
नई दिल्ली। द मूकनायक मॉर्निंग न्यूज ब्रीफ में पढ़ें कोर्ट में बहस के बाद पति ने की आंख फोड़ने की कोशिश, दहेज में नहीं दी बाइक तो ससुरालवालों ने नई-नवेली दुल्हन को दिया जहर, अल्मोड़ा में इंस्टीट्यूट पर तालाबंदी कर सड़कों पर उतरे होटल मैनेजमेंट के छात्र और भी ख़बरों में बहुत कुछ।
उत्तर प्रदेश के बरेली में पति पत्नी के बीच चल रहे मुकदमे में बहस होने से पति इस कदर नाराज हुआ कि उसने पत्नी को रास्ते में घेरकर उसकी आंख फोड़ने की कोशिश की। पत्नी ने पति के खिलाफ कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज करायी है। सिविल लाइन निवासी प्रियंका का पति अभिषेक से परिवारिक न्यायालय में मुकदमा चल रहा है। मुकदमे में अभिषेक खुद जिरह कर रहा था। जिरह के दौरान अभिषेक पत्नी प्रियंका से नाराज हो गया। कोर्ट के बाहर निकलकर अभिषेक स्टेशन रोड पर प्रियंका का इंतजार करने लगा। अभिषेक ने प्रियंका को केस वापस लेने के लिए कहा। मना करने पर अभिषेक ने उसकी पिटाई कर दी और आंख फोड़ने की कोशिश की। अभिषेक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गयी है।
उत्तर प्रदेश के झांसी में दहेज में बाइक नहीं देने पर एक नई-नवेली दुल्हन को जहर देकर उसकी हत्या कर दी गई। महिला ने मौत से पहले अपने बयान में ससुराल वालों पर जहर देने का आरोप लगाया था। महिला की शादी सिर्फ 4 महीने पहले हुई थी। घटना झांसी जिले के बरुआसागर थाना क्षेत्र की है। पुलिस ने मृतक महिला के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है।
दरअसल बरुआसागर के खडेश्वर गांव में रहने वाले अशोक कुशवाहा की शादी 20 साल की दिव्या उर्फ विद्या रायक्वार से इस साल जून महीने में हुई थी। पांच बहनों में दिव्या सबसे छोटी थी। उसके पिता ने बताया कि उन्होंने अपनी हैसियत के हिसाब से शादी में दान दहेज भी दिया था लेकिन उसके ससुराल वाले इससे खुश नहीं थे। मृतक दिव्या के पिता ग्यासी ने बताया कि उसके ससुराल वाले लगातार दहेज में बाइक की मांग कर रहे थे। कई बार उन्हें समझाने का प्रयास किया लेकिन वह नहीं मान रहे थे। 14 अक्टूबर को दिव्या का भाई अपनी भांजी रोहिनी के साथ बहन से मिलने उसके सुसराल गया था।
उत्तराखंड के अल्मोड़ा के होटल मैनेजमेंट इंस्टीट्यूट से सामने आया है। यहां पर टीचरों की कमी के चलते छात्रों ने होटल मैनेजमेंट संस्थान में तालाबंद कर दिया है। जगत सिंह बिष्ट राजकीय होटल मैनेजमेंट इंस्टीट्यूट साल 1991 में स्थापित हुआ था और यहां पर विभिन्न राज्यों के बच्चे पढ़ाई करने के लिए आते हैं। अल्मोड़ा के होटल मैनेजमेंट में फैकल्टी की कमी होने के चलते बच्चों ने धरना प्रदर्शन शुरू कर सड़कों पर उतर आए हैं।
उत्तराखंड में दो ही सरकारी होटल मैनेजमेंट के संस्थान हैं, देहरादून और अल्मोड़ा में। अल्मोड़ा होटल मैनेजमेंट इंस्टीट्यूट में टीचरों की कमी होने के चलते बच्चों ने धरना प्रदर्शन कर कॉलेज में तालेबंदी कर दी और यहां के छात्र सड़कों पर उतर आए। छात्रों में काफी आक्रोश देखने को मिला. यहां पर पढ़ने वाले छात्रों ने बताया कि होटल मैनेजमेंट में 9 शिक्षकों की जरूरत है, पर सिर्फ दो ही टीचर वर्तमान में बच्चों को पढ़ा रहे हैं, जिस वजह से उनकी पढ़ाई पर काफी असर पड़ रहा है। उनका कहना है कि अगर जल्द ही शिक्षकों की तैनाती नहीं हुई, तो वह प्रदर्शन को जारी रखेंगे।
द मूकनायक की प्रीमियम और चुनिंदा खबरें व्हाट्सअप पर प्राप्त करने के लिए आप हमारे व्हाट्सअप ग्रुप से भी जुड़ सकते हैं। व्हाट्सअप ग्रुप से जुड़ने के लिए यहां क्लिक करें.