कर परिवार पालती है। उसका पति भी मजदूरी कर पैसे नशे में खर्च कर देता है। दो-तीन दिन से वह काम पर नहीं जा रहा था। शनिवार को महिला ने उससे काम पर जाने के लिए पूछा तो वह थोड़ी देर में जाने का बहाना बनाकर कमरे में लेटा रहा। जब वह काम पर निकल गई तो आरोपी ने गेट बंद कर घिनौनी हरकत की। शाम को महिला घर पहुंची तो मासूम बच्ची ने आपबीती बताई। महिला कौशांबी थाने पहुंची और लिखित शिकायत देकर पति के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया।

हरियाणवी कलाकार को बंधक बनाकर दुष्कर्म

हरियाणा के हिसार जिले की एक कलाकार से यूपी के गाजियाबाद जिले के मोदीनगर निवासी आशु मलिक पर शहर के एक होटल में दुष्कर्म के आरोप लगे हैं। आरोपी ने अश्लील फोटो खींचे और वीडियो बना लिया। कई दिनों तक रोहतक में एक फ्लैट में बंधक बनाकर शारीरिक संबंध बनाए। गर्भवती होने पर गोली देकर गर्भपात करवाया। विरोध करने पर पिटाई की, उसका दांत तोड़ दिया। इस संबंध में महिला थाना पुलिस ने आशु मलिक समेत तीन के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

फार्मासिस्ट ने स्वीपर से मरीज को इंजेक्शन लगवाया, महिला की मौत

यूपी के प्रतापगढ़ के लालगंज कस्बा स्थित सरकारी अस्पताल के ट्रामा सेंटर में इलाज के लिए पहुंची एक बुजुर्ग महिला की अचानक मौत हो गई। परिजनों का आरोप है कि ड्यूटी पर तैनात फार्मासिस्ट ने गंभीर रूप से बीमार महिला को स्वीपर से इंजेक्शन लगवाया। इससे महिला की मौत हो गई। इसके बाद परिजनों ने पैरामेडिकल स्टाफ पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए घंटों हंगामा किया। लालगंज कोतवाली के भटनी निवासी श्रीपाल सरोज के बेटे रवि कुमार ने पुलिस को दी गई तहरीर मे कहा कि सोमवार को सुबह साढ़े 7 बजे वह अपनी मां राजकुमारी को सांस लेने में दिक्कत होने पर ट्रामा सेंटर इलाज के लिए लेकर गया था।

रवि का आरोप है कि वहां मौजूद मिले फार्मासिस्ट देवकुमार दुबे ने उसकी बीमार मां का स्वास्थ्य परीक्षण किया। रवि का आरोप है कि फार्मासिस्ट देवकुमार दुबे ने अस्पताल में मौजूद स्वीपर को भेजकर उसकी मां को इंजेक्शन लगवा दिया। आधे घंटे बाद राजकुमारी की मौत हो गई। जानकारी मिलने पर दारोगा अनीस यादव फोर्स के साथ ट्रामा सेण्टर पहुंचे। इसके बाद किसी तरह से परिजनों को शांत कराया गया। पुलिस ने तहरीर लेकर मृतका के शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भिजवाया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है।

द मूकनायक की प्रीमियम और चुनिंदा खबरें अब द मूकनायक के न्यूज़ एप्प पर पढ़ें। Google Play Store से न्यूज़ एप्प इंस्टाल करने के लिए यहां क्लिक करें.

Related Stories

No stories found.
The Mooknayak - आवाज़ आपकी
www.themooknayak.com