
भोपाल। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव के गृह जिले उज्जैन से मानवता को शर्मसार करने वाला एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां बदमाशों ने एक डीजे ऑपरेटर युवक को बीच सड़क पर घेरकर लाठी-डंडों से बेरहमी से पीटा। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पूरे इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल बन गया है। वायरल वीडियो मात्र 26 सेकंड का है, लेकिन इस दौरान युवक पर करीब 50 से 60 बार हमला किया गया। वीडियो में साफ दिखाई दे रहा है कि युवक जमीन पर गिरा हुआ है और 6 से 7 बदमाश लगातार उस पर डंडों से वार कर रहे हैं। युवक दर्द से चीखता-चिल्लाता रहा, लेकिन हमलावरों का गुस्सा कम नहीं हुआ।
घटना उज्जैन जिले के भैरवगढ़ थाना क्षेत्र के पिपलियाहाना गांव की बताई जा रही है। पीड़ित युवक की पहचान 29 वर्षीय संदीप कुमावत के रूप में हुई है, जो शादी समारोहों में डीजे बजाने का काम करता है। बताया जा रहा है कि रुपए के पुराने लेनदेन और आपसी रंजिश के चलते इस वारदात को अंजाम दिया गया। वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस प्रशासन पर कार्रवाई का दबाव बढ़ा, जिसके बाद भैरवगढ़ पुलिस ने चार आरोपियों को हिरासत में लिया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
शराब पीने के लिए मांगे 5 हजार रुपए, मना करने पर हमला
पीड़ित संदीप कुमावत ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि कुछ समय पहले अर्जुन और लखन नाम के युवकों के बीच विवाद हुआ था। उस दौरान उसने बीच-बचाव करने की कोशिश की थी। इसी बात को लेकर आरोपी उससे रंजिश रखने लगे थे। संदीप के अनुसार, घटना वाले दिन वह ग्राम ढाबला धुता में भैरू महाराज मंदिर के पास पहुंचा था, तभी वहां पहले से मौजूद लखन, रूपेश, बंटी, कुलदीप, धर्मेंद्र और उनके अन्य साथियों ने उसे रोक लिया।
आरोप है कि बदमाशों ने उससे शराब पीने के लिए 5 हजार रुपए मांगे। जब संदीप ने रुपए देने से इनकार किया, तो आरोपियों ने उसे घेर लिया और लाठी-डंडों से हमला शुरू कर दिया। वायरल वीडियो में हमलावर युवक को जमीन पर गिराकर लगातार पीटते नजर आ रहे हैं। वीडियो की भयावहता ने लोगों को झकझोर कर रख दिया है।
छह महीने पहले भी हो चुकी थी मारपीट, गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती रहा युवक
जानकारी के अनुसार, आरोपियों ने करीब छह महीने पहले भी संदीप के साथ मारपीट की थी। उस समय भी उसे धमकाया गया था। इस बार की घटना में संदीप को गंभीर चोटें आईं, जिसके बाद उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया। परिवार के मुताबिक, युवक करीब पांच दिन तक अस्पताल में भर्ती रहा और उसकी हालत काफी गंभीर थी।
घटना के बाद एक और चौंकाने वाली बात सामने आई है। बताया जा रहा है कि पिटाई के बाद से संदीप घर नहीं लौटा है। परिवार और स्थानीय लोगों का कहना है कि युवक पिछले कई दिनों से लापता है, जिससे मामले को लेकर और भी गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। हालांकि पुलिस इस संबंध में जांच कर रही है।
वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आई, छह नामजद आरोपी
उज्जैन एसपी प्रदीप शर्मा ने बताया कि यह घटना 11 मई की है। पीड़ित संदीप कुमावत की शिकायत पर उसी रात करीब 9 बजे भैरवगढ़ थाना पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली थी। पुलिस ने मामले में छह नामजद आरोपियों को शामिल किया है। इनमें लखन, रूपेश, बंटी, कुलदीप, धर्मेंद्र और अर्जुन के नाम सामने आए हैं।
एसपी के मुताबिक शुरुआती जांच में पुराने लेनदेन और आपसी विवाद की बात सामने आई है। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को हिरासत में लिया। बाकी फरार आरोपियों की तलाश के लिए दबिश दी जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले में सख्त कार्रवाई की जाएगी।
कांग्रेस का आरोप- ‘ढाबा गैंग’ के नाम से सक्रिय हैं आरोपी युवक
घटना को लेकर अब राजनीतिक बयानबाजी भी शुरू हो गई है। कांग्रेस नेता हेमंत सिंह चौहान ने वायरल वीडियो को अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर साझा करते हुए गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि “ढाबा गैंग” नाम से करीब 12 युवक इलाके में सक्रिय हैं, जो ढाबला फंटा स्थित ढाबों पर बैठकर लोगों को डराने-धमकाने, हफ्तावसूली और मारपीट जैसी घटनाओं को अंजाम देते हैं।
हेमंत सिंह चौहान ने दावा किया कि आरोपियों ने खुद ही यह वीडियो वायरल किया था। दरअसल, वे किसी दूसरे युवक को यह वीडियो भेजकर उसे भी इसी तरह पीटने की धमकी दे रहे थे। वहीं से वीडियो सोशल मीडिया पर फैल गया। कांग्रेस नेता ने यह भी कहा कि संदीप पिटाई के बाद से घर नहीं लौटा है और वह पिछले 11 दिनों से लापता बताया जा रहा है।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और फरार आरोपियों की तलाश जारी है। वहीं वायरल वीडियो अब पूरे प्रदेश में चर्चा का विषय बना हुआ है।
द मूकनायक की प्रीमियम और चुनिंदा खबरें अब द मूकनायक के न्यूज़ एप्प पर पढ़ें। Google Play Store से न्यूज़ एप्प इंस्टाल करने के लिए यहां क्लिक करें.
‘द मूकनायक’ जनवादी पत्रकारिता करता है. यह संविधान, लोकतंत्र और सामाजिक न्याय पर चलने वाला मीडिया समूह है. अगर आप भी चाहते हैं कि ‘द मूकनायक’ हमेशा हाशिए पर खड़े लोगों की आवाज़ बुलंद करता रहे, बेजुबानों की पीड़ा दिखाते रहे तो सपोर्ट करें.
यहां सपोर्ट करें