काम के घंटे, वेतन तय हो और मिले सामाजिक सुरक्षा: घरेलू महिला कामगार

संगोष्ठी में मौजूद घरेलू महिला कामगार [फोटो- अरुण कुमार वर्मा, द मूकनायक]
संगोष्ठी में मौजूद घरेलू महिला कामगार [फोटो- अरुण कुमार वर्मा, द मूकनायक]

लखनऊ। विज्ञान फाउंडेशन व एक्शनएड संस्था की ओर से अंतरराष्ट्रीय घरेलू महिला कामगार दिवस के अवसर पर गुरुवार को इंदिरा नगर स्थित आईसीसीएमआरटी सभागार में "कामगार महिलाओं की सामाजिक सुरक्षा, सम्मान एवं उनके जीविकोपार्जन के अधिकार" विषय पर संगोष्ठी आयोजित हुई। इस दौरान पार्षद रूपाली गुप्ता, एडिशनल लेबर कमिश्नर सरजू राम, पूर्व एडिशनल लेबर कमिश्नर बीके राय व समाज सेवी ताहीरा हसन सहित बड़ी संख्या में घरेलू महिला कामगार उपस्थित रहीं।

कार्यक्रम की शुरूआत अतिथियों ने दीप प्रज्जवलित कर की। इसके पश्चात छोटी जुगौली निवासी घरेलू महिला कामगार ममता ने कामकाजी जीवन में आने वाली चुनौतियों को साझा किया। ममता ने बताया कि, घरेलू महिला कामगारों के काम के घंटे व मेहनताना तय नहीं है। इससे उनका आर्थिक शोषण होता है। उन्होंने कामगारों को सामाजिक सुरक्षा योजनाओं से जोड़ने की मांग की। इसीप्रकार तकरोही से नीलम कश्यप व हुसडि़या निवासी प्रेमा देवी ने भी विचार व्यक्त किए।

पैनल में शामिल मुख्य वक्ता व भारतेन्दु हरिश्चंद वार्ड पार्षद रूपाली गुप्ता ने कहा कि, घरेलू कामगार महिलाओं को सामाजिक सुरक्षा से जोड़ने के लिए राज्य सरकार व केन्द्र सरकार प्रयासरत है। उन्होंने उज्जवला योजना का उदाहरण देते हुए बताया कि, सरकार महिलाओं को कल्याणकारी योजनाओं से जोड़ने के लिए प्रयासरत है।

संगोष्ठी में मंचासीन अतिथि [फोटो- अरुण कुमार वर्मा, द मूकनायक]
संगोष्ठी में मंचासीन अतिथि [फोटो- अरुण कुमार वर्मा, द मूकनायक]

इसीप्रकार ख्यात समाजसेवी ताहिरा हसन ने महिला कामगारों का आह्वान करते हुए कहा कि, घरेलू कामगार महिलाएं एकजुट और संगठित होकर अपनी मांगों को सरकार के सामने रखें।

एडिशनल लेबर कमिश्नर सरजू राम ने श्रम नियमों की जानकारी देते हुए बताया कि, घरेलू महिला कामगार न्योक्ता द्वारा किए जा रहे किसी भी आर्थिक व शारीरिक शोषण की शिकायत श्रम विभाग व संबंधित एजेंसियों को कर सकती हैं। ऐसे मामले में त्वरित कार्रवाई की जाएगी।

सेवानिवृत्त एडिशनल लेबर कमिश्नर बीके राय ने कहा कि, केन्द्र सरकार घरेलू महिला कामगारों को सामजिक सुरक्षा से जुड़ी योजनाओं से जोड़ने के लिए ई-श्रम पोर्टल पर पंजीयन कर रही है। कामगारों को दो लाख रूपए तक का बीमा कवर मिलेगा। वहीं जल्द ही नि:शुल्क इलाज योजना से जोड़ा जाएगा।

घरेलू महिला कामगार को स्मृति चिन्ह देते अतिथि [फोटो- अरुण कुमार वर्मा, द मूकनायक]
घरेलू महिला कामगार को स्मृति चिन्ह देते अतिथि [फोटो- अरुण कुमार वर्मा, द मूकनायक]

संगोष्ठी का औपचारिक समापन करते हुए विज्ञान फाउंडेशन के संदीप खरे ने उपस्थित घरेलू कामगार महिलाओं को अपने बच्चों को शिक्षा से जोड़ने व संगठित होने का आह्वान किया, और अतिथियों को धन्यवाद ज्ञापित किया।

कार्यक्रम का संचालन अरुण कुमार वर्मा ने किया। संगोष्ठी में ऋचा चंद्रा, गुरू प्रसाद, अमरसिंह यादव, वीरेन्द्र गुप्ता, गौरव गौतम, अदनान खान, गीतिका सिंह, शाह बख्श सिंह, उषा देवी, रामरक्षा यादव आदि उपस्थित रहे।

द मूकनायक की प्रीमियम और चुनिंदा खबरें अब द मूकनायक के न्यूज़ एप्प पर पढ़ें। Google Play Store से न्यूज़ एप्प इंस्टाल करने के लिए यहां क्लिक करें.

Related Stories

No stories found.
The Mooknayak - आवाज़ आपकी
www.themooknayak.com