सरयू में पति ने नहाते समय पत्नी को माथे पर चूमा था, लोगों ने शुरू कर दी पिटाई। पुलिस ने मामले को संज्ञान लेकर खुद दर्ज की FIR
यूपी/अयोध्या। यूपी के अयोध्या की सरयू नदी में अपनी पत्नी के साथ आस्था की डूबकी लगाते समय पति ने पत्नी को माथे पर चूम लिया। वहीं राम और सीता को पूजने वाले रामजन्मभूमि पहुंचे रामभक्तों की भीड़ भी सरयू में स्नान कर रही थी। पति की इस हरकत को देखकर मौके पर मौजूद लोगों ने अश्लीलता का आरोप लगाते हुए उसकी पिटाई कर दी, और महिला के साथ अभद्रता की। इसका एक वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है। कोतवाली अयोध्या पुलिस ने मामले को खुद संज्ञान में लेते हुए, जोड़ों के साथ अभद्रता करने व पति की पिटाई करने वाले आरोपियों के खिलाफ FIR दर्ज की है।
क्या है पूरा मामला?
यूपी के अयोध्या में यह घटना 21 जून मंगलवार सुबह की बताई जा रही है, जिसका वीडियो मंगलवार रात सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। राम जन्मभूमि के सरयू नदी के राम की पैड़ी पर स्नान करते समय पति ने पत्नी को चूम लिया था। यह देख वहां मौजूद कई लोगों ने आपत्ति जताई और कहा कि ऐसी हरकतें यहां नहीं चलेंगी। लोग इतने पर ही नहीं रुके, उन्होंने पति को पहले नदी में घेरकर पकड़ा, फिर घसीटते हुए पानी से बाहर लाए और जमकर पिटाई कर दी।
घटना के दो वीडियो सामने आए
यह घटना 21 जून मंगलवार सुबह की है। राम की पैड़ी पर मंगलवार को योग-डे पर योगाभ्यास हुआ। केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव भी कार्यक्रम में शामिल हुए थे। बताया जा रहा है कि, मंत्री के जाने के दो घंटे बाद की यह घटना है। देर रात इससे जुड़े दो वीडियो भी सामने आ गए। इसमें नहाते समय पति अपनी पत्नी को किस करता दिख रहा है। दूसरे में उसकी पिटाई की जा रही है।
पत्नी के सामने पति की पिटाई, भीड़ देख रही थी तमाशा
करीब 30 साल की उम्र के पति को 20 मिनट तक कई लोगों ने घेर कर पीटा। इससे उसके चेहरे, कंधे और पीठ पर चोटें आई हैं। इस दौरान पत्नी अपने पति को छुड़ाने के लिए रोती- गिड़गिड़ाती रही, लेकिन उसकी किसी ने भी नहीं सुनी। वहां मौजूद अन्य लोग इस घटना का वीडियो बनाते रहे।
सरयू में आसपास परिवार के साथ अन्य लोग भी नहा रहे थे
आपत्ति जताने वालों का कहना था कि, उनके परिवार भी वहीं मौजूद थे, ऐसे में पति-पत्नी का अश्लीलता फैलाना उन्हें सहन नहीं हुआ। लोगों ने आपत्ति जताते हुए कहा कि सार्वजनिक जगहों पर ऐसी अभद्रता नहीं करनी चाहिए। सूचना पर पहुंचे लक्ष्मण घाट चौकी के पुलिसकर्मियों ने मामले में कुछ भी बोलने से मना कर दिया।
प्रभारी निरीक्षक कोतवाली अयोध्या ने बताया, "वायरल वीडियो को संज्ञान में लेकर FIR दर्ज की गई है। जिनके साथ यह घटना घटी उनसे संपर्क करने का प्रयास किया जा रहा है। वायरल वीडियो में दिख रहे लोगों की पहचान आसपास मौजूद लोगों से कराई जा रही है।"
द मूकनायक की प्रीमियम और चुनिंदा खबरें अब द मूकनायक के न्यूज़ एप्प पर पढ़ें। Google Play Store से न्यूज़ एप्प इंस्टाल करने के लिए यहां क्लिक करें.