
नई दिल्ली। देश भर से बीते 24 घंटों में दलित अत्याचार, महिला उत्पीड़न, बलात्कार व हत्या की घटनाएं सामने आई हैं। राजस्थान में महंगा मोबाइल, कार रखने व जातिवादियों की गुलामी से इनकार करने पर एक दलित युवक को पीटा गया। राजस्थान के ही बायतु जिले में एक राजनीति पार्टी का जयकारा नहीं लगा कर जयभीम का नारा लगाने पर आदिवासी युवक की पिटाई कर दी गई। उत्तर प्रदेश में महिला के साथ बलात्कार के बाद जहरखुरानी से दंपति की मौत का मामला सामने आया है। मुम्बई में विमंदित नाबालिग से चलती कार में बलात्कार की घटना हुई।
मैं दलित हूं। सरकारी टीचर हूं। मेरा बेटा बीपीएड की पढ़ाई किए हुए है। हमारा रहन-सहन जातिवादियों को पसंद नहीं था। मेरा बेटा लग्जरी कार व महंगा फोन रखता है। इसी बात से नाराज जातिवादियों ने मेरे बेटी पर जानलेवा हमला किया है। प्रार्थी का पुत्र अभी भी अस्पताल में भर्ती है। यह कहना है जालौर जिले के बशनगढ़ रहने वाले सुरेन्द्र कुमार वाल्मिकी का, जोकि सरकारी स्कूल में अध्यापक के पद पर कार्यरत है। घटना को लेेकर पीडि़त ने बिशनगढ़़ पुलिस थाने में समुद्र सिंह राजपूत निवासी बिशनगढ़ व प्रीण कुमार सैन निवासी मसतीपुरा को नामजद करते हुए 6-7 अन्य के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है। घटना 20 सितंबर की बताई गई है।
राजस्थान के बालोतरा जिलांतर्गत बायतु थाना क्षेत्र में गांव में आटे की थैली लेकर घर जा रहे आदिवासी युवक को रोक कर कुछ बदमाशों ने उससे एक राजनीतिक पार्टी व पार्टी मुखिया की जय बोलने के लिए दबाव दिया। इस पर पीडि़त ने जयभीम का नारा लगा दिया। इससे नाराज होकर आरोपियों ने आदिवासी युवक की पिटाई कर दी।
इस सम्बंध में पीडि़त युवक पुखराज पुत्र खनूराम भील निवासी अकड़दा ने जोगाराम जाट व उदाराम निवासी खोथो की ढाणी को नामजद करते हुए एक अन्य के खिलाफ बायतु पुलिस थाने में शिकायत दी है।
उत्तर प्रदेश के बस्ती में पति-पत्नी के साथ जघन्य वारदात सामने आई है। यहां पहले महिला से रेप किया गया। उसके बाद उसको और उसके पति दोनों को जहर खिलाया गया। इलाज के दौरान दंपति की मौत हो गई। स्थानीय लोगों ने परिजनों को घटना की सूचना दी। इसके बाद दंपति को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रुधौली ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। इलाज के दौरान सुबह साढ़े दस बजे के लगभग नवल किशोर की मौत हो गई। वहीं पत्नी को बीआरडी मेडिकल कॉलेज गोरखपुर रेफर कर दिया गया। जहां इलाज के दौरान उसकी भी मौत हो गई।
मृतक नवल किशोर आदर्श सिंह के यहां ड्राइविंग का काम करता था। आदर्श सिंह अपने साथी के साथ ड्राइवर की पत्नी से जबरदस्ती करता था। विरोध करने के बाद भी आदर्श और उसके सहयोगी अपनी हरकत से बाज नहीं आ रहे थे। आरोपियों ने ड्राइवर की पत्नी का रेप किया। पति-पत्नी की मौत के बाद पुलिस अधीक्षक गोपाल कृष्ण चौधरी ने मौके पर पहुंच कर उक्त दोनों आरोपियों को हिरसात में ले लिया है। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि बच्चों द्वारा सूचना मिली कि आदर्श सिंह और त्रिलोकी ने उनकी मां का रेप कर जहर दे दिया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर उचित कार्रवाई की जाएगी।
महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई में 18 सितम्बर को शर्मनाक घटना सामने आई है। मुम्बई के दक्षिण क्षेत्र में एक चलती टैक्सी में विमंदित लड़की के साथ रेप हुआ। जानकारी के मुताबिक पुलिस ने 14 साल की नाबालिग से रेप करने के आरोप में टैक्सी चालक सहित दो लोगों को अरेस्ट किया है।
पुलिस के अनुसार यह घटना 18 सितंबर की सुबह उस समय हुई थी जब नाबालिग अपने माता-पिता से कहासुनी होने के बाद उपनगरीय मालवाणी में अपने रिश्तेदार के घर जा रही थी। जैसे ही लडकी सेंट स्टीफन चर्च से टैक्सी में बैठी तो चालक को लगा कि वह मानसिक रूप से ठीक नहीं है। उसने दादर में अपने दोस्त सलमान को टैक्सी में बैठाया। पुलिस अधिकारी ने बताया कि सलमान ने दादर और सांताक्रूज के बीच टैक्सी की पिछली सीट पर लडकी के साथ कथित तौर पर रेप किया। रेप के बाद आरोपियों ने पीडि़ता को सांताक्रूज छोड़ दिया।
द मूकनायक की प्रीमियम और चुनिंदा खबरें अब द मूकनायक के न्यूज़ एप्प पर पढ़ें। Google Play Store से न्यूज़ एप्प इंस्टाल करने के लिए यहां क्लिक करें.
‘द मूकनायक’ जनवादी पत्रकारिता करता है. यह संविधान, लोकतंत्र और सामाजिक न्याय पर चलने वाला मीडिया समूह है. अगर आप भी चाहते हैं कि ‘द मूकनायक’ हमेशा हाशिए पर खड़े लोगों की आवाज़ बुलंद करता रहे, बेजुबानों की पीड़ा दिखाते रहे तो सपोर्ट करें.
यहां सपोर्ट करें